कपिल देव को अस्‍पताल से मिली छुट्टी, पूर्व क्रिकेटर चेतन शर्मा ने शेयर की फोटो

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 25, 2020, 03:59 PM IST

Kapil Dev: 1983 विश्‍व कप विजेता भारतीय टीम के कप्‍तान कपिल देव को रविवार को अस्‍पताल से छुट्टी मिली। इस सप्‍ताह उन्‍हें हार्ट अटैक आया था, जिसकी वजह से एंजियोप्‍लास्‍टी से गुजरना पड़ा।

कपिल देव को अस्‍पताल से मिली छुट्टी, पूर्व क्रिकेटर चेतन शर्मा ने शेयर की फोटो

नई दिल्‍ली: 1983 विश्‍व कप विजेता भारतीय टीम के कप्‍तान कपिल देव को सफल एंजियोप्‍लास्‍टी के बाद रविवार को अस्‍पताल से छुट्टी मिल गई है। दिल्‍ली में रह रहे कपिल देव को इस सप्‍ताह हार्ट अटैक आया था। उन्‍हें फोर्टिस एस्‍कोर्ट्स हार्ट इंस्‍टीट्यूट (ओखला रोड) में भर्ती कराया गया था। इसके बाद उनकी एंजियोप्‍लास्‍टी की गई।

कपिल देव को लेकर जारी बयान में कहा गया, 'कपिल देव को फोर्टिस एस्‍कोर्ट्स हार्ट इंस्‍टीट्यूट (ओखला रोड) के आपातकालीन विभाग में 23 अक्‍टूबर को दोपहर 1 बजे लाया गया। उन्‍हें सीने में दर्द की शिकायत थी। उनका उपचार किया गया और शाम तक एंजियोप्‍लास्‍टी की गई। इस समय वह आईसीयू में भर्ती हैं और उन पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। कपिल देव की स्थिति अब ठीक है और अगले कुछ दिनों में उनके डिस्‍चार्ज होने की पूरी उम्‍मीद है।'

कपिल देव के साथ अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले चेतन शर्मा ने यह खबर अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर की और अस्‍पताल से डिस्‍चार्ज होने के बाद कपिल देव की फोटो भी शेयर की। 

बता दें कि कपिल देव आईपीएल 2020 के दौरान बतौर क्रिकेट विशेषज्ञ काम कर रहे थे। वह काम पर लौटने पहले छोटा ब्रेक ले सकते हैं। देश के सर्वकालिक सर्वश्रेष्‍ठ ऑलराउंडरों में से एक कपिल देव ने संन्‍यास के बाद कोचिंग की थी। इसके बाद वह कमेंट्री करने लगे थे। कपिल देव इस समय विभिन्‍न प्‍लेटफॉर्म्‍स पर क्रिकेट एक्‍सपर्ट के रूप में काम कर रहे हैं।

बता दें कि कपिल देव ने 18 साल अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट खेला। उन्‍होंने 131 टेस्‍ट में 5248 रन बनाए और 434 विकेट झटके। इसके अलावा 225 वनडे में कपिल देव ने 3783 रन और 253 विकेट चटकाए। कपिल देव ने घरेलू क्रिकेट में हरियाणा का प्रतिनिधित्‍व किया। कपिल देव ने इंग्‍लैंड में काउंटी क्रिकेट भी खेला जहां उन्‍होंने नोर्थेंप्‍टनशायर और वोरसेस्‍टरशायर का प्रतिनिधित्‍व किया।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!