UP School Closed 2023, School Closed in Muzaffarnagar, Badaun, Meerut: कांवड़ यात्रा की शुरूआत हो चुकी है और इसका समापन 15 अगस्त को भगवान शिव को पवित्र गंगा जल अर्पित करने के साथ होगा। कांवड़ यात्रा के चलते उत्तर प्रदेश में शिव भक्तों की सुविधा के लिए तमाम इंतजाम किए जा रहे हैं। कांवड़ यात्रा की सुरक्षा और सुचारू आवाजाही के लिए जगह जगह पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया। इस बीच यूपी के कई जिलों में स्कूल और कॉलेज को भी बंद कर दिया गया है।
मुजफ्फरनगर में बंद रहेंगे स्कूल
यूपी के मुजफ्फरनगर जिले में सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल-कॉलेज 8 जुलाई को बंद होंगे और 16 जुलाई 2023 को खुलेंगे। मुजफ्फरनगर के डीएम अरविंद मल्लप्पा बेंगारी ने बताया कि जिले के कई इलाकों में 1,379 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और लगभग 3,000 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया।
मेरठ, बागपत और सहारनपुर में भी स्कूल बंद
मेरठ में भी कांवड़ यात्रा के चलते सभी स्कूल, डिग्री कॉलेज, कोचिंग सेंटर 10 जुलाई से 17 जुलाई तक बंद रहेंगे। इसके अलावा बागपत, सहारनपुर में भी स्कूल बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, मेरठ और मुजफ्फरनगर में पॉलिटेक्निक परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। पहले यह परीक्षाएं 10 से 15 जुलाई तक होनी थी लेकिन अब यह 21 जुलाई से 26 जुलाई तक आयोजित की जाएंगी।
बदायूं में स्कूल बंद करने का आदेश
बदायूं में कावंड़ियों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी स्वाति भारती ने डीएम मनोज कुमार के निर्देश पर कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा है कि कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल शनिवार और सोमवार को बंद रहेंगे। वहीं मंगलवार को सभी स्कूल यथावत खुलेंगे।
हरिद्वार में 12वीं तक के स्कूल बंद
वहीं, हरिद्वार जिला प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के मद्देनजर कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। डीएम धीरज गर्ब्याल का कहना है कि कांवड़ मेले को देखते हुए 10 जुलाई से 17 जुलाई तक सभी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखा जाएगा।
