एजुकेशन

BPSC TRE-4 परीक्षा को लेकर बड़ा फैसला, अब एक चरण में होगी शिक्षक भर्ती परीक्षा

बिहार में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर आई है। अब चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा एक चरण में होगी। इसके अलावा प्रक्रिया से जुड़ी कई अन्य मांगों पर भी निर्णय लिया गया है।

Image

BPSC TRE-4 अब एक चरण में होगी। (Image - ChatGPT)

BPSC TRE-4 Latest News: बिहार में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। छात्रों की मांगों को लेकर सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक में TRE-4 भर्ती परीक्षा को लेकर अहम फैसला लिया गया है। अब चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा एक चरण में आयोजित की जाएगी। इसके अलावा परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी कई अन्य मांगों पर भी निर्णय लिया गया है। लेकिन सबसे प्रमुख मांग BPSC TRE-4 परीक्षा को दो चरणों की जगह एक चरण में कराने की थी। इस फैसले से उन अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो लंबे समय से परीक्षा प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग कर रहे थे। परीक्षा की तारीख और अन्य विस्तृत जानकारी आयोग की ओर से आगे जारी की जाएगी।

बैठक में 70वीं BPSC परीक्षा की पारदर्शिता समेत कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई। 70वीं BPSC परीक्षा के संबंध में गठित जांच समिति से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा आयोग की ओर से आयोजित परीक्षाओं में परीक्षा के दौरान होने वाली पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई। 1799 दरोगा बहाली परीक्षा से संबंधित प्रक्रिया को लेकर भी आवश्यक कदम उठाने का निर्णय लिया गया है।

सहायक प्राध्यापक से जुड़ी B.Ed परीक्षा के संबंध में पटना हाईकोर्ट के न्यायिक सदस्य की अध्यक्षता में गठित समिति के समक्ष शिकायतकर्ताओं को अपनी बात रखने का अवसर देने की बात कही गई है। समिति की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज करने का फैसला

बैठक में विश्वविद्यालयों में सहायक प्राध्यापक की भर्ती से संबंधित प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई। रिक्त पदों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई जल्द शुरू करने का निर्णय लिया गया है।

सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं में संविदा कर्मचारियों को दिए जाने वाले अंकों और उनके लिए अलग कोटा तय करने के मुद्दे पर भी विचार किया जाएगा। इसके लिए एक उच्चस्तरीय समिति गठित कर सरकार के प्रावधानों के अनुसार मामले की समीक्षा करने का निर्णय लिया गया है।

परीक्षाओं में अधिकतम डोमिसाइल नीति पर भी फैसला

राज्य की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में अधिकतम डोमिसाइल नीति लागू करने के संबंध में भी चर्चा हुई। बैठक में इस विषय पर प्राप्त परामर्श के आधार पर नियमानुसार आगे की प्रक्रिया करने का निर्णय लिया गया है। इसका उद्देश्य भर्ती प्रक्रियाओं में नियमों को स्पष्ट और व्यवस्थित करना है, ताकि अभ्यर्थियों को आवेदन और चयन प्रक्रिया को लेकर किसी तरह की परेशानी न हो।

छात्रों की शिकायतों के लिए क्या व्यवस्था है?

सरकार की ओर से छात्रों की समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए विद्यार्थी सहयोग पोर्टल और विद्यार्थी सहयोग शिविर की शुरुआत की गई है। इनके माध्यम से छात्रों की समस्याओं को दर्ज कर उनका समाधान करने की व्यवस्था की गई है। सरकार का कहना है कि छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए तय समयसीमा के भीतर कार्रवाई की जा रही है। बैठक में भी छात्र हित से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न मांगों पर निर्णय लिया गया।

परीक्षा सुधार के लिए बनेगी विशेषज्ञ समिति

सरकार ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सुधार के लिए परीक्षा सुधार पर एक विशेषज्ञ समिति गठित करने का निर्णय लिया है। यह समिति परीक्षाओं की प्रक्रिया में सुधार से संबंधित सुझाव देगी। इसके साथ ही समिति छात्रों की परीक्षा से जुड़ी शिकायतों और समस्याओं को भी सुन सकेगी।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article