यूपी में निर्वाचन आयोग ने तीन जिलाधिकारियों और दो एसपी का किया तबादला
देश के पांच राज्यों में होने वाले चुनाव पर हर किसी की नजर है। राजनीतिक दल एक एक कर अपने प्रत्याशियों की लिस्ट को साझा कर रहे हैं। चुनावी लिस्ट के बाद बगावती सुर भी उठ रहे हैं जिसे थामने की कोशिश में भी पार्टियां लगी हुई हैं। 10 मार्च को आने वाले नतीजे किसके लिए खुशियों भरा साबित होगा उसके लिए इंतजार करना होगा। लेकिन राजनीतिक गर्मी बढ़ गई है।
मौसम का पारा गिरता जा रहा है। लेकिन चुनावी पारा चढ़ रहा है। यूपी के दो चरणों के लिए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया गया है और शेष चरणों का इंतजार है तो उत्तराखंड के लिए बीजेपी की तरफ से उम्मीदवारों की सूची जारी की गई और कांग्रेस का इंतजार है। अगर बात पंजाब की करें तो यहां के लिए सभी राजनीतिक दलों ने अधिकांश नामों को तय कर दिए हैं। इसके साथ ही गोवा के लिए उम्मीदवारों की सूची सामने आ चुकी है। इन सबके बीच बीएसपी ने यूपी में दूसरे चरण में होने वाले चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है।
उप्र में निर्वाचन आयोग ने तीन जिलाधिकारी और दो एसपी के तबादले किये
निर्वाचन आयोग ने राज्य के तीन जिलाधिकारियों (डीएम) और दो पुलिस अधीक्षकों (एसपी) का तबादला कर दिया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने शनिवार को बताया कि सूर्यपाल गंगवार फिरोजाबाद के नए जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी होंगे जबकि शिवकांत द्विवेद बरेली और नेहा शर्मा कानपुर नगर की नई जिलाधिकारी होंगी। इसी तरह आशीष त्रिपाठी फिरोजाबाद और हेमराज मीणा कौशांबी के नए पुलिस अधीक्षक होंगे।
बिजनौर पहुंचे भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने शनिवार को यहां प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। सूत्रों ने बताया कि नड्डा शनिवार दोपहर बाद हेलीकॉप्टर से बिजनौर पहुंचे। उन्होंने बताया कि नड्डा का हेलीकॉप्टर यहां पुलिस लाइन में बने हेलीपैड पर उतरा।सूत्रों ने बताया कि नड्डा ने यहां पहुंचने के बाद एक वैंक्वेट हॉल में बिजनौर और मुजफ्फरनगर की 15 विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओ के साथ पार्टी की स्थिति की समीक्षा की और चुनावी रणनीति समझाते हुए जीत का मंत्र दिया।
सिद्धू और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बीच मतभेद, बैठक रही अनिर्णायक
पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 के लिए उम्मीदवारों के चयन के लिए बुलाई गई कांग्रेस मुख्य चुनाव समिति की बैठक पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बीच मतभेद के कारण अनिर्णायक रही। पार्टी ने शेष 31 सीटों के लिए पार्टी के उम्मीदवारों पर चर्चा करने के लिए एक उप-समिति का गठन किया है। समिति में के.सी. वेणुगोपाल, अंबिका सोनी और पंजाब की कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन शामिल हैं:: सूत्र
चन्नी की खनन माफिया में हिस्सेदारी थी: अमरिंदर
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के रेत खनन माफिया में अपनी संलिप्तता से इनकार करने को झूठा करार देते हुए पंजाब लोक कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह ने कहा है कि राज्य के रेत खनन माफिया में उनकी हिस्सेदारी थी। सिंह ने शनिवार को कहा कि जब वह राज्य के मुख्यमंत्री थे तो राज्य के कई कांग्रेसी नेताओं और विधायकों की रेत खनन माफिया के साथ सांठगांठ होने की विशेष जानकारी उन्हें दी गई थी।
ओवैसी, कुशवाहा और मेश्राम ने बनाया ‘भागीदारी परिवर्तन मोर्चा
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और जन अधिकार पार्टी के बाबू सिंह कुशवाहा ने बैकवर्ड एंड माइनॉरिटी कम्युनिटी इंप्लाई फेडरेशन के अध्यक्ष वामन मेश्राम के साथ मिलकर शनिवार को नया गठबंधन 'भागीदारी परिवर्तन मोर्चा' बनाने का ऐलान किया।
डोर -टू डोर कैंपेन में 5 की जगह 10 लोग जा सकेंगे
चुनाव आयोग ने कोरोना के हालात की समीक्षा के बाद शनिवार को एक अहम फैसला लिया है। निर्वाचन आयोग ने चुनावी रैलियों-सभाओं पर बैन 31 जनवरी तक बढ़ा दिया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
