IPL 2022: जानिए कौन हैं मुंबई इंडियन्स के छक्के छुड़ाने वाले 22 साल के अनुज रावत?

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 10, 2022, 07:00 AM IST

Anuj Rawat's First IPL 2022: जानिए कौन हैं 22 वर्षीय अनुज रावत जिन्होंने शनिवार को मुंबई इंडियन्स के खिलाफ छक्कों की बारिश करते हुए जड़ा आईपीएल में पहला अर्धशतक?

IPL 2022: जानिए कौन हैं मुंबई इंडियन्स के छक्के छुड़ाने वाले 22 साल के अनुज रावत?

मुंबई: आईपीएल 2022 में मुंबई के खिलाफ मुकाबले में जयदेव उनादकट के स्पेल के पहले ओवर में लगातार दो गेंद पर दो छक्के जड़कर धमाल मचाने वाले अनुज रावत का नाम सोशल मीडिया पर जमकर वायरल होने लगा। हर कोई जानना चाहता था कि ये कौन सा खिलाड़ी है जो इतनी आसानी से बड़े-बड़े छक्के उड़ा रहा है। 

3.4 करोड़ में हुए थे नीलाम
उत्तराखंड के रामनगर में जन्मे 22 वर्षीय अनुज रावत घरेलू क्रिकेट में दिल्ली का प्रतिनिधित्व करते हैं। वो एक विकेटकीपर बल्लेबाज हैं और आरसीबी में उन्हें इस बार पारी का आगाज करने की जिम्मेदारी मिली है। 20 लाख रुपये के बेस प्राइज वाले अनुज रावत को आरसीबी ने इस बार 3.40 करोड़ रुपये की कीमत खर्च करके अपनी टीम में शामिल किया है। पिछली बार अनुज राजस्थान रॉयल्स की टीम के सदस्य थे। उन्हें साल 2021 की नीलामी में 80 लाख रुपये में राजस्थान ने अपनी टीम के साथ जोड़ा था। उन्हें 2 मैच में मैदान पर उतरने का मौका मिला था। जिसमें वो केवल 1 गेंद का सामना कर पाए थे।

38 गेंद में जड़ा आईपीएल में पहला अर्धशतक
शनिवार को मुंबई के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए अनुज ने 38 गेंद में आईपीएल में अपना पहला अर्धशतक जड़ा। इस दौरान उन्होंने 2 चौके और 4 छक्के जड़े। रावत आरसीबी को जीत के मुहाने पर पहुंचाने के बाद 47 गेंद में 66 रन बनाकर नॉटआउट हुए। अपनी धमाकेदार पारी के दौरान उन्होंने मुंबई के गेंदबाजों के छक्के छुड़ा दिए। अपनी पारी में उन्होंने 2 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के जड़े। 

ऐसा है घरेलू क्रिकेट में अनुज का प्रदर्शन
अनुज रावत ने साल 2017 में दिल्ली के लिए प्रथम श्रेणी करियर का आगाज किया था। उसके बाद से अबतक वो 22 प्रथम श्रेणी, 20 लिस्ट ए और 30 टी20 मैच खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 22 प्रथम श्रेणी मैच में 30.77 की औसत से 954 रन बना चुके हैं। जिसमें 2 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं लिस्ट ए क्रिकेट में उन्होंने 20 मैच में 44.07 के शानदार औसत और 85.90 के स्ट्राइक रेट से 573 रन बनाए हैं।

शानदार रहा है टी20 में प्रदर्शन 
अनुज रावत ने करियर में मुंबई के खिलाफ मैच से पहले खेले 30 मैच में 27.40 की औसत से 548 रन बनाए हैं। जिसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं। टी20 में उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 88* रन है। टी20 में उनके नाम 42 चौके और 30 छक्के दर्ज हैं। छक्के जड़ने में उन्हें महारथ हासिल है इसी बात का मुजाहिरा उन्होंने शनिवार को मुंबई के खिलाफ भी पेश किया।    

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!