Rajasthan School Lecturer Recruitment 2024 final result: प्रदेश में आयोजित स्कूल व्याख्याता भर्ती 2024 के अंतिम परिणाम में हो रही अत्यधिक देरी के मामले में शिव से विधायक रविंद्र भाटी ने जल्द नतीजे जारी करने की मांग उठाई है। रविंद्र भाटी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट लिखकर सरकार से इस विषय की गंभीरता को समझते हुए शीघ्रातिशीघ्र सभी विषयों के अंतिम परिणाम घोषित करने की मांग की है।
राजस्थान की शिव विधानसभा से निर्दलीय विधायक रविंद्र भाटी ने लिखा कि प्रदेश में आयोजित स्कूल व्याख्याता भर्ती 2024 के अंतिम परिणाम में हो रही अत्यधिक देरी का विषय अभ्यर्थियों द्वारा संज्ञान में लाया गया। इस देरी के कारण अभ्यर्थियों में गहरा असमंजस और चिंता का माहौल बना हुआ है। जून 2025 में आयोजित इस परीक्षा का प्रोविजनल परिणाम लगभग 20–22 अगस्त 2025 के आसपास जारी कर दिया गया था। इसके बाद सभी विषयों की दस्तावेज़ सत्यापन (DV) प्रक्रिया भी निदेशालय द्वारा लगभग दो माह पूर्व ही पूर्ण कर ली गई है। इसके बावजूद अब तक प्रमुख विषयों का फाइनल परिणाम जारी नहीं किया गया, जिससे हजारों अभ्यर्थियों को मानसिक तनाव और अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है।
आगामी भर्ती परीक्षा 31 मई को
आगामी भर्ती परीक्षा 31 मई को प्रस्तावित है। जिन अभ्यर्थियों का नाम प्रोविजनल सूची में शामिल है, वे असमंजस में हैं कि उनका अंतिम चयन होगा या नहीं। परिणाम जारी न होने के कारण अभ्यर्थियों के सामने यह दुविधा बनी हुई है कि वे आगामी परीक्षा की तैयारी करें या अंतिम परिणाम की प्रतीक्षा करें।
केवल एक ही विषय का परिणाम जारी
हाल ही में केवल एक ही विषय का परिणाम जारी किया गया और उस विषय में भी मात्र एक अभ्यर्थी का परिणाम घोषित हुआ है। यह स्थिति दर्शाती है कि परिणाम जारी करने की प्रक्रिया अत्यंत धीमी है, जिससे बेरोजगार युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं।
अतः मेरा प्रदेश सरकार से विनम्र आग्रह है कि इस विषय की गंभीरता को समझते हुए शीघ्रातिशीघ्र सभी विषयों के अंतिम परिणाम घोषित किए जाएं, ताकि अभ्यर्थियों को अनिश्चितता और मानसिक दबाव से राहत मिल सके तथा वे अपने भविष्य को लेकर स्पष्ट निर्णय ले सकें।
