Bihar Elections 2025: बिहार के बेगूसराय जिले की बछवाड़ा सीट पर महागठबंधन में शामिल कांग्रेस और भाकपा दोनों ने ही अपने-अपने उम्मीदवार उतारे हैं। कांग्रेस ने युवा शाखा के नेता प्रकाश गरीब दास को उतारा, जबकि भाकपा के पूर्व विधायक अवधेश रॉय ने इस सीट से अपना नामांकन दाखिल किया है।
कांग्रेस (फाइल फोटो)
कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि पार्टी नेतृत्व राजद और वाम दलों सहित अपने गठबंधन सहयोगियों के साथ बातचीत कर रहा है और भाकपा उम्मीदवार इस सीट से अपना नामांकन वापस ले सकते हैं।
कांग्रेस ने पहली सूची की जारी
कांग्रेस ने गुरुवार रात आगामी बिहार विधानसभा चुनावों के लिए अपने 48 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, जिसमें कुटुम्बा सीट से राज्य इकाई के प्रमुख राजेश राम और कदवा से कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान सहित अपने मौजूदा विधायकों को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने राजद सहित महागठबंधन के घटक दलों के साथ सीट बंटवारे को अंतिम रूप देने से पहले ही उम्मीदवारों की घोषणा कर दी।
नामांकन का आखिरी दिन आज
पहले चरण के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 17 अक्टूबर है, जबकि दूसरे चरण के लिए 20 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, महागठबंधन के सूत्रों के मुताबिक, राजद ने कांग्रेस की 61 सीटों की मांग पर सहमति जता दी है और कुछ प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों को लेकर बातचीत जारी है जिन पर कांग्रेस जोर दे रही है।
सूत्रों ने बताया कि जब कांग्रेस के साथ-साथ महागठबंधन के अन्य घटक दल भी शेष सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी करेंगे तो चीजें स्पष्ट हो जाएंगी। सनद रहे कि पिछले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने 70 सीटों पर चुनाव लड़ा था और महज 19 सीटें ही जीत पाई थी। बिहार में 6 और 11 नवंबर को विधानसभा चुनाव होंगे, जबकि 14 नवंबर को चुनावी रिजल्ट सामने आएंगे।
