इस खिलाड़ी को टीम इंडिया में नहीं चुने जाने पर भड़के दिलीप वेंगसरकर, बोले- क्या है सिलेक्शन का क्राइटेरिया

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 28, 2020, 12:