IPL 2020: ट्रेंट बोल्ट ने सभी टीमों को किया आगाह, बताया UAE में क्या होगी सबसे बड़ी चुनौती

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 14, 2020, 04:30 PM IST

Trent Boult on IPL 2020 Biggest Challenge: तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने आईपीएल के आगामी सीजन से पहले सभी टीमों को आगाह किया है। उन्होंने यूएई में सबसे बड़ी चुनौती के बारे में बताया है।

IPL 2020: ट्रेंट बोल्ट ने सभी टीमों को किया आगाह, बताया UAE में क्या होगी सबसे बड़ी चुनौती

दुबई: लसिथ मलिंगा की अनुपस्थिति में मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करने के लिए तैयार न्यूजीलैंड के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट का मानना ​​है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13वें सत्र में सभी टीमों के लिए सबसे बड़ी चुनौती संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की गर्म और उमस भरी परिस्थितियों से सामंजस्य बैठाने की होगी। पिछले साल दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व करने वाले बोल्ट चार बार की इस चैम्पियन टीम से पहली बार जुड़ें है। मलिंगा के व्यक्तिगत कारणों से टूर्नामेंट से हटने के बाद उन्हें टीम में ज्यादा बड़ी जिम्मेदारी निभानी होगी।

'न्यूजीलैंड में तापमान सात या आठ डिग्री है'

नयी टीम से जुड़ने के बारे में बोल्ट ने कहा कि किसी भी गेंदबाज के लिए मुंबई इंडियंस की तरह बल्लेबाजी क्रम खिलाफ नहीं खेलना राहत की बात होगी। मुंबई इंडियंस के ट्विटर पर पोस्ट किए गए वीडियो में बोल्ट ने कहा, 'हमारी सबसे बड़ी चुनौती रेगिस्तान के बीच में 45 डिग्री सेल्सियस के तापमान में खुद को तैयार करने की होगी। मैं एक बहुत छोटे देश न्यूजीलैंड से आता हूं जहां अभी सर्दियों का मौसम है । वहां इस समय तापमान लगभग सात या आठ डिग्री है।'

'मुंबई परिवार का हिस्सा बन कर उत्साहित हूं'

उन्होंने कहा, 'जाहिर है, मैंने कुछ अन्य फ्रेंचाइजियों का भी प्रतिनिधित्व किया है, लेकिन मैं इस मुंबई परिवार का हिस्सा बन कर बहुत उत्साहित हूं। अपने अनुभव से कहूं तो मैंने मुंबई के खिलाफ खेला है और जब आप ऐसी मजबूत टीम के खिलाफ खेलते है तो चुनौती डराने वाली होती है। इस मामले में इस बार दूसरी तरफ होना और इस शांत समूह का हिस्सा बनना अच्छा है।' यूएई में क्रिकेट खेल चुके बोल्ट ने कहा कि उनकी टीम की गेंदबाजी में किसी भी विरोधी टीम को पस्त करने का दमखम है।

'मुझे पता है परिस्थितियां काफी बदल सकती हैं'

इस 31 साल के गेंदबाज ने कहा, 'मैंने यहां थोड़ा क्रिकेट खेला है और मुझे पता है कि इस समय यहां परिस्थितियां काफी हद तक बदल सकती हैं। मुझे उम्मीद है कि यहां पिचें अच्छी होगी। हमारे पास किसी भी विरोधी टीम को पस्त करने का कौशल है।' मुंबई इंडियंस आईपीएल खिताब बचाने के अपने अभियान को 19 सितंबर को गत उपविजेता चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ शुरू करेगी।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!