कांग्रेस रविवार से बेरोजगार युवाओं के पंजीकरण के लिए चलाएगी अभियान
कांग्रेस पार्टी 'भर्ती विधान' (युवा घोषणा पत्र) जारी करने के बाद रविवार से बेरोजगार युवाओं का पंजीकरण करने के साथ ही फेसबुक और ट्विटर पर पिछली सरकारों के साथ उनके अनुभवों को साझा करने के लिए ‘‘स्पीक अप’’ अभियान शुरू करेगी। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में शनिवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस के मीडिया एंड जनसंचार विभाग के अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस का भर्ती विधान उत्तर प्रदेश के सात करोड़ युवाओं की आशाओं, आकांक्षाओं का दस्तावेज है।
47 विधानसभा सीटों पर हर किसी की नजर
प्रमुख राजनीतिक दल उत्तर प्रदेश की 47 विधानसभा सीटों पर विशेष ध्यान दे रहे हैं जहां पिछले विधानसभा चुनाव में जीत का अंतर 5,000 मतों से कम था। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार राज्य विधानसभा की कुल 403 सीटों में से 47 सीटों पर जीत-हार का फैसला कम मतों के अंतर से हुआ था जिनमें से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 23 सीटों, समाजवादी पार्टी (सपा) ने 13 और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने आठ सीटों पर जीत दर्ज की थी जबकि एक-एक सीट कांग्रेस,अपना दल और राष्ट्रीय लोकदल के खाते में गई थी।
यूपी विधानसभा चुनाव से पहले आमने-सामने जदयू और भाजपा
बिहार के दो प्रमुख गठबंधन सहयोगी जनता दल (यूनाइटेड) और भाजपा के बीच दरार स्पष्ट रूप से उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले हर गुजरते दिन के साथ बढ़ती जा रही है। जद (यू) ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के खिलाफ प्रचार करने के साथ अकेले विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
सपा की सरकार बनी तो आईटी क्षेत्र में 22 लाख युवाओं को देंगे रोजगार : अखिलेश
समाजवादी पार्टी (सपा)के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को वादा किया कि पार्टी की सरकार बनने पर उत्तर प्रदेश के 22 लाख युवाओं को आईटी क्षेत्र में रोजगार दिया जाएगा। अखिलेश यादव ने यह घोषणा यहां अयोजित संवाददाता सम्मेलन में की।इस अवसर पर बरेली के पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन और उनकी पत्नी व इस चुनाव में कांग्रेस में उम्मीदवार सुप्रिया ऐरन सपा में शामिल हुईं।
चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम चेहरा घोषित करने के समर्थन में कई नेता
पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस की राज्य इकाई में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा किए जाने की मांग लगातार बढ़ रही है और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता अनुसूचित जाति समुदाय से संबंध रखने वाले राज्य के पहले मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को अपना समर्थन दे रहे हैं।कांग्रेस आला कमान का अभी तक यही कहना है कि पार्टी 117 सदस्यीय विधानसभा के लिए 20 फरवरी को होने वाला चुनाव ‘‘सामूहिक नेतत्व’’ में लड़ेगी, लेकिन इसकी राज्य इकाई के कई नेताओं की मांग है कि इस मामले पर स्थिति को शीघ्र अति शीघ्र स्पष्ट किया जाना चाहिए।
वरिष्ठ नेता एवं मंत्री ब्रह्म मोहिंद्रा ने कहा कि पार्टी ने 2012 और 2017 के चुनावों से पहले मुख्यमंत्री पद के अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी थी और चन्नी ने तीन महीनों में अपनी योग्यता साबित की है।उन्होंने कहा, ‘‘जब कोई एक व्यक्ति स्वयं को हरेक की उम्मीदों से पहले ही बेहतर साबित कर चुका है, तो ऐसे में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा को लेकर पार्टी में कोई दुविधा नहीं होनी चाहिए।’’पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद चन्नी पिछले साल मुख्यमंत्री बने थे।
