Raja Raghuvanshi Murder Case: मेघालय में हनीमून के दौरान इंदौर के पर्यटक राजा रघुवंशी की हत्या में कथित रूप से उसकी पत्नी शामिल थी, जिसने भाड़े के हत्यारे बुलाए थे। मेघालय की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आई नोंगरांग ने बताया कि राजा की पत्नी सोनम ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि रातभर की छापेमारी के बाद तीन अन्य हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया। राजा और उनकी पत्नी सोनम 23 मई को सोहरा इलाके के नोंगरियात गांव में एक होमस्टे से निकलने के कुछ घंटे बाद ही लापता हो गए थे। राजा का शव दो जून को गांव से 20 किलोमीटर दूर एक खाई में मिला था। इस मामले को सुलझाने में एक गाइड के बयान ने भी अहम भूमिका निभाई। इसी गाइड ने बताया था कि राजा और सोनम के साथ तीन लोग थे जो हिंदी में बात कर रहे थे।
गाइड अल्बर्ट ने तीन लोगों को देखा था
मावलखियात में एक पर्यटक गाइड अल्बर्ट पडे ने रघुवंशी और उनकी पत्नी को लापता होने के दिन तीन लोगों के साथ देखा था। अल्बर्ट ने कहा कि उसने 23 मई को सुबह 10 बजे के आसपास नोंगरियात से मावलखियात तक 3,000 से अधिक सीढ़ियां चढ़ते समय तीन लोगों के साथ दंपति को देखा था। गाइड ने बताया कि उसने दंपति को पहचान लिया क्योंकि उसने पिछले दिन उन्हें नोंगरियात में लोकप्रिय ‘लिविंग रूट्स ब्रिज’ देखने की बात कही थी, लेकिन उन्होंने विनम्रतापूर्वक मना कर दिया था और एक अन्य गाइड को काम पर रखा था।
‘लिविंग रूट्स ब्रिज’ मेघालय में पेड़ों की जड़ों से प्राकृतिक रूप से बना पुल है जो कि पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है। गाइड ने यह भी बताया कि दंपति के साथ आए तीनों लोग हिंदी में बात कर रहे थे जो दिखाता है कि वे स्थानीय लोग नहीं थे।
वेइसाडोंग फॉल्स के पास एक खाई में मिला शव
राजा रघुवंशी का शव वेइसाडोंग फॉल्स के पास एक खाई में मिला था। उनकी एक सोने की अंगूठी और चेन गायब थी, जिससे संदेह और बढ़ गया कि उनकी हत्या की गई। एक दिन बाद पास में ही खून से सना एक चाकू मिला और दो दिन बाद दंपति द्वारा इस्तेमाल किए गए रेनकोट जैसा ही एक रेनकोट सोहरारिम और उस खाई के बीच मावकमा गांव में मिला, जहां राजा रघुवंशी का शव पाया गया था।
मेघालय पुलिस करेगी पूरा खुलासा
मेघालय डीजीपी ने बताया कि एक आरोपी को उत्तर प्रदेश से पकड़ा गया और दो अन्य आरोपियों को विशेष जांच दल ने इंदौर से पकड़ा। सोनम ने उत्तर प्रदेश के नंदगंज थाने में आत्मसमर्पण कर दिया और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। डीजीपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों ने खुलासा किया है कि सोनम ने रघुवंशी की हत्या के लिए उन्हें भाड़े पर बुलाया था। उन्होंने कहा, अपराध में शामिल कुछ और लोगों को पकड़ने के लिए मध्यप्रदेश में अभियान अब भी जारी है। मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने राज्य और देश को झकझोर देने वाले इस मामले को सुलझाने के लिए पुलिस की सराहना की। वहीं, इंदौर के पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शहर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में मेघालय पुलिस ने इंदौर और इसके आस-पास से तीन लोगों को हिरासत में लिया है। उन्होंने बताया कि रविवार देर रात की इस मुहिम में इंदौर पुलिस ने मेघालय की ईस्ट खासी हिल्स पुलिस की मदद की। सिंह ने बताया कि राजा रघुवंशी के हत्याकांड का विस्तृत खुलासा मेघालय पुलिस करेगी। (Bhasha-PTI Input)
