VIRAL VIDEO: ग्लेन मैक्सवेल के इस शॉट को देखकर बाएं-दाएं का फर्क भूल जाएंगे, जानिए क्या है 'स्विच-हिट'

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 26, 2021, 10:32 PM IST

Glenn Maxwell Switch Hit, IPL 2021, RCB: आईपीएल 2021 के हाई-प्रोफाइल मैच में रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के ग्लेन मैक्सवेल ने एक धुआंधार पारी खेली। इस पारी के दौरान उनका स्विच-हिट पर छक्का चर्चा में है।

VIRAL VIDEO: ग्लेन मैक्सवेल के इस शॉट को देखकर बाएं-दाएं का फर्क भूल जाएंगे, जानिए क्या है 'स्विच-हिट'
Photo Credit: Twitter

Glenn Maxwell Switch-Hit, viral video: दुबई में रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल 2021 का अहम मुकाबला हुआ। इस मैच में विराट कोहली की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी। बैंगलोर ने अपने कप्तान विराट कोहली के शानदार अर्धशतक के दम पर बेहतरीन शुरुआत की। पारी कुछ देर के लिए धीमी जरूर पड़ी लेकिन ऑस्ट्रेलियाई धुरंधर ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) ने लाजवाब अर्धशतक जड़कर एक बार फिर स्कोर को रफ्तार दी। मैक्सवेल ने अपनी पारी के दौरान स्विच-शॉट पर एक छक्का जड़ा जिसकी खूब चर्चा हो रही है।

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के लिए आखिरी बार कप्तान के रूप में खेल रहे विराट कोहली ने लगातार दूसरे मैच में पचासा जड़ा। उन्होंने 42 गेंदों में 51 रनों की पारी खेली। ओपनर देवदत्त पडिक्कल शून्य पर आउट हो चुके थे। लेकिन श्रीकर भरत (32) ने फैंस को निराश नहीं किया और स्कोर को संतुलन देने का काम किया। जब बैंगलोर का स्कोर धीमा हो रहा था, तभी ग्लेन मैक्सवेल का धमाल शुरू हुआ।

ग्लेन मैक्सवेल ने 37 गेंदों में 56 रनों की धुआंधार पारी खेली जिसमें 6 चौके और 3 छ्क्के शामिल थे। उनके इन्हीं तीन छक्कों में एक छक्का ऐसा था जिसने सबका दिल जीत लिया। राहुल चाहर की गेंद पर मैक्सवेल ने अपने सिग्नेचर शॉट 'स्विच-हिट' पर बेहतरीन छक्का जड़ा जिसका वीडियो और तस्वीरें देखते-देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं।

ग्लेन मैक्सवेल के स्विच-हिट का वीडियो यहां देखिए

क्या है 'स्विच-हिट' (What is Switch Hit?)

क्रिकेट में स्विच-हिट एक ऐसे शॉट को कहा जाता है जिसमें बल्लेबाज अपने स्टांस या पोजीशन को आखिरी समय में बदलते हुए शॉट खेलता है। यानी कोई बल्लेबाज अगर बाएं हाथ का बल्लेबाज हैं और वो गेंदबाज के गेंद फेंकने के बाद तुरंत अपनी पोजीशन को दाएं हाथ के बल्लेबाज जैसा बना लेता है और फिर शॉट जड़ता है, उसी को स्विच-हिट कहा जाता है। इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज केविन पीटरसन ने इस शॉट में महारथ हासिल की थी और इस शॉट को आमतौर पर क्रिकेट फैंस उन्हीं के नाम से याद भी करते हैं।

देखिए केविन पीटरसन और ग्लेन मैक्सवेल के कुछ स्विच-हिट वीडियो

बैंगलोर ने इस मुकाबले में ग्लेन मैक्सवेल और विराट कोहली की पारियों के दम पर 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 165 रनों का स्कोर खड़ा किया। ग्लेन मैक्सवेल के लिए ये पारी काफी अहम थी क्योंकि पिछली कई पारियों से वो निराश कर रहे थे।

ग्लेन मैक्सवेल ने अपने पिछले पांच आईपीएल मैचों में लगातार सबको निराश किया। पहले चरण में भारत में खेलते हुए आखिरी तीन मैचों में उन्होंने 22, 25 और 0 रन की पारियां खेलीं। जबकि यूएई के चरण में पिछले दो मैचों में उन्होंने 10 और 11 रन की पारियां खेली थीं। अब मुंबई इंडियंस के खिलाफ अर्धशतक जड़कर उनको थोड़ी राहत जरूर मिली होगी। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!