कांग्रेस की पंजाब इकाई में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा की मांग ऐसे में जोर पकड़ रही है, जब चुनाव में मजबूत दावेदार के रूप में उभर रही आम आदमी पार्टी (आप) ने अपने सांसद और प्रदेश इकाई के प्रमुख भगवंत मान को मुख्यमंत्री पद के लिए अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है।राज्य में कांग्रेस के मुख्य प्रतिद्वंद्वी शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने भले ही मुख्यमंत्री पद के लिए अपने उम्मीदवार की औपचारिक घोषणा अभी तक नहीं की है, लेकिन पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल इसके संभावित उम्मीदवार हैं।
मोहिंद्रा ने भी कहा कि ‘आप’ ने भगवंत मान को अपना उम्मीदवार नामित किया है, जबकि शिअद सुखबीर बादल को इस पद के लिए उम्मीदवार के तौर पर पेश कर रही है, ऐसे में कांग्रेस के लिए मुख्यमंत्री पद के अपने उम्मीदवार की घोषणा करना और महत्वपूर्ण हो गया है।कांग्रेस नेता राणा गुरजीत सिंह ने भी चन्नी का समर्थन करते हुए कहा कि पार्टी के सत्ता में लौटने के बाद मुख्यमंत्री के रूप में उनके बने रहने पर सवालिया निशान लगाना स्वयं को नुकसान पहुंचाने के समान होगा। उन्होंने कहा, ‘‘चन्नी ने मात्र तीन महीनों में शानदार काम किया है।’’कैबिनेट मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा और शाहकोट से विधायक हरदेव सिंह लाडी शेरोवालिया ने भी चन्नी को मुख्यमंत्री बनाए जाने का समर्थन किया है।बहरहाल, इस संबंध में प्रश्न पूछे जाने पर कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने इस सप्ताह चंडीगढ़ में कहा था, ‘‘ सिद्धू जी कांग्रेस की पंजाब इकाई के ‘सरदार’ हैं, चन्नी जी सरकार के सरदार (प्रमुख) हैं और हम सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे।’’
मुरादाबादा- कुंदरकी सीट से सपा प्रत्याशी के खिलाफ केस दर्ज
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में मुरादाबाद की कुंदरकी सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी व उनके करीब 50/60 समर्थकों के खिलाफ जिले के कोतवाली क्षेत्र में बड़े काफिले में चलने व चुनावी सभा कर आदर्श आचार संहिता व कोविड दिशानिर्देश का कथित उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार देर रात कोतवाली थाना क्षेत्र के चंदौसी चौराहे पर कुंदरकी से सपा प्रत्याशी जिया उर रहमान वर्क अपने 50/60 अज्ञात समर्थकों के काफिले के साथ चुनावी भीड़ को इकट्ठा किया था।
उन्होंने बताया कि वहां एकत्र लोग आदर्श आचार संहिता व कोविड-19 दिशानिर्देश का उल्लंघन करते हुए बिना मास्क और उचित सामाजिक दूरी के थे।मिश्र ने बताया कि वर्क व उनके 50/60 समर्थको के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।गौरतलब हैं कि सांसद डॉ. शफीक उर रहमान वर्क के पोते जिया उर रहमान वर्क को समाजवादी पार्टी ने मुरादाबाद की कुंदरकी से अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
अखिलेश यादव के प्रेस कांफ्रेंस की खास बातें
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मैनपुरी के करहल से चुनाव लड़ेंगे। इसका औपचारिक ऐलान राम गोपाल यादव ने किया
यूपी में 300 यूनिट फ्री बिजली देंगे
किसानों को सिंचाई के लिए फ्री बिजली देंगे
यूपी में जनता समाजवादी पार्टी की तरफ देख रही है और जनता बदलाव के लिए मत बना चुकी है और उसके साथ उनकी पार्टी है।
मांट विधानसभा में जो मतभेद थे उसे सुलझा लिया गया है।
इन उम्मीदवारों को मिला टिकट
बीएसपी ने यूपी चुनाव के दूसरे चरण के लिस्ट जारी की
शाजिया इल्मी ने सिद्धू के सहयोगी पर लगाया आरोप
बीजेपी नेता शाजिया इल्मी ने नवजोत सिंह सिद्धे के सहयोगी मोहम्मद मुस्तफा पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया है। उन्होंने सिद्धू के सहयोगा का वीडियो शेयर किया है। हालांकि टाइम्स नाउ नवभारत वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
शाजिया इल्मी ने सिद्धू के सहयोगी पर लगाया आरोप
बीजेपी नेता शाजिया इल्मी ने नवजोत सिंह सिद्धे के सहयोगी मोहम्मद मुस्तफा पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया है। उन्होंने सिद्धू के सहयोगा का वीडियो शेयर किया है। हालांकि टाइम्स नाउ नवभारत वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
प्रियंका गांधी का यू टर्न
