IPL 2022: 'मेरी शादी के रिसेप्‍शन में इस खिलाड़ी ने सबसे बेहतरीन डांस किया', ग्‍लेन मैक्‍सवेल ने किया खुलासा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 4, 2022, 10:38 PM IST

Glenn Maxwell's Wedding reception best dancer: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के स्‍टार ऑलराउंडर ग्‍लेन मैक्‍सवेल ने हाल ही में विनी रमन से शादी की। मैक्‍सवेल ने आरसीबी के साथियों के साथ शादी का जश्‍न मनाया। उन्‍होंने बताया कि बेस्‍ट डांस किस खिलाड़ी ने किया।

IPL 2022: 'मेरी शादी के रिसेप्‍शन में इस खिलाड़ी ने सबसे बेहतरीन डांस किया', ग्‍लेन मैक्‍सवेल ने किया खुलासा

मुंबई: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के स्‍टार ऑलराउंडर ग्‍लेन मैक्‍सवेल ने अपनी शादी के रिसेप्‍शन में सर्वश्रेष्‍ठ डांसर के रूप में विराट कोहली को चुना। ग्‍लेन मैक्‍सवेल ने 27 अप्रैल को अपनी शादी का रिसेप्‍शन रखा था, जिसमें आरसीबी के कई खिलाड़ी डांस करते हुए नजर आए थे। हालांकि, ग्‍लेन मैक्‍सवेल ने विराट कोहली को शो का बेस्‍ट डांसर चुना और कहा कि सिद्धार्थ कौल काफी करीब थे, जो दूसरे सर्वश्रेष्‍ठ थे।

ग्‍लेन मैक्‍सवेल की शादी के रिसेप्‍शन के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिसमें विराट कोहली शानदार डांस करते हुए नजर आए थे। कोहली ने सुपरहिट फिल्‍म पुष्‍पा के गानों पर भी डांस किया था। शाहबाज अहमद ने आरसीबी के पूर्व कप्‍तान के साथ डांस में साथ दिया था। 

ग्‍लेन मैक्‍सवेल से पूछा गया कि आप अपनी शादी के रिसेप्‍शन में डांस करने वाले खिलाड़‍ियों की रेटिंग बताएं। मैक्‍सवेल ने स्‍टार स्‍पोर्ट्स से बातचीत में कहा, 'विराट कोहली आगे और केंद्र बने रहे और सिद्धार्थ कौल भी उनके करीब रहे।' याद दिला दें कि अनुष्‍का शर्मा ने इंस्‍टाग्राम पर एक फोटो पोस्‍ट किया था, जिसमें वो अपने पति विराट कोहली के करीब खड़ी हुई थीं। विराट कोहली ने काला कुर्ता पहन रखा था जबकि अनुष्‍का शर्मा ने पिंक ड्रेस पहन रखी थी।

विराट कोहली का मौजूदा आईपीएल में प्रदर्शन प्रभावी नहीं रहा है, लेकिन ग्‍लेन मैक्‍सवेल की शादी के रिसेप्‍शन में उन्‍होंने अच्‍छा समय बिताया। हाल ही में गुजरात टाइटंस के खिलाफ कोहली ने सीजन का अपना पहला अर्धशतक जमाया था। हालांकि, उनके स्‍ट्राइक रेट पर काफी सवाल खड़े हुए थे।  आईपीएल इतिहास में सबसे ज्‍यादा रन बनाने वाले कोहली मौजूदा सीजन में रन बनाने के लिए संघर्ष करते हुए नजर आए।

कोहली दो बार गोल्‍डन डक पर आउट हुए। वहीं चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स के खिलाफ बुधवार को भी कोहली रन बनाने के लिए तरसते दिखे। कोहली ने सीएसके के खिलाफ 33 गेंदों में तीन चौके और एक छक्‍के की मदद से 30 रन बनाए। हालांकि, महिपाल लोमरोर (42) और दिनेश कार्तिक (26*) की बदौलत आरसीबी ने सीएसके को 174 रन का लक्ष्‍य दिया।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!