क्राइम

Killer Father:कलियुगी बाप! नाबालिग बेटी की 'हत्या' कर, रचा 'आत्महत्या' का नाटक, लेकिन 'मोबाइल' झूठ नहीं बोला

  • Authored by: रवि वैश्य
  • Updated Nov 13, 2022, 05:45 PM IST

father murdered minor daughter: नाबालिग बेटी की फांसी लगाकर पिता ने की हत्या, वारदात के बाद रची आत्महत्या की कहानी दूसरी पत्नी को फंसाने के लिए साजिश रची ये मामला नागपुर से सामने आया है।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

Photo : BCCL
KEY HIGHLIGHTS
आरोपी गूड्डू की पहली पत्नी से उसे 16 साल की माही और 12 साल की खुशी नाम की बेटियां हैं
पत्नी की मौत के बाद साल 2018 में गुड्डू के संबंध कौशल्या पिपरडे नामक महिला से जुड़ गए
इस घटना को लेकर शुरुआत से ही संदेह जताया जा रहा था वहीं अब हत्यारा पिता ही निकला है

महाराष्ट्र के नागपुर के कलमना थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है, एक व्यक्ति ने अपनी दूसरी पत्नी और ससुराल वालों को फंसाने के लिए अपनी ही बेटी की बलि चढ़ा दी, आत्महत्या करने का नाटक रचाया और ससुराल वालों को फंसाने में कामयाब भी हो गया लेकिन उसके मोबाइल फोन में मिली कुछ तस्वीरें पुलिस के हाथ लग गईं जिससे हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ।

हालांकि मामले का पूरा खुलासा होने तक पुलिस ने इस पूरे मामले गोपनीय रखा था, इस मामले में पुलिस ने आरोपी कलमना निवासी गुड्डू छोटूलाल रजक को गिरफ्तार कर लिया है. छोटू की पहली पत्नी आरती ने कलह के चलते वर्ष 2016 में जहर पी कर आत्महत्या कर ली थी, पहली पत्नी से उसे 16 साल की माही और 12 साल की खुशी नाम की बेटियां हैं।

गुड्डू ने दूसरी पत्नी और उसके परिवार को फंसाने का प्लान बनायापत्नी की मौत के बाद वर्ष 2018 में गुड्डू के संबंध कौशल्या पिपरडे नामक महिला से जुड़ गए, दोनों पति-पत्नी की तरह लिव इन रिलेशन में रहने लगे लेकिन उसके सनकी स्वभाव के चलते कौशल्या भी कुछ समय पहले ही घर छोड़कर चली गई। कौशल्या को अपने पिता, भाई और भाभी से मदद मिलती थी। गुड्डू ने कौशल्या और उसके परिवार को फंसाने का प्लान बनाया।

मोबाइल फ़ोन में मिली तस्वीरों ने खोला राज6 नवंबर को तड़के माही द्वारा फांसी लगाए जाने की जानकारी पुलिस को मिली। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, पुलिस को उसके पास सुसाइड नोट मिला,जिसमें उसने सौतेली मां, मामा और मामी पर प्रताड़ित करने और शारीरिक शोषण का उल्लेख किया था। पुलिस ने तीनों के खिलाफ विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। इस घटना को लेकर शुरुआत से ही संदेह जताया जा रहा था।

पुलिस को गुड्डू के हावभाव भी ठीक नहीं लग रहे थे

गुड्डू के फोन की जांच करने पर कुछ तस्वीरें डिलीट किए जाने का पता चला, तकनीकी माध्यमों से डाटा रिट्रीव करने पर कुछ फोटो मिली, उसमें माही फांसी का फंदा गले में डालते, जीभ बाहर निकालते दिखाई दे रही है। एक फोटो में खुद गुड्डू भी दिखाई दे रहा है। फंदे की रस्सी ढीली थी, जिसके चलते पुलिस को उस पर कुछ संदेह हुआ आखिर पुलिस ने गुड्डू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। सख्ती बरतने पर उसी ने माही की हत्या की कबूली दी। गुड्डू ने माही और छोटी बेटी को कौशल्या और उसके परिवार को फंसाने के लिए राजी किया।

छोटी बेटी की आंखों के सामने ये सब हुआगुड्डू ने दोनों बेटियों को बताया था कि सौतेली मां और उसके परिवार को फंसाने के लिए फांसी लगाने का केवल नाटक करना है, फोटो निकालकर पूरे परिवार को फंसा देंगे, उसके कहे अनुसार ही माही ने सुसाइड नोट लिखे थे। गुड्डू ने खुद फंदा तैयार किया, छोटी बेटी को मोबाइल पर तस्वीरें खींचने को कहा। माही ने प्लास्टिक के स्टूल पर चढ़कर गले में फंदा डाला, कुछ तस्वीरें खींचने के बाद गुड्डू ने स्टूल को लात मार दी। माही फंदे पर झूल गई और उसकी मौत हो गई, छोटी बेटी की आंखों के सामने ये सब हुआ था।

आरोपी गुड्डू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज

पुलिस ने रिश्तेदारों के जरिए उससे भी पूछताछ की उसने पिता की पूरी योजना का कच्चा-चिट्ठा खोल दिया,पूछताछ में आरोपी ने यह सारी योजना क्राइम पेट्रोल देखकर बनाने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी गुड्डू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है लेकिन सच तो ये है कि गुड्डू अपने मनसूबों में कामयाब भी हो गया था. उसके द्वारा रचाए गए नाटक में सौतेली मां और उसका परिवार भी आत्महत्या के लिए मजबूर करने और लैंगिक शोषण करने के मामले में आरोपी बन गया, प्रकरण की जांच जारी है।
रवि वैश्य
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article