देश

2 साल 11 महीने 18 दिन... 77 साल पहले आज ही बना था देश का संविधान, Constitution Day पर जानें इस सफर की दिलचस्प बातें

आज 26 नवंबर को देशभर में संविधान दिवस मनाया जा रहा है। जानें 26 नवंबर 1949 को संविधान अंगीकार किए जाने से लेकर प्रेम बिहारी नारायण रायजादा की हस्तलिपि, आचार्य नंदलाल बोस की कलाकृतियों और संविधान निर्माण की कहानी।

Image

26 नवंबर को मनाया जाता है संविधान दिवस

आज 26 नवंबर है, वह ऐतिहासिक दिन, जो हर भारतवासी को उसके अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक ताकत का एहसास कराता है। आज देशभर में 'संविधान दिवस' मनाया जा रहा है, जिसे 'राष्ट्रीय कानून दिवस' के रूप में भी जाना जाता है। साल 2015 में भारत सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी। इसके पीछे मुख्य उद्देश्य संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को सम्मान देना और नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। जब देश की आबादी करीब 36 करोड़ थी, संसाधन सीमित थे और चुनौतियां अनंत, तब भी संविधान सभा के सदस्यों ने 26 नवंबर 1949 को जो दस्तावेज राष्ट्र को सौंपा, उसने हर नागरिक के सपनों, संघर्षों और आकांक्षाओं को शब्दों में पिरोया। 26 जनवरी 1950 को लागू हुए इस संविधान का सफर 2026 में 77वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है।

आखिर 26 नवंबर को ही क्यों मनाया जाता है संविधान दिवस?

अक्सर लोगों के मन में यह सवाल आता है कि जब संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ, तो संविधान दिवस 26 नवंबर को क्यों मनाया जाता है? इसका सीधा संबंध 26 नवंबर 1949 से है। 77 साल पहले इसी दिन भारत की संविधान सभा ने देश के संविधान को औपचारिक रूप से स्वीकार किया था। इसके बाद 24 जनवरी 1950 को संविधान सभा की अंतिम बैठक हुई, जिसमें 284 सदस्यों ने संविधान पर हस्ताक्षर किए और डॉ. राजेंद्र प्रसाद को देश का पहला राष्ट्रपति घोषित किया गया। अंततः 26 जनवरी 1950 को यह पूरे देश में लागू हुआ।

कैसे तैयार हुआ दुनिया का सबसे लंबा हस्तलिखित संविधान?

भारत का संविधान दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान है। मूल रूप से इसमें 395 अनुच्छेद, 22 भाग और 8 अनुसूचियां थीं, जो समय के साथ संशोधनों के जरिए 448 से अधिक अनुच्छेदों, 25 भागों और 12 अनुसूचियों तक विस्तृत हो चुका है। सबसे खास बात यह है कि मूल संविधान किसी मशीन से टाइप या प्रिंट नहीं किया गया था, बल्कि इसे हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में हाथ से लिखा गया था। इसमें लगभग 90,000 शब्द हैं। पूरे संविधान को इटालिक शैली में प्रेम बिहारी नारायण रायजादा ने हाथ से लिखा। उन्होंने इसके लिए 250 से अधिक पेन होल्डर और निब का इस्तेमाल किया और बिना किसी कांट-छांट या गलती के इसे पूरा किया। जब रायजादा को संविधान लिखने का कार्य सौंपा गया, तो उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से साफ कहा कि वे पारिश्रमिक के रूप में एक रुपया भी नहीं लेंगे। उनकी बस एक शर्त थी कि संविधान के हर पन्ने पर उनका नाम और अंतिम पन्ने पर उनके दादा का नाम लिखा जाए। उनकी यह शर्त मान ली गई थी।

संविधान के हर भाग की शुरुआत भारतीय इतिहास और संस्कृति के विभिन्न दौर, सिंधु घाटी सभ्यता, वैदिक काल, मौर्य व गुप्त साम्राज्य, मुगल काल से लेकर स्वतंत्रता संग्राम तक को दर्शाने वाले चित्रों से होती है। ये 22 कलाकृतियां आचार्य नंदलाल बोस के मार्गदर्शन में शांतिनिकेतन के कलाकारों ने तैयार की थीं।

फिलहाल भारत के संविधान की मूल हस्तलिखित प्रतियां नई दिल्ली स्थित संसद भवन के पुस्तकालय में खास इनर्ट गैसों से भरे चेंबर में सुरक्षित रखी गई हैं, ताकि समय के साथ कागज और स्याही को कोई नुकसान न पहुंचे।

2 साल, 11 महीने और 18 दिन का ऐतिहासिक सफर

संविधान निर्माण की प्रक्रिया कैबिनेट मिशन योजना के तहत गठित संविधान सभा द्वारा पूरी की गई, जिसकी पहली बैठक 9 दिसंबर 1946 को हुई थी।

ड्राफ्टिंग कमेटी: 29 अगस्त 1947 को डॉ. भीमराव अंबेडकर की अध्यक्षता में प्रारूप समिति का गठन किया गया।

चर्चा और संशोधन: संविधान सभा के कुल 11 सत्रों में 165 दिनों तक मसौदे के हर पहलू पर गहन बहस हुई। द्वितीय वाचन के दौरान 7,653 संशोधन प्रस्तावित किए गए, जिनमें से 2,473 पर सभा में चर्चा हुई।

अधिकारों के साथ कर्तव्यों का संदेश: संविधान ने हर नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का अधिकार दिया, साथ ही मौलिक कर्तव्यों के जरिए यह भी याद दिलाया कि लोकतंत्र तभी मजबूत रहता है जब नागरिक अपने दायित्वों को भी उतनी ही गंभीरता से निभाएं।

आज 26 नवंबर का दिन स्कूलों, कॉलेजों, अदालतों और संस्थानों में प्रस्तावना के वाचन व विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया जा रहा है, यह दिन हमें संविधान निर्माताओं के योगदान को नमन करने और संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर देता है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article