इलेक्शन

Bihar Elections: ओसामा रघुनाथपुर से लड़ेंगे चुनाव, विधायक हरिशंकर ने शहाबुद्दीन के बेटे को बांधी पगड़ी

Bihar Elections 2025: पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब ने रघुनाथपुर से चुनावी बिगुल फूंक दिया है। राजद नेता ओसामा शहाब ने कहा कि जिस तरह से हरिशंकर यादव को आप लोग आशीर्वाद देकर विधायक बनाते हैं, हमको भी आशीर्वाद दीजिए। इसी कार्यक्रम में विधायक हरिशंकर ने खुद अपने हाथों से ओसामा को पगड़ी बांधी।

Image

शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा रघुनाथपुर से लड़ेंगे चुनाव

Photo : Times Now Digital

Bihar Elections 2025: बिहार में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने है। ऐसे में चुनाव से पहले सभी राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। बिहार में सियासी हलचलें तेज हो गई हैं और इन हलचलों के बीच नेता आम जनता के बीच जाकर जीत का आशीर्वाद मांग रहे हैं। इसी कड़ी में पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब ने रघुनाथपुर से चुनावी बिगुल फूंक दिया है।

ओसामा शहाब की सीट फाइनल

साल के आखिर में चुनाव होने वाला है। ऐसे में निर्वाचन आयोग चुनाव को देखते हुए आनन-फानन में एसआईआर भी करा रहा है, जो अंतिम चरण में है। इसी बीच, अब राजनीतिक सुगबुगाहट भी तेज हो गई है। मंगलवार (19 अगस्त) को राजद के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सह सदर विधायक अवध बिहारी चौधरी और रघुनाथपुर के विधायक हरिशंकर यादव की मौजूदगी में कार्यकर्ता सम्मेलन रखा गया था। इस कार्यक्रम में ओसामा शहाब भी पहुंचे और लोगों को संबोधित किया।

ओसामा ने क्या कुछ कहा?

राजद नेता ओसामा शहाब ने कहा, "जिस तरह से हरिशंकर यादव को आप लोग आशीर्वाद देकर विधायक बनाते हैं, हमको भी आशीर्वाद दीजिए। हम आपके हर सुख दुख में तत्पर रहेंगे।''

हरिशंकर यादव ने ओसामा को बांधी पगड़ी

कार्यक्रम के दौरान हरिशंकर यादव, जो रघुनाथपुर के सिटिंग विधायक हैं, उन्होंने खुद अपने हाथों से ओसामा को पगड़ी बांधी। इससे साफ हो गया है कि ओसामा शहाब की रघुनाथपुर सीट से टिकट लगभग पक्का हो गया है।

हेना शहाब ने लालू से मिलकर किया था ऐलान

इस साल अप्रैल में हेना शहाब ने लालू यादव और तेजस्वी यादव से मिलकर रघुनाथपुर से बेटे ओसामा को लड़ाने की इच्छा जाहिर की थी। मुलाकात के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि हमारा ही विधानसभा क्षेत्र रघुनाथपुर है। उसी को लेकर सोचा जा रहा है। हालांकि, उन्होंने शीर्ष नेतृत्व के फैसले पर भरोसा जताया था।

Utkarsh Singh
उत्कर्ष सिंहauthor

मैं पिछले 16 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहा हूं। देश के बड़े मीडिया हाउस में पत्रकारिता का अनुभव रहा है। जीवन में कई महत्वपूर्ण खबरों को ब्रेक करने से लेकर उसे लोगों तक पहुंचाया है। पत्रकारिता मेरे लिए एक जूनून है और सही खबरों को लोगों तक पहुंचाना मेरा पेशा।

और पढ़ें
End of Article