एजुकेशन

UP Shikshak Bharti: 120 प्रश्नों की होगी शिक्षक भर्ती परीक्षा, तीन नंबर का एक प्रश्न, निगेटिव मार्किंग लागू

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा के स्वरूप में बड़ा बदलाव किया है। ऐसे में अभ्यर्थियों के लिए यह जानना बेहद जरूरी है कि इस परीक्षा में अब क्या क्या बदल जाएगा।

Image

UP शिक्षक भर्ती में नया पैटर्न लागू

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा के स्वरूप में बड़ा बदलाव किया है। प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक (कक्षा 1 से पांचवीं) भर्ती परीक्षा की प्रस्तावित संरचना और पाठ्यक्रम जारी कर दिया गया है। नई संरचना से इस भर्ती का पूरा ढांचा बदल गया है। ऐसे में अभ्यर्थियों के लिए यह जानना बेहद जरूरी है कि इस परीक्षा में अब क्या क्या बदल जाएगा।

सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा में अब कुल 120 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछ जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न तीन अंक का होगा, जबकि गलत उत्तर देने पर एक अंक काटा जाएगा। यानी प्रश्न में चार विकल्प होंगे और केवल एक उत्तर सही होगा। आयोग के द्वारा इस परीक्षा में निगेटिव मार्किंग का प्रावधान किया गया है।

कैसे होंगे प्रश्न

परीक्षा में सामान्य ज्ञान एवं समसामयिक घटनाओं के साथ-साथ हिंदी, संस्कृत, अंग्रेजी, विज्ञान, गणित, पर्यावरण एवं सामान्य अध्ययन से प्रश्न पूछे जाएंगे। सामान्य ज्ञान में अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और प्रदेश के महत्वपूर्ण घटनाक्रम, पुरस्कार, खेलकूद, भारतीय संस्कृति एवं विरासत से जुड़े विषय शामिल होंगे। भाषा ज्ञान के मानक को भी ध्यान में रखा जाएगा। हिंदी, संस्कृत और अंग्रेजी में 30 प्रश्न होंगे जबकि गणित विषय के 16 सवाल पूछे जाएंगे। विज्ञान के 8 सवाल परीक्षा में पूछे जाएंगे।

विज्ञान के सवाल

विज्ञान में जीव विज्ञान, भौतिकी, दिशा ज्ञान, बल, ऊर्जा, प्रकाश, मानव शरीर, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण, पर्यावरण आदि विषय शामिल किए गए हैं। गणित में संख्या पद्धति, संख्या रेखा, दशमलव, भिन्न, ज्यामिति, क्षेत्रफल, औसत, अनुपात, प्रतिशत आदि से प्रश्न होंगे।

शिक्षा कौशल, बाल मनोविज्ञान से भी पूछे जाएंगे सवाल

इसके अलावा शिक्षक कौशल, बाल मनोविज्ञान, रचना तकनीकी तथा जीवन कौशल, पढ़ने एवं अभिव्यक्ति से भी प्रश्न पूछे जाएंगे। डीएलएड स्तर के अनुरूप विषयों को पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है। शिक्षण कौशल में शिक्षण विधियां, अधिगम के सिद्धांत, पाठ्यक्रम, प्रशिक्षण एवं शिक्षण पद्धतियों के बारे में सवाल होंगे। बाल मनोविज्ञान में व्यक्तित्व, बाल विकास, सीखने की प्रक्रिया, बाल विकास एवं उसकी विशेषताओं से जुड़े प्रश्न होंगे।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article