दिल्ली

नई दिल्ली-उधमपुर के बीच 12 दिसंबर से दौड़ेगी स्पेशल वंदे भारत, फंसे यात्रियों के लिए 3 दिन चलेगी ट्रेन

इंडिगो की उड़ानें रद्द होने के कारण श्रीनगर और जम्मू एयरपोर्ट पर यात्रियों में फंसे यात्रियों में घबराहट और चिंता बढ़ गई है। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए उत्तरी रेलवे ने नई दिल्ली-उधमपुर के बीच 12 से 14 दिसंबर तक स्पेशल वंदे भारत ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इस ट्रेन का स्टॉपेज अंबाला, लुधियाना, पठानकोट और जम्मू तवी पर भी होगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या NTES ऐप से जानकारी जरूर लें।

Vande Bharat

वंदे भारत एक्सप्रेस (फाइल फोटो| PTI)

Photo : PTI

लगातार फ्लाइट कैंसिलेशन के कारण फंसे यात्रियों को राहत देने के लिए उत्तरी रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। उत्तरी रेलवे के जम्मू मंडल ने घोषणा की है कि 12 दिसंबर से तीन दिनों के लिए नई दिल्ली और उधमपुर के बीच एक स्पेशल वंदे भारत ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन तीन दिनों में दोनों दिशाओं में तीन-तीन ट्रिप करेगी, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और किफायती विकल्प मिल सके।

फ्लाइट कैंसिलेशन से श्रीनगर और जम्मू एयरपोर्ट पर फंसे यात्री

इंडिगो द्वारा बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द किए जाने से श्रीनगर और जम्मू एयरपोर्ट पर फंसे यात्रियों में घबराहट और चिंता बढ़ गई है। फंसे हुए यात्री पिछले तीन दिनों से विरोध कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें यह नहीं पता कि उड़ान सेवाएं कब सामान्य होंगी और वे अपनी मंजिल तक कैसे पहुंचेंगे। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू मंडल आपातकालीन परिस्थितियों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष ट्रेनें चलाता रहा है। इसी क्रम में, बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए, जम्मू मंडल ने नई दिल्ली–उधमपुर के बीच एक विशेष वंदे भारत ट्रेन चलाने का फैसला किया है।

नई दिल्ली–उधमपुर स्पेशल वंदे भारत का समय

सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर उचित सिंगल ने बताया, “विशेष ट्रेनें 02439 नई दिल्ली–उधमपुर वंदे भारत और 02440 उधमपुर–नई दिल्ली वंदे भारत 12 से 14 दिसंबर के बीच दोनों दिशाओं में तीन-तीन ट्रिप करेंगी। इसका मकसद फंसे यात्रियों को सुरक्षित और किफायती यात्रा विकल्प उपलब्ध करवाना है। ट्रेन नंबर 02439 सुबह 6 बजे नई दिल्ली से रवाना होकर दोपहर 2 बजे उधमपुर पहुंचेगी। रास्ते में अंबाला कैंट, लुधियाना, पठानकोट कैंट और जम्मू तवी सहित कई स्टेशनों पर रुकेगी।” उन्होंने आगे बताया कि ट्रेन नंबर 02440 दोपहर 3 बजे उधमपुर से चलेगी और रात 11 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। सिंगल ने यह भी बताया कि यह विशेष वंदे भारत ट्रेन 20 कोचों के साथ चलाई जाएगी।

अधिकारी ने यात्रियों को सलाह दी कि यात्रा से पहले भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम ऐप से प्रमाणित जानकारी जरूर चेक करें। फिलहाल, जम्मू मंडल के रियासी जिले के कटरा और कश्मीर घाटी के बीच सीधी रेल सेवा चल रही है। उत्तरी रेलवे के सूत्रों के अनुसार, वर्ष के अंत तक जम्मू और कश्मीर घाटी के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
Pooja Kumari author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article