UP Police SI Result 2025: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPBPB) ने सब इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा में शामिल उम्मीदवारों के नॉर्मलाइज्ड स्कोर जारी कर दिए हैं। परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड देख और डाउनलोड कर सकते हैं। बोर्ड ने बताया है कि इन नॉर्मलाइज्ड स्कोर को आज 22 जुलाई से 21 अगस्त 2026 के बीच देखा और डाउनलोड किया जा सकता है। स्कोरकार्ड डाउनलोड लिंक खबर में दिया गया है। उम्मीदवार अपने रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्म तिथि की मदद से लॉगिन करके स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
स्कोरकार्ड डाउनलोड करने का तरीका क्या है?
- सबसे पहले भर्ती बोर्ड की आधिकारिके वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाएं।
- होमपेज पर "UP Police SI 2025 Normalized Scorecard" लिंक पर क्लिक करें।
- अब अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्म तिथि दर्ज करके लॉगिन करें।
- इसके बाद आपका नॉर्मलाइज्ड स्कोरकार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा। इसे डाउनलोड करें और भविष्य के लिए प्रिंटआउट भी सुरक्षित रख लें।
नॉर्मलाइजेशन क्यों है जरूरी?
यूपी पुलिस SI भर्ती परीक्षा कई अलग-अलग शिफ्ट में आयोजित की गई थी। अलग-अलग शिफ्ट के प्रश्नपत्रों का कठिनाई स्तर थोड़ा अलग हो सकता है। इसी वजह से सभी उम्मीदवारों को समान अवसर देने और निष्पक्ष परिणाम तैयार करने के लिए बोर्ड नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया अपनाता है। इस प्रक्रिया के जरिए सभी अभ्यर्थियों के अंकों को एक समान मानक पर लाया जाता है। इसके बाद अंतिम मेरिट लिस्ट और कटऑफ तैयार की जाती है।
भर्ती में कितने पदों पर हुआ चयन?
इस भर्ती के लिए प्रदेशभर से 15,75,760 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। कुल 4,543 पदों पर अंतिम चयन किया गया है। इनमें 4,242 पद सब इंस्पेक्टर (सिविल पुलिस), 135 पद प्लाटून कमांडर (PAC)/उप निरीक्षक सशस्त्र पुलिस, 60 पद विशेष सुरक्षा बल (SSF) प्लाटून कमांडर और 106 पद महिला बटालियन उप निरीक्षक के शामिल हैं।
महिला अभ्यर्थियों का शानदार प्रर्दशन
अगर वर्गवार चयन की बात करें तो सामान्य वर्ग के 1,200, ओबीसी के 2,240, एससी के 1,017 और एसटी वर्ग के 86 उम्मीदवारों का चयन हुआ है। इस भर्ती में महिला अभ्यर्थियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। कुल 954 बेटियों ने सब इंस्पेक्टर के पद पर चयनित होकर अपनी सफलता का परचम लहराया है।