शुक्रवार को प्रियंका गांधी ने कांग्रेस यूथ मैनिफेस्टो जारी किया जिसे उन्होंने भर्ती विधान का नाम दिया । उसी दौरान उनसे पूछा गया है कि क्या आप यूपी में सीएम का चेहरा है और इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मैं ही चेहरा हूं, हालांकि अब वो अपने बयान पर सफाई दे रही हैं। उनका कहना है कि उनके बयान को बढ़ा चढ़ा कर बताया गया है। उन्होंने जो कुछ कहा इसे तोड़ मरोड़ कर पेश किया जा रहा है।
गृहमंत्री अमित शाह करेंगे डोर टू डोर कैंपेन
विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद उत्तर प्रदेश में अपने पहले राजनीतिक कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में घर-घर जाकर प्रचार करेंगे. सूत्रों ने कहा कि राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य में पार्टी के अभियान में अहम भूमिका निभा रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता शामली और बागपत में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी करेंगे।
बीजेपी की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अश्विनी शर्मा पठानकोट से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अश्विनी कुमार शर्मा को आगामी विधानसभा चुनाव में पठानकोट से उम्मीदवार बनाया गया है।शुक्रवार देर रात भाजपा की ओर से जारी बयान में यह जानकारी दी गई।इससे पहले शर्मा पठानकोट से विधायक रह चुके हैं। पंजाब विधानसभा की 117 सीटों पर चुनाव के लिए भाजपा ने आज 34 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की।
उत्तर प्रदेश के लिए बीजेपी ने जारी की 85 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने आज (21 जनवरी 2022) उत्तर प्रदेश के लिए 85 सीटों पर उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की। इसमें 14 महिलाओं को जगह मिली है।
UP BJP Candidate List 2022: बीजेपी ने यूपी चुनाव के लिए जारी की दूसरी लिस्ट, 85 और सीटों पर उम्मीदवार तय
बीजेपी, शिअद संयुक्त व कैप्टन अमरिंदर सिंह की लोक इंसाफ पार्टी उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की
पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी की सहयोगी शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) ने 12 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। बीजेपी शिअद संयुक्त व कैप्टन अमरिंदर सिंह की लोक इंसाफ पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। गठबंधन में भाजपा 65, लोक कांग्रेस पार्टी 39 व शिअद संयुक्त 13 सीटों पर चुनाव लड़ेगा।
यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के लिए बीजेपी का चुनावी गीत लॉन्च
बीजेपी का विजन देश का विजन नहीं हो सकता-राहुल गांधी
कांग्रेस ने दावा किया है कि प्रचार के दौरान वो नकारात्मक नहीं, बल्कि सकारात्मक प्रचार करेगी। हिंदुस्तान को जो मोदी सरकार ने विजन दिया था आज वो फेल हो गया है। हिंदुस्तान को विजन कांग्रेस पार्टी ही दे सकती है, बीजेपी का विजन देश का विजन नहीं हो सकता। भारत में एक नई विजन के तहत काम करने की जरूरत है, उत्तरप्रदेश इसका इंतजार कर रहा है।उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी ने युवाओं के लिए घोषणा पत्र जारी किया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी ने दोपहर 12 बजे प्रेसवार्ता कर दिल्ली मुख्यालय में ये घोषणा पत्र जारी किया।
राहुल गांधी ने इस मौके पर कहा, "देश और उत्तरप्रदेश की समस्या हिंदुस्तान के हर युवा को मालूम है। कांग्रेस पार्टी युवाओं को भविष्य के लिए चिंतित है इसलिए एक ठोस रणनीति बनाई है। जिसके बाद ये घोषणा पत्र तैयार किया है। यूपी में पिछले 5 सालों में 16 लाख युवाओं ने रोजगार खोया है। हर दिन 880 युवा रोजगार खो रहे हैं क्योंकि देश का पूरा धन देश के बड़े उद्योगपतियों को दिया जा रहा है। हिंदुस्तान को जो मोदी सरकार ने विजन दिया था आज वो फेल हो गया है। हिंदुस्तान को विजन कांग्रेस पार्टी ही दे सकती है, बीजेपी का विजन देश का विजन नहीं हो सकता। शुरूआत उत्तरप्रदेश से होती है जिसके बाद पूरे देश इसके तहत आता है।"
