'सुपरस्टार बनने वाला है ये खिलाड़ी'..आईपीएल 2022 से पहले ब्रैंडन मैकुलम की बड़ी भविष्यवाणी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 25, 2022, 10:46 PM IST

KKR coach Brendon McCullum predicts: कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के कोच और न्यूजीलैंड के पूर्व दिग्गज कप्तान ब्रैंडन मैकुलम ने आईपीएल 2022 शुरू होने से पहले एक खिलाड़ी को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है।

'सुपरस्टार बनने वाला है ये खिलाड़ी'..आईपीएल 2022 से पहले ब्रैंडन मैकुलम की बड़ी भविष्यवाणी
Photo Credit: Twitter

टी20 क्रिकेट की सबसे प्रतिष्ठित लीग आईपीएल 2022 का शनिवार को आगाज होने जा रहा है। टूर्नामेंट के 15वें संस्करण से पहले कई खिलाड़ियों को लेकर चर्चाएं हो रही हैं, इनमें ज्यादातर भारतीय खिलाड़ियों के नाम हैं। ऐसे ही एक खिलाड़ी हैं कोलकाता नाइट राइडर्स के नए कप्तान श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer)। इस युवा भारतीय कप्तान को लेकर कोलकाता नाइट राइडर्स के दिग्गज कोच ब्रैंडन मैकुलम ने बड़ी भविष्यवाणी की है।

केकेआर के कोच ब्रैंडन मैकुलम ने कहा है कि उनकी टीम के नये कप्तान श्रेयस अय्यर के अंदर टीम का ‘दशक का खिलाड़ी’ बनने के सारे गुण मौजूद हैं। दिल्ली को 2020 में आईपीएल फाइनल तक ले जाने वाले श्रेयस अय्यर को केकेआर ने 12 करोड़ 25 लाख रूपये में खरीदा है। उन्हें दो बार की चैम्पियन टीम का कप्तान बनाया गया है।

Shreyas Iyer and Brendon McCullum

मैकुलम ने कहा, "वो केकेआर के दशक के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बन सकते हैं। हमें कहीं से शुरुआत करनी है और वो कल है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘दुनिया भर में उसका काफी सम्मान है और अभी उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन आना बाकी है। उसके भीतर खेल का सुपरस्टार बनने के गुण है और मुझे उसके साथ काम करने का बेताबी से इंतजार है।’’

न्यूजीलैंड के इस पूर्व धुरंधर बल्लेबाज ने कहा कि वह काफी रोमांचित हैं कि अय्यर भी आक्रामक मानसिकता वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम दोनों की खेल को लेकर मानसिकता एक सी है। हम सभी मिलकर यह सफर तय करेंगे और सिर्फ नतीजे ही नहीं बल्कि निवेश पर फोकस होगा।’’

आईपीएल 2022 के पहले मुकाबले में शनिवार को कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स से होगा। पिछले सीजन के फाइनल में यही दोनों टीमें आमने-सामने थीं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!