क्या क्रिकेट के बाद बॉलीवुड का रुख करेंगे? MS Dhoni ने इस सवाल का दिलचस्प जवाब दिया

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 6, 2021, 07:00 AM IST

MS Dhoni's future plans: चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी क्रिकेट को पूरी तरह से अलविदा कहने के बाद क्या करेंगे? जब उनसे एक फैन ने पूछा कि क्या वो बॉलीवुड में जाएंगे, तो इस पर धोनी ने दिलचस्प जवाब दिया।

क्या क्रिकेट के बाद बॉलीवुड का रुख करेंगे? MS Dhoni ने इस सवाल का दिलचस्प जवाब दिया
Photo Credit: Twitter

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और इन दिनों आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की कमान संभाल रहे एम एस धोनी (MS Dhoni) अब अपने करियर के अंतिम मोड़ पर हैं। मंगलवार को एक कार्यक्रम के दौरान धोनी से जब उनके संन्यास से संबंधित सवाल किए गए तो उन्होंने ये संकेत भी दिए कि आईपीएल 2022 में खेलने के बाद वो क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं। वहीं इसी बीच एक फैन ने उनके भविष्य के इरादों से जुड़ा सवाल पूछा। उनसे पूछा गया कि क्या वो क्रिकेट के बाद बॉलीवुड का रुख करेंगे?

चेन्नई सुपर किंग्स के इस खास समारोह में जब धोनी से ये पूछा गया कि क्या वो क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद फिल्मों में एक्टिंग करेंगे? तो इसके जवाब में माही ने साफ कहा कि वो बॉलीवुड का रुख करने का मन नहीं बना रहे हैं। फैन के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘आप जानते हैं कि बॉलीवुड वास्तव में आसान नहीं है। जहां तक विज्ञापनों का सवाल है, मैं उन्हें करने में खुश हूं। जब फिल्मों की बात आती है, तो मुझे लगता है कि ये एक बहुत ही कठिन पेशा है और इसे करना बहुत मुश्किल है।"

धोनी से पहले भी ये सवाल कई बार पूछा जा चुका है और हर बार वो ऐसा ही जवाब देते आए हैं। धोनी अब तक बॉलीवुड का सीधे तौर पर ना सही लेकिन अपनी एक बायोपिक में थोड़ा-बहुत योगदान देते हुए जरूर इंडस्ट्री से जुड़े हैं। धोनी पर बनाई गई फिल्म 'एम एस धोनी- द अनटोल्ड स्टोरी' के प्रमोशन में भी पूर्व कप्तान नजर आए थे और स्वर्गीय अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के साथ भी उन्होंने फिल्म को लेकर काफी समय बिताया था।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!