दो सीटों पर कांग्रेस ने सपा को दिया वॉकओवर, करहल, जसवंतनगर सीट पर नहीं उतारेगी प्रत्याशी 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 1, 2022, 08:51 PM IST

Uttar Pradesh Assembly elections 2022 : प्रसपा का सपा के साथ गठबंधन है। ये दोनों ही हॉट सीटें हैं। अखिलेश यादव ने सोमवार को करहल सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। करहल सीट सपा के दबदबे वाली सीट रही है।

दो सीटों पर कांग्रेस ने सपा को दिया वॉकओवर, करहल, जसवंतनगर सीट पर नहीं उतारेगी प्रत्याशी 

लखनऊ : कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की करहल और जसवंतनगर सीट पर अपना प्रत्याशी न उतारने का फैसला किया है। करहल सीट पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और जसवंतनगर सीट से प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के मुखिया शिवपाल सिंह यादव उम्मीदवार हैं। इन दोनों सीटों पर कांग्रेस ने सपा को वॉकओवर दे दिया है। हालांकि, करहल सीट पर कांग्रेस ने ज्ञानवती यादव को टिकट दिया था लेकिन पार्टी ने उन्हें नामांकन करने से रोक दिया। रिपोर्टों के मुताबिक कांग्रेस इन दोनों सीटों पर सपा का समर्थन करेगी। 

सपा के दबदबे वाली सीट है करहल
प्रसपा का सपा के साथ गठबंधन है। ये दोनों ही हॉट सीटें हैं। अखिलेश यादव ने सोमवार को करहल सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। करहल सीट सपा के दबदबे वाली सीट रही है। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव का करहल से पुराना नाता रहा है। वह करहल के इंटरमीडिएट स्कूल में अध्यापक रह चुके हैं। मैनपुरी जिले की यह सीट अभी सपा के पास है। जानकार मानते हैं कि इस सीट के राजनीतिक समीकरण सपा के पक्ष में हैं और अखिलेश के लिए यह एक तरह से सुरक्षित सीट है। 

बिक्रम सिंह मजीठिया दो जगह से नहीं, सिर्फ अमृतसर पूर्व से लड़ेंगे चुनाव, सिद्धू की चुनौती को स्वीकारा


भाजपा ने केंद्रीय मंत्री बघेल को टिकट दिया
वहीं, भाजपा इस सीट को हल्के में नहीं ले रही है। उसने इस सीट पर अखिलेश को कड़ी टक्कर देने के लिए आगरा के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल को अपना उम्मीदवार बनाया है। एसपी सिंह मुलायम सिंह यादव के एसपीओ रह चुके हैं। वह मुलायम परिवार के खिलाफ कई चुनाव लड़ चुके हैं। बघेल अखिलेश और डिंपल यादव के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं। वह 2014 में फिरोजाबाद से अक्षय यादव के खिलाफ भी चुनाव में उतरे थे। बघेल का दावा है कि पिछले चुनावों में सपा के कई गढ़ ढह गए। इस बार उसका यह दुर्ग भी ढहेगा।

कांग्रेस को वोट देने का मतलब BJP को वोट देना, अरविंद केजरीवाल ने गोवा के वोटर से कही ये बात


करहल में होगी टक्कर
करहल से एसपी सिंह बघेल के नामांकन दाखिल करने पर यूपी के उपमुख्यमंत्री  केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट करते हुए कहा, 'करहल से जीतेगी BJP जीतेंगे प्रो एस पी सिंह बघेल, 2022 में करहल से चुनाव हारेंगे श्री यादव अखिलेश, जीतेगी भाजपा,खिलेगा कमल, रहेगा सुशासन,होता रहेगा विकास,' बीजेपी ने सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए प्रो, बघेल को टिकट दिया है और साथ में यह संदेश दिया है कि वह अखिलेश यादव को वॉकओवर नहीं देने जा रही है।  इससे पहले कहा जा रहा था कि बीजेपी यहां से अपर्णा यादव को भी टिकट दे सकती है।

End of Article