थंडर बोल्‍ट ने आईपीएल 2020 फाइनल में पहली गेंद पर दिल्‍ली के हीरो को बना दिया जीरो

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 10, 2020, 08:01 PM IST

बांए हाथ के कीवी तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने आईपीएल 2020 के फाइनल मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को पहली ही गेंद पर करारा झटका देकर मुंबई इंडियन्स की बड़ी सफलता दिलाई।

थंडर बोल्‍ट ने आईपीएल 2020 फाइनल में पहली गेंद पर दिल्‍ली के हीरो को बना दिया जीरो

दुबई: आईपीएल 2020 के फाइनल मुकाबले में चार बार की चैंपियन मुंबई के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहली ही गेंद पर कहर बरपा रहे बांए हाथ के कीवी गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने 440 वोल्ट का झटका देकर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दूसरे क्वालीफायर में जीत के हीरो रहे कंगारू खिलाड़ी मार्कस स्टोइनिस को चलता कर दिया। 

बोल्ट की अंदर आती उछाल वाली गेंद पर मार्कस स्टोइनिस कोई फैसला नहीं कर सके और गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक के हाथों में समा गई और मुंबई ने धमाकेदार शुरुआत की। 

एलिमिनेटर और क्वालीफायर में खेली थी शानदार पारी 
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ रविवार को दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में मार्कस स्टोइनिस ने शिखर धवन के साथ पारी की शुरुआत करते हुए दिल्ली को धमाकेदार शुरुआत दिलवाई थी जो कि अंत में टीम के लिए निर्णायक साबित हुई। उस मैच में 27 गेंद में 38 रन की पारी खेली थी और इसके बाद गेंदबाजी में 26 रन देकर तीन विकेट भी लिए थे। इस ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच भी चुना गया था।


मुंबई के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में मार्कस स्टोइनिस ने बल्लेबाजी करते हुए 65 रन की पारी खेली थी और दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। ऐसे में फाइनल मुकाबले में उनसे दिल्ली को इसी तरह की पारी की दरकार थी लेकिन बोल्ट ने धमाकेदार गेंदबाजी करते हुए दिल्ली को मुश्किल में डाल दिया है। 
 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!