क्राइम

दिल्ली: तीन शराब की बोतल, 3 ग्लास और तीन लाश! तंत्र का खेल या फिर कोई साजिश? गिरफ्त में तांत्रिक

राजधानी दिल्ली के पीरागढ़ी में कार से तीन लाश के मिलने के मामले में पुलिस उस तांत्रिक तक पहुंच गई है, जिससे मौत से पहले ये तीनों मिले थे। तीन मृतकों में दो मर्द और एक महिला शामिल हैं। तीनों की लाश के पास से शराब की बोतलें और ग्लास भी पुलिस को मिली हैं।

delhi murder

दिल्ली के पीरागढ़ी में मिली तीन लाश (प्रतीकात्म फोटो- Canva)

दिल्ली के पीरागढ़ी में एक कार में तीन लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। लाश के पास से शराब की तीन बोतलें, तीन ग्लास भी मिला है। इस मामले में तंत्र-मंत्र का भी एंगल सामने आ रहा है, दिल्ली पुलिस ने एक तांत्रिक को भी इस मामले में हिरासत में लिया है। दिल्ली पुलिस ने तीनों लाशों की पहचान कर ली है।

मौत से पहले बाबा से की थी मुलाकात

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान रणधीर, शिव नरेश और लक्ष्मी के रूप में हुई है। तीनों शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे पीरागढ़ी इलाके में देखे गए थे। इसके बाद वे पीरागढ़ी से निकलकर रिंग रोड के रास्ते उत्तर-पूर्वी दिल्ली के इलाके में गए थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात उक्त बाबा से हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे जांच के दायरे में लिया है।

तीनों मृतक एक दूसरे को जानते थे

जांच में सामने आया है कि तीनों मृतक एक-दूसरे को काफी समय से जानते थे। रणधीर और शिव नरेश प्रॉपर्टी के व्यवसाय से जुड़े हुए थे, जबकि लक्ष्मी होम केयर का काम करती थी और बुजुर्गों को मेडिकल सेवाएं उपलब्ध कराती थी। पुलिस का कहना है कि तीनों लगातार एक-दूसरे के संपर्क में रहते थे।

जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका

कार से मिले सबूतों के मुताबिक, तीनों शवों के पास से तीन शराब की बोतलें और तीन इस्तेमाल किए हुए डिस्पोजेबल ग्लास बरामद हुए हैं। वहीं शिव नरेश और लक्ष्मी के मुंह से उल्टी निकली हुई पाई गई, जिससे जहरीले पदार्थ या केमिकल के सेवन की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि लक्ष्मी ने दो शादियां कर रखी थीं। उसका एक पति बिहार में रहता है, जबकि वह दूसरे पति के साथ दिल्ली में रह रही थी। हालांकि शुरुआती जांच में पुलिस को मृतकों की प्रोफाइल से अब तक कोई स्पष्ट संदिग्ध तथ्य नहीं मिला है।

न चोट न खरोच

पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह करीब 10:30 बजे तीनों पीरागढ़ी से निकले थे और दोपहर करीब 3 बजे वापस पीरागढ़ी इलाके में पहुंचे, जहां बाद में उनकी लाशें कार में मिलीं। रणधीर और शिव नरेश का पोस्टमार्टम किया जा चुका है, जबकि लक्ष्मी का पोस्टमार्टम अभी होना बाकी है। दोनों मृतकों का विसरा सुरक्षित रख लिया गया है ताकि शरीर में किसी केमिकल या जहरीले पदार्थ की जांच की जा सके। लक्ष्मी का विसरा भी पोस्टमार्टम के दौरान सुरक्षित किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि तीनों के शरीर पर किसी भी तरह की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।

बाबा से पूछताछ जारी

फिलहाल पुलिस बाबा से पूछताछ कर रही है और तीनों के आने-जाने के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि उनकी हर गतिविधि का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित एंगल से की जा रही है और पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और साफ होगी।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमार author

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय ... और देखें

End of Article