Republic Day Parade 2022: दिल्‍ली में आज बंद रहेंगे कई मार्ग, मेट्रो सर्विस पर भी असर, जान लें पूरा रूट

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 26, 2022, 05:45 AM IST

दिल्‍ली में आज गणतंत्र दिवस परेड को लेकर कई यातायात प्रतिबंधों की घोषणा की गई है। साथ ही मेट्रो सर्विस में भी आंशिक कटौती की गई है। ऐसे में घर से निकलने से पहले मेट्रो सर्विस और ट्रैफिक रूट के बारे में पहले से जानकारी हासिल कर लें तो बेहतर होगा।

Republic Day Parade 2022: दिल्‍ली में आज बंद रहेंगे कई मार्ग, मेट्रो सर्विस पर भी असर, जान लें पूरा रूट
Photo Credit: PTI

नई दिल्‍ली : गणतंत्र दिवस समारोह से जुड़े सुरक्षा उपायों के तहत 26 जनवरी को दिल्ली मेट्रो की सेवाओं में आंशिक तौर पर कटौती की गई है। राजपथ के आसपास के चार स्टेशन- केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन, पटेल चौक और लोक कल्याण मार्ग स्टेशन आज (बुधवार, 26 जनवरी) सुबह बंद रहेंगे। 26 जनवरी को दोपहर 2 बजे तक मेट्रो के सभी पार्किंग स्थल भी बंद रहेंगे। 

दिल्‍ली मेट्रो रेल निगर (DMRC) की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि ये सभी उपाय गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनजर दिल्ली पुलिस से मिले सुरक्षा निर्देशों के तहत किए गए हैं। इसके तहत येलो लाइन-2 पर मेट्रो सर्विस में कटौती की गई है। इस लाइन पर केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन स्टेशन पर प्रवेश-निकासी दोपहर 12 बजे तक बंद रहेगी। वहीं, पटेल चौक और लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास सुबह 8:45 से दोपहर 12 बजे तक बंद रहेगा।

Image

बंद रहेंगे कई मार्ग

दिल्‍ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से भी एडवाइजरी जारी की गई है, जिसमें कहा गया है कि परेड सुबह 10:20 बजे से शुरू होगी, जो विजय चौक से होते हुए लाल किले तक जाएगी। इस दौरान परेड के सुचारु संचालन के लिए कुछ मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित किया गया है। इसके अनुसार, तिलक मार्ग, BSZ मार्ग और सुभाष मार्ग पर दोनों दिशाओं में यातायात की अनुमति नहीं होगी। दिल्‍ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से इस संबंध में विस्‍तृत जानकारी दी गई है।

Image

राजपथ पर विजय चौक से इंडिया गेट तक परेड समाप्‍त होने तक कोई यातायात नहीं होगा। राजपथ पर रफी मार्ग, जनपथ, मानसिंह रोड पर भी परेड पूर्ण होने तक ट्रैफिक की अनुमति नहीं होगी। 'सी'-हेक्‍सागन-इंडिया गेट पर भी परेड तक यातायात नहीं हो सकेगा। लोगों से दोपहर 12:30 बजे तक परेड के रास्‍ते से गुजरने से बचने की अपील की गई है।
 

End of Article