पिता ने छिपाया फोन तो बेटी बन गई हत्‍यारिन, मां की मदद से शव को लगाया ठिकाने

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 27, 2021, 07:09 AM IST

Crime news: पिता ने फोन छिपा दिया तो लड़की इतनी नाराज हो गई कि उसने डंडे और पत्‍थर से पीट-पीटकर उसकी जान ले ली और फिर मां की मदद से शव को आंगन में ही दफना दिया।

पिता ने छिपाया फोन तो बेटी बन गई हत्‍यारिन, मां की मदद से शव को लगाया ठिकाने
Photo Credit: Representative Image

बिलासपुर : छत्‍तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 28 साल की एक युवती ने डंडे और पत्‍थर  से पीट-पीट कर पिता की हत्‍या कर दी और फिर मां की मदद से शव को आंगन में ही दफना दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों वहां से फरार हो गईं। हालांकि मामले में पड़ोसियों की गवाही अहम साबित हुई और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह वारदात बिलासपुर जिले के बेलगहना तहसील में कंचनपुर गांव की है, जहां 24 जनवरी (रविवार) को युवती ने पिता की हत्‍या कर दी। इस मामले में मां और बेटी को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद पुलिस ने इस घटना के बारे में जानकारी दी।

पिता को डंडे, पत्‍थर से पीटा

पुलिस के मुताबिक, युवती 23 जनवरी (शनिवार) को अपने पति के साथ माता-पिता के घर पहुंची। बाद में उसका पति लौट गया था। अगले दिन युवती को अपना फोन नहीं मिला तो उसने अपने पिता से इस बारे में पूछा। पहले तो उसने इस बारे में कोई भी जानकारी होने से इनकार कर दिया। लेकिन फिर कहा कि चूंकि उसने पिता की मर्जी के खिलाफ जाकर शादी की है, इसलिए उसने फोन छिपा दिया है।

बहुत मांगने पर भी जब पिता ने फोन नहीं दिया तो बेटी ने डंडे से पिता की बुरी तरह पिटाई की और फिर पत्‍थर के एक टुकड़े से उस पर कई बार वार किया, जिससे घटनास्‍थल पर ही उसकी मौत हो गई। बाद में युवती ने अपनी मां की मदद से घर के ही आंगन में शव को ठिकाने लगा दिया और फिर मौके से फरार हो गई। हालांकि पड़ोसियों को इसकी भनक लग गई थी, जिन्‍होंने इसकी सूचना पुलिस को दी और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

End of Article