Madhya Pradesh Assembly Election 2023 : सीट बंटवारे पर 'INDIA' के घटक दलों के बीच बात नहीं बन पा रही है। समाजवादी पार्टी के बाद नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल-यूनाइटेड ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपने पांच उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी आगे भी अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर सकती है। कांग्रेस से सीटों पर सहमति नहीं बनने पर सपा अब तक अपने 42 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। मध्य प्रदेश में विधानसभा की 230 सीटों के लिए 17 नवंबर को मतदान होगा और नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे।
मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को मतदान
जद (यू) के राष्ट्रीय महासचिव अफाक अहमद खान के एक बयान के अनुसार, मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए यह पार्टी की ओर से जारी पहली सूची है। मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को सभी 230 सीट के लिए मतदान होगा। जद (यू) के पांच उम्मीदवारों में चंद्रपाल यादव (पिछोर), रामकुंवर रायकवार (राजनगर), शिव नारायण सोनी (विजय राघवगढ़), तोल सिंह भूरिया (थांदला) और रामेश्वर सिंगला (पेटलावद) शामिल हैं।
15 सीटों पर लड़ सकती है चुनाव
रिपोर्टों की मानें तो जेडीयू मध्य प्रदेश चुनाव को लेकर कांग्रेस से बात कर रही थी लेकिन दोनों दलों के बीच सीटों का तालमेल नहीं हो पाया। बात नहीं बनने पर नीतीश की पार्टी ने चुनाव में अकेले जाने का फैसला किया। बताया जा रहा है कि जद-यू मध्य प्रदेश में कम से कम 15 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
कोई खतरा नहीं उठाना चाहती कांग्रेस
सूत्रों का कहना है कि सपा और जद-यू से सीटों पर कांग्रेस का तालमेल न बनने की वजह भी है। कांग्रेस यह मानकर चल रही है कि वह अकेले दम पर भाजपा को हरा सकती है। उसे किसी अन्य दल के सहयोग या समर्थन की जरूरत नहीं है। वह अपने सहयोगी दलों को अगर सीट देती है तो भाजपा के खिलाफ लड़ाई कमजोर पड़ सकती है। कई ओपिनियन पोल में भाजपा और कांग्रेस में कांटे की टक्कर बताई गई है, ऐसे में कांग्रेस सीट बंटवारे पर कोई खतरा नहीं उठाना चाहती।
एक और सूची जारी कर सकती है सपा
सीटों पर कांग्रेस से समझौता न होने के बाद सपा ने यहां करीब 50 सीटों पर लड़ने का मन बनाया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार की शाम मध्य प्रदेश के अपने नेताओं के साथ बैठक की। उन्होंने इसमें प्रत्याशियों की चौथी सूची पर मुहर लगा दी। अखिलेश ने पार्टी नेताओं से चुनाव में पूरी मेहनत से जुट जाने के लिए कहा है। सूत्रों के अनुसार सपा जल्द ही उम्मीदवारों की एक और सूची जारी कर सकती है।
