जयपुर (Jaipur) में श्रद्धा जैसा हत्याकांड (Sharaddha Murder Case) का मामला सामने आया है। यहां एक भतीजे ने ही अपनी चाची की हत्या करके उसकी लाश को 10 टुकड़ों में काट डाला। लाश को काटने के बाद वो उसे बाल्टी में भर-भरकर जंगलों में फेंक आया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
खुद किया मर्डर, फिर लिखवा आया रिपोर्ट
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी भतीजे, अपनी चाची के साथ ही रहता था। मृतका की दो बेटियां और एक बेटा है। बेटा विदेश में रहता है और बेटियों की शादी हो गई है। ऐसे में आरोपी ही मृतका के साथ रहता था। मृतका ही आरोपी का खर्चा उठाती थी। इसी बीच किसी बात को लेकर आरोपी भतीजा गुस्सा हुआ और हथौड़े से मारकर जान ले ली। इसके बाद उनकी एक बेटी को फोन करके कहा कि चाची लापता हो गई है, वो रिपोर्ट लिखवा आया है।
बेटी को हुआ शक
मृतका की जिस बेटी को आरोपी ने फोन किया था, उसे शक हो गया। वो बिना बताए मां के घर पहुंच गई। वहां उसने देखा कि आरोपी दीवार पर लगे खून को साफ कर रहा है, पूछने पर उसने बहाना बना दिया। इसके बाद उसने अपनी दूसरी बहन को फोन करके सारी बात बताई और फिर पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।
पूछताछ में खुला राज
इसके बाद पुलिस आई और उसने आरोपी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उससे पूछताछ की गई। सख्ती के साथ पूछताछ में उसने जो बताया उससे पुलिस भी चौंक गई। उसने बताया कि चाची उसे रोकती-टोकती थी। जिससे वो तंग आ चुका था, इसी क्रम में उसने एक दिन चाची की हत्या कर दी। लाश को काटने के लिए आरोपी ने मार्बल कटर का प्रयोग किया था। इसके बाद लाश को आमेर के जंगलों में फेंक आया। अब पुलिस ने वहां से लाश के आठ टुकड़ों को बरामद कर लिया है।
