आईपीएल में पहली बार खेलने उतरा सिंगापुर का क्रिकेटर, जानिए कौन है 6 फीट 5 इंच लंबा ये धुरंधर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 24, 2021, 08:58 PM IST

RCB vs CSK IPL 2021: आईपीएल 2021 में शुक्रवार को शारजाह के मैदान पर खेले गए मुकाबले में एक खास खिलाड़ी ने अपने आईपीएल करियर का आगाज किया। ये हैं सिंगापुर के टिम डेविड।

आईपीएल में पहली बार खेलने उतरा सिंगापुर का क्रिकेटर, जानिए कौन है 6 फीट 5 इंच लंबा ये धुरंधर
Photo Credit: Twitter

IPL 2021 RCB vs CSK Tim David Debut: आईपीएल 2021 में शुक्रवार का दिन सिंगापुर और वहां के क्रिकेट फैंस के लिए बेहद खास रहा। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच शारजाह के ग्राउड पर खेले गए दूसरे चरण के इस मुकाबले में पहली बार सिंगापुर का कोई क्रिकेटर मैदान पर उतरा। इनका नाम है टिम डेविड। उनको रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने शुक्रवार को अपनी शीर्ष-11 में जगह दी। हालांकि इस पहले मैच में वो सिर्फ 1 रन ही बना सके।

टिम डेविड एक ऑलराउंडर हैं। इस खिलाड़ी को आईपीएल नीलामी में तो कोई खरीददार नहीं मिला था लेकिन जब बैंगलोर ने ऑक्शन के बाद खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल किया तो उसमें टिम डेविड का नाम भी शामिल रहा। उन्हें कीवी खिलाड़ी फिन ऐलेन की जगह शामिल किया गया। इसकी वजह थी दुनिया भर की तमाम टी20 व वनडे क्रिकेट लीग के दौरान इस खिलाड़ी की बेहतरीन बल्लेबाजी। वो शानदार बल्लेबाज होने के साथ-साथ स्पिन बॉलर भी हैं।

TIM DAVID

कौन हैं टिम डेविड

सिंगापुर में 16 मार्च, 1996 को जन्में टिम डेविड सिंगापुर की राष्ट्रीय टीम से खेलने वाले 6 फीट 5 इंच लंबे खिलाड़ी हैं। अबतक खेले अपने 14 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच में 46.50 की औसत और 158.52 के स्ट्राइक रेट से 558 रन बनाए हैं। इसमें 4 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 92 रन का रहा है। इसी दौरान उन्होंने 5 विकेट भी अपने नाम किए हैं। टी20 क्रिकेट में टिम डेविड ने अबतक कुल 49 मैच खेले हैं जिसकी 45 पारियों में उन्होंने 36.59 की औसत और 155.09 के शानदार स्ट्राइक रेट से 1171 रन भी बना चुके हैं। 

क्या है खासियत

डेविड बल्लेबाजी के दौरान शानदार छक्के जड़ने में माहिर हैं। टी20 क्रिकेट में वो अबतक 91 चौके और 59 छक्के जड़ चुके हैं। डेविड बिग बैश लीग में अबतक होबार्ट हरीकेन और पर्थ स्कॉचर्स की तरफ से खेल चुके हैं। वहीं पाकिस्तान सुपर लीग में वो लाहौर कलंदर्स के लिए और कैरेबियाई प्रीमियर लीग में सेंट लुसिया किंग्स का भी हिस्सा रह चुके हैं। टिम डेविड अब बैंगलोर के लिए भी बड़ा कमाल कर सकते हैं अगर उनको भरपूर मौके मिले।

Tim David RCB

इंग्लिश क्रिकेट में मचाया धमाल

टिम डेविड ने हाल ही में सरे क्रिकेट क्वब की ओर से खेलते हुए इंग्लैंड के रॉयल लंदन ब्लास्ट वनडे टूर्नामेंट में ग्लूसटरशर के खिलाफ शानदार शतक(102) जड़कर अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाया था। 72 गेंद की अपनी इस पारी के दौरान डेविड ने 11 चौके और पांच छक्के जड़े थे। इसके अलावा उन्होंने एक मुकाबले में 140 रनों की धमाकेदार पारी भी खेली थी। टिम डेविड से दुनिया की तमाम टीमों ने काफी उम्मीदें रखी हैं, अब आईपीएल की बारी है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!