क्राइम

तमिलनाडु के कडलूर में खौफनाक वारदात: 70 साल के किसान को सरेआम पेट्रोल डालकर लगाई आग… वीडियो दिल दहला देगा

तमिलनाडु के कडलूर में 70 वर्षीय एक किसान को दो व्यक्तियों द्वारा कथित तौर पर पेट्रोल डालकर जलाने का मामला सामने आया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आपसी रंजिश की वजह से यह कृत्य किया गया। पुलिस ने मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

तमिलनाडु में किसान को जिंदा जलाया।

तमिलनाडु में किसान को जिंदा जलाया। (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : PTI

तमिलनाडु के कडलूर जिले में एक 70 वर्षीय किसान को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। यह हमला कथित तौर पर आपसी रंजिश के चलते किया गया। पुलिस ने इस मामले में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीड़ित किसान की पहचान राजेंद्रन के रूप में हुई है,जो मालिगमपट्टू का निवासी है। वह फिलहाल अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज जारी है।

कब हुई घटना

यह घटना 29 जनवरी की शाम करीब 6:50 बजे कदंपुलियूर गांव के पास हुई, जब राजेंद्रन एक दोपहिया वाहन पर पीछे बैठकर जा रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया, उन पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। इसके बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत मामले के बारे में पुलिस को सूचना दी,जिसके बाद आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाकर पीड़ित को चिदंबरम राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें चेन्नई स्थित किलपाक मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है,जिनमें पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले दो मुख्य आरोपी भी शामिल हैं। अदालत की अनुमति के बाद सभी आरोपियों को कडलूर जेल भेजा जाएगा।

द्रमुक सरकार पर साधा निशाना

इस घटना को लेकर विपक्षी दल ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव एडप्पादी के.पलानीस्वामी ने सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार पर निशाना साधा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे घटना के वीडियो का हवाला देते हुए उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। पलानीस्वामी ने कहा कि राजेंद्रन का सड़क पर जलते हुए भागना यह दिखाता है कि द्रमुक शासन में कानून-व्यवस्था किस हद तक चरमरा गई है। तमिलनाडु के लोग भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं।” उन्होंने मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच तथा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

शिव शुक्ला
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article