राहुल गांधी ने कहा भारत में एक नई विजन के तहत काम करने की जरूरत है, उत्तरप्रदेश इसका इंतजार कर रहा है।राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा, बीजेपी की रणनीति छोटे व्यापारी को खत्म करने का है। जीएसटी -नोटबंदी लागू कर, कोरोना काल में जैसे रोजगार खत्म किया। मैं आपको कह रहा हूं कि अगर आपकी नियत ही गलत है तो आप रोजगार पैदा ही नहीं कर सकते।प्रियंका गांधी ने कहा कि यूपी में सबसे बड़ी समस्या भर्ती है। इसलिए हमने इसका नाम भर्ती विधान रखा है। हमारा ये प्रयास रहा है कि जो युवाओं की समस्याएं है उन्हें इसके मध्य से दूर की जाएगी।
'अगर हालात बने तो नतीजों के बाद शर्त के साथ यूपी में गठबंधन का विकल्प '
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद सरकार गठन के लिए विपक्षी दलों के गठबंधन की परिस्थिति पैदा होने पर उनकी पार्टी इस पर विचार करेगी।
उन्होंने इसके साथ ही कहा कि अगर ऐसी किसी गठबंधन सरकार में कांग्रेस शामिल होगी तो उसकी एक शर्त युवाओं और महिलाओं से जुड़े अपने एजेंडे को लागू कराने की होगी।उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए ‘भर्ती विधान: युवा घोषणापत्र’ जारी करते हुए प्रियंका ने एक सवाल के जवाब में यह टिप्पणी की।
उनसे सवाल किया गया कि क्या चुनाव के बाद जरूरत पड़ने पर कांग्रेस विपक्ष के गठबंधन में शामिल होगी? इसके जवाब में कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी ने कहा, ‘‘अगर ऐसी परिस्थिति आती है तो इस बारे में विचार किया जाएगा। अगर ऐसी परिस्थिति आई तो हम यह चाहेंगे कि जो हमारा एजेंडा युवाओं और महिलाएं के लिए है वो पूरा हो। यह हमारी एक शर्त होगी।’’उत्तर प्रदेश कांग्रेस की ओर से चेहरे के सवाल पर उन्होंने परोक्ष रूप से अपना हवाला देते हुए कहा, ‘‘क्या आपको कोई चेहरा नजर आ रहा है?’’उन्होंने यह भी कहा कि उनके चुनाव लड़ने के बारे में फिलहाल कोई फैसला नहीं हुआ है।प्रियंका ने कहा, ‘‘अगर यह तय होगा तो आप लोगों को पता चल जाएगा।’’उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव सात चरणों में होगा। पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को और सातवें एवं अंतिम चरण का मतदान सात मार्च को होगा। 10 मार्च को नतीजे घोषित होंगे।
मैं खुद यूपी में सीएम का चेहरा- प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी से जब यूपी में कांग्रेस के सीएम चेहरे पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा आपको क्या कोई सीएम का चेहरा दिखाई दे रहा है। वो खुद सीएम का चेहरा हैं
चंद्रशेखर आजाद के साथ मंच साझा करने पर सपा के पूर्व मंत्री निष्कासित
समाजवादी पार्टी (सपा) ने पूर्व मंत्री उमा किरण को 'पार्टी विरोधी' गतिविधियों के चलते छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है।सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी ने निष्कासन की घोषणा की है।त्यागी ने कहा कि उमा किरण कथित तौर पर पुरकाजी सीट से पार्टी टिकट की मांग कर रही थीं और नहीं दिए जाने से नाराज थीं।चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व वाली आजाद समाज पार्टी ने उन्हें इस सीट से टिकट दिया है और उन्हें उनके साथ एक प्रेस कांफ्रेंस में भी देखा गया था, जिसके कारण उन्हें निष्कासित कर दिया गया है।
गोवा के लिए कांग्रेस ने पांच और उम्मीदवारों की घोषणा की
कांग्रेस पार्टी ने 14 फरवरी को गोवा में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को पांच और प्रत्याशियों की सूची जारी की।इसके साथ ही पार्टी अब तक 36 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। पणजी से एकवीस गोम्स, सिरोडा से तुकाराम बोरकर और वास्को डा गामा सीट से जोस लुइस कार्लोस अल्मीडा चुनाव लड़ेंगे।इसके अलावा, बेनौलिम सीट से एंथनी डायस और कुर्कोरेम सीट से अमित पाटकर कांग्रेस प्रत्याशी होंगे।
कांग्रेस का चुनावी घोषणापत्र
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को पार्टी का युवा केंद्रित घोषणापत्र जारी करेंगे।दोनों नेता पार्टी मुख्यालय में एक विशेष संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। यह दुर्लभ मौकों में से एक है जब दोनों नेता संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित करेंगे।कांग्रेस पार्टी विधानसभा चुनाव में युवाओं और महिलाओं पर विशेष जोर दे रही है और उसने घोषणा की है कि वह उत्तर प्रदेश में 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देगी।

