इलेक्शन

...तो अर्श पर नहीं फर्श पर होगी PK की जनसुराज पार्टी? एग्जिट पोल्स में प्रशांत किशोर के दावे को लगा बड़ा झटका

पीके के लिए परेशान करने वाली बात यह भी है कि इन नौ में से सात एग्जिट पोल्स ने कहा है कि सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली जनसुराज पार्टी का इस चुनाव में खाता भी नहीं खुल सकता है। पीपुल्स पल्स ने जनसुराज पार्टी के लिए 0-5 सीटें, दैनिक भास्कर ने 0-3, पीपुल्स इनसाइट ने 0-2, मैट्रिज ने 0-2 और जेवीसी ने 0-1 सीट मिलने का अनुमान जताया है।

Image

14 नवंबर को आएंगे बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

Exit Polls On Jan Suraj Party : प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में कोई बड़ा करिश्मा करते हुए नहीं दिख रही है। हालांकि, अपनी सभाओं, रैलियों और रोड शोज में उमड़ने वाली भीड़ पर पीके ने बड़ा दावा किया था लेकिन दूसरे चरण का मतदान समाप्त होने के बाद आए सभी एग्जिट पोल्स में उन्हें झटका लगा है। चुनाव प्रचार के दौरान वह मीडिया से बातचीत में कहते थे कि चुनाव रिजल्ट वाले दिन उनकी पार्टी या तो अर्श पर होगी या फर्श पर। ऐसे में एग्जिट पोल्स यदि सच साबित हुए तो जनसुराज पार्टी फर्श पर होगी। जनसुराज पार्टी से एक बदलाव आने की जो अटकलें लग रही थीं, वे एग्जिट पोल्स से धाराशायी हो गई हैं।

जनसुराज को विकल्प के रूप में पेश कर रहे हैं PK

बिहार चुनाव पर मंगलवार शाम नौ एग्जिट पोल्स आए। दैनिक भास्कर, मैट्रिज, पीपुल्स इनसाइट, पीपुल्स पल्स, जेवीसी, पी-मार्क, चाणक्या स्ट्रेटजी, डीवी रिसर्च और टीआईएफ रिसर्च सभी ने बिहार में एनडीए की स्पष्ट जीत का अनुमान जताया है। सभी एग्जिट पोल में महागठबंधन की हार और जनसुराज पार्टी की असफलता की भविष्यवाणी की गई है। दरअसल, बिहार चुनाव में पीके अपनी पार्टी को एक विकल्प के तौर पर पेश कर रहे थे।

एक एग्जिट पोल में अधिकतम 4 सीट जीतने का अनुमान

पीके के लिए परेशान करने वाली बात यह भी है कि इन नौ में से सात एग्जिट पोल्स ने कहा है कि सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली जनसुराज पार्टी का इस चुनाव में खाता भी नहीं खुल सकता है। पीपुल्स पल्स ने जनसुराज पार्टी के लिए 0-5 सीटें, दैनिक भास्कर ने 0-3, पीपुल्स इनसाइट ने 0-2, मैट्रिज ने 0-2 और जेवीसी ने 0-1 सीट मिलने का अनुमान जताया है। पी मार्क के सर्वे में जनसुराज के लिए थोड़ी राहत वाली बात है। इस सर्वे में कहा गया है कि पीके की पार्टी कम से कम एक सीट और अधिकतम चार सीट जीत सकती है। डीवी रिसर्च के मुताबिक पीके की पार्टी को कम से कम दो और अधिकतम चार सीटें मिल सकती हैं। चाणक्या स्ट्रेटजी और टीआईएफ रिसर्च ने अपने एग्जिट पोल्स में जनसुराज को एक भी सीट नहीं मिलने का अनुमान जताया है।

जनसुराज को 6% वोट मिल सकता है

टाइम्स नाउ के पोल ऑफ पोल्स की अगर बात करें तो बिहार चुनाव में एनडीए को 148 सीटें, महागठबंधन को 89, जेएसपी को एक और अन्य को पांच सीटें मिल सकती हैं। बिहार में विधानसभा की 243 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 122 है। एग्जिट पोल्स यह बताते हैं कि चुनाव में जनसुराज पार्टी भले ही अपना खाता नहीं खोल पाए लेकिन उसके वोट प्रतिशत में इजाफा हो सकता है। जेवीसी एग्जिट पोल के सर्वे में कहा गया है कि पार्टी को 6% वोट मिल सकता है।

दूसरे और अंतिम चरण में रिकॉर्ड 68.79 प्रतिशत मतदान

बिहार में मंगलवार को दूसरे और अंतिम चरण में रिकॉर्ड 68.79 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया और लगभग एक महीने तक चले चुनावी मुकाबले का समापन हुआ। मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुनजियाल ने बताया कि दूसरे चरण में 68.79 प्रतिशत और दोनों चरणों में कुल 66.90 प्रतिशत मतदान (अनंतिम आंकड़े) हुआ, जो पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में 9.6 प्रतिशत अंक अधिक है। हालांकि, निर्वाचन आयोग द्वारा नई दिल्ली से जारी एक बयान में मतदान प्रतिशत 68.76 बताया गया। वोटों की गिनती 14 नवंबर को होगी।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article