क्राइम

साढ़े 3 साल की मासूम बच्ची से डिजिटल दुष्कर्म के दोषी को आजीवन कारावास, स्कूल पर 10 लाख रुपये जुर्माना

इस घटना के बाद स्कूल प्रबंधन पर आरोप लगा था कि मामले की जानकारी होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय उसने दो दिन तक मामले को दबाने का प्रयास किया। स्कूल प्रबंधन ने इस मामले को रफादफा करने के लिए बच्ची के माता-पिता पर भी दबाव बनाया गया था।

Image

मासूम बच्ची से डिजिटल रेप में आया फैसला (PTI)

Noida Digital Rape Case: जनपद गौतम बुद्ध नगर के एक नामी स्कूल में साल 2018 में साढ़े तीन साल की बच्ची से ‘डिजिटल’ रेप करने वाले चंडीदास को जिला अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। विशेष लोक अभियोजक ने बताया कि उस पर 24 हजार का जुर्माना भी लगाया है। अदालत ने निजी स्कूल पर भी 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। साल 2018 के इस मामले में स्कूल पर गंभीर आरोप लगे थे।

स्कूल प्रबंधन पर मामले को दबाने का आरोप

भाषा की खबर के मुताबिक, इस घटना के बाद स्कूल प्रबंधन पर आरोप लगा था कि मामले की जानकारी होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय उसने दो दिन तक मामले को दबाने का प्रयास किया। स्कूल प्रबंधन ने इस मामले को रफादफा करने के लिए बच्ची के माता-पिता पर भी दबाव बनाया गया था। विशेष लोक अभियोजन अधिकारी जेपी भाटी ने बताया कि तैराकी सिखाने के दौरान चंडीदास ने डिजिटल दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी तब बतौर लाइफ गार्ड तरणताल के पास तैनात था। चंडीदास मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला है।

साल 2018 का मामला

भाटी ने बताया कि वर्ष 2018 में सूरजपुर क्षेत्र में स्थित निजी स्कूल में पढ़ने वाली बच्ची के साथ चंडीदास ने डिजिटल रेप किया था। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के वकील के जिरह के बाद अदालत ने आरोपी को दोषी पाया तथा उसे आजीवन कारावास की सजा सुनायी और उसे 24 हजार रुपए का अर्थ दंड भी दिया।

स्कूल को 10 लाख रुपये का भुगतान करने का आदेश

अदालत ने निजी स्कूल को भी घोर लापरवाही के लिए उत्तरदायी माना और उसे आदेश की तारीख से एक महीने के भीतर 10 लाख रुपये का भुगतान करने का आदेश दिया। यह रकम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में जमा करनी होगी। यह राशि पीड़ित बच्ची और उसके परिवार को प्रतिपूर्ति के रूप में दी जाएगी। डिजिटल रेप दो शब्द डिजिट और रेप से बना है। डिजिट का आशय यहां उंगली, अंगूठा, पैर की उंगली से है। डिजिटल रेप से जुड़ी घटनाओं में आरोपी अंगुलियों या अंगूठे का इस्तेमाल करते हैं। (भाषा)

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article