कर्नाटक में लव जिहाद के कई मामलों के बीच अब एक ऐसा मामला सामने आया है जो दो समुदायों के बीच तनाव को भड़का सकता है। दरअसल एक मुस्लिम लड़के की पिटाई सिर्फ इसलिए कर दी गई है, क्योंकि उसने एक हिंदू लड़की से दोस्ती की थी। इस मामले में पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
क्या है पूरा मामला
कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले के सुब्रमण्य गांव में हिंदू समुदाय की एक लड़की से कथित तौर पर दोस्ती करने के आरोप में एक मुस्लिम युवक पर बेरहमी से हमला किया गया। बताया जा रहा है कि युवक और युवती इंस्टाग्राम पर मिले थे और आपस में बातचीत करने लगे थे। बाद में, उनके बीच दोस्ती हो गई थी।
बस स्टैंड से उठाया
इस दोस्ती की जानकारी जब आरोपियों तक पहुंची तो उन्होंने लड़के को पीटने का प्लान बना डाला। आरोप है कि एक दिन जब लड़का कहीं जा रहा था, तो उसे बस स्टैंड से ही आरोपियों ने उठा लिया, उसके बाद उसे सुनसान जगह पर ले गए, जहां उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। लात-घूसों के साथ-साथ डंडे से भी उसकी पिटाई हुई। इसके बाद मारने की धमकी भी दी गई। उसे दोस्ती खत्म करने के लिए कहा गया।
कर्नाटक का हाल
कर्नाटक में हिजाब विवाद से लेकर लव जिहाद तक के मुद्दे समय-समय पर गर्माते रहे हैं। कुछ इलाकों में इन मुद्दों को लेकर तनाव भी पैदा हो चुका है। हालांकि हिजाब मामला सुप्रीम कोर्ट में है, जिसके कारण ये मामला फिलहाल शांत दिख रहा है।
