Delhi Karnal Namo Bharat: दिल्ली-मेरठ रूट पर नमो भारत ट्रेन के सफल संचालन के बाद अब दिल्ली-करनाल रूट पर भी काम जल्द शुरू होने की संभावना है। केंद्रीय कैबिनेट की अंतिम मंजूरी से पहले ही इस प्रोजेक्ट से जुड़ी तैयारियां तेज हो गई हैं। लगभग 136 किलोमीटर लंबे इस रूट का अधिकांश हिस्सा एलिवेटेड (ऊपर बना ट्रैक) होगा, जिससे निर्माण कार्य अपेक्षाकृत जल्दी पूरा किया जा सकेगा। एनसीआरटीसी (NCRTC Project Update) ने नमो भारत परियोजना के पहले चरण में तीन प्रमुख रूट तय किए थे। इनमें दिल्ली-मेरठ रूट पर ट्रेन चलनी शुरू हो चुकी है।
दिल्ली-गुरुग्राम रूट से पहले दिल्ली-करनाल रूट पर शुरू हो सकता है काम
वहीं दिल्ली-गुरुग्राम-एसएनबी रूट की भी योजना है। तीसरे रूट के तौर पर दिल्ली-पानीपत को चुना गया था, लेकिन हरियाणा सरकार के सुझाव के बाद इसे बढ़ाकर दिल्ली-करनाल तक करने पर सहमति बनी। सूत्रों के अनुसार, अब दिल्ली-गुरुग्राम रूट से पहले दिल्ली-करनाल रूट पर काम शुरू किया जा सकता है। पिछले कुछ समय में इस रूट पर बिजली और पानी से जुड़ी सुविधाओं को शिफ्ट करने के लिए टेंडर जारी किए गए हैं। इससे साफ है कि जमीन पर काम शुरू करने की तैयारी पूरी हो रही है।
दिल्ली-करनाल नमो भारत रूट पर बनाए जाएंगे बड़े इंटरचेंज स्टेशन
इस रूट पर कई जगह बिजली की लाइनें, ट्रांसफॉर्मर, पानी की पाइपलाइन और सीवर लाइन को हटाकर दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा। खासतौर पर पानीपत से करनाल के बीच बिजली की लाइनों की शिफ्टिंग की योजना बनाई गई है। इसके अलावा करीब 36 किलोमीटर तक अन्य जरूरी सुविधाओं को भी हटाने का काम किया जाएगा, ताकि निर्माण में कोई रुकावट न आए। दिल्ली-करनाल नमो भारत रूट की खास बात यह होगी कि इसमें बड़े इंटरचेंज स्टेशन बनाए जाएंगे। सराय काले खां से शुरू होकर यह ट्रेन इंद्रप्रस्थ और कश्मीरी गेट जैसे प्रमुख स्थानों पर दिल्ली मेट्रो से जुड़ेगी। इससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। कश्मीरी गेट पर बस अड्डे से भी सीधा संपर्क होगा, जिससे यात्रा और आसान हो जाएगी।
