इलेक्शन

Bihar Election 2025: 'हमें घुसपैठियों के वोट नहीं चाहिए, हम तो सिर्फ...', सासाराम में राहुल-तेजस्वी पर बरसे अमित शाह

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण से पहले सासाराम में गृह मंत्री अमित शाह ने महागठबंधन, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल और तेजस्वी की यात्रा घुसपैठियों को बचाने के लिए थी, जबकि भाजपा बिहार और देश से हर एक घुसपैठिए को बाहर निकालेगी।

Image

गृह मंत्री अमित शाह ने सासाराम में जनसभा को संबोधित किया।(फोटो सोर्स: BJP X handle)

Photo : Twitter

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे फेज का मतदान 11 नवंबर को होना है। आज शाम दूसरे फेज के प्रचार थम जाएंगे। इसी बीच रविवार को सभी दल बिहार के अलग-अलग जिलों में ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सासाराम में जनसभा को संबोधित किया।

उन्होंने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कुछ दिन पहले राहुल और तेजस्वी ने एक यात्रा निकाली थी। ये यात्रा उन्होंने घुसपैठियों को बचाने के लिए निकाली थी। हमारे देश में घुसपैठिए, हमारे युवाओं की नौकरियां छीन रहे हैं, गरीबों के हिस्से के राशन में अपना हिस्सा ले रहे हैं और साथ ही देश की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन रहे हैं। राहुल और तेजस्वी जो करना चाहें, करने दें, मैं आज सासाराम की धरती से यह कहकर जाता हूं कि हम बिहार और देश से एक-एक घुसपैठिए को निकालने का काम करेंगे।

PM और बिहार CM की कोई वैकेंसी नहीं है: अमित शाह

वहीं, उन्होंने एक साथ राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। अमित शाह ने कहा कि ये लालू-राबड़ी अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, और सोनिया जी अपने बेटे को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं। मैं दोनों को कहना चाहता हूं, न लालू जी का बेटा मुख्यमंत्री बनेगा, और न ही सोनिया जी का बेटा प्रधानमंत्री बनेगा। पटना में मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नीतीश जी हैं, और दिल्ली में प्रधानमंत्री की कुर्सी पर मोदी जी हैं। कोई वैकेंसी नहीं है, इसलिए निरर्थक प्रयास मत कीजिए!

वहीं, अमित शाह ने किसानों का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम किसान योजना के तहत मोदी जी बिहार के 85 लाख 35 हजार किसानों को हर साल 6,000 रुपये की सहायता राशि देते हैं। बिहार में एनडीए सरकार बना दो, पीएम किसान की राशि 6,000 रुपये से बढ़ाकर 9,000 रुपये कर दी जाएगी।

हमें घुसपैठियों के वोट नहीं चाहिए: अमित शाह

इसके अलावा अमित शाह ने ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया। अमित शाह ने कहा कि जब केंद्र में सोनिया—मनमोहन की सरकार थी, तब आतंकवादी देश में घुसकर हमारी धरती को लहूलुहान करके भाग जाते थे, और कोई पूछने वाला नहीं था। पीएम मोदी की सरकार आई, तो स्थिति बदल गई। उरी में हमला हुआ, हमने सर्जिकल स्ट्राइक की। पुलवामा हमले के बाद हमने एयरस्ट्राइक की। पहलगाम में हमारे यात्रियों को धर्म पूछकर मारा, 22 दिन के भीतर ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में घुसकर हमने आतंकियों का सफाया किया गया।

अमित शाह ने कहा कि आगे अगर आतंकी गोली चलाएंगे, तो हम गोली का जवाब गोले से देंगे। उन्होंने (राहुल और तेजस्वी) घुसपैठियों को अपना वोट बैंक बना लिया है। हमें घुसपैठियों के वोट नहीं चाहिए। हम तो सासाराम के युवाओं के वोट और लखपति दीदी के वोट से जीतने आए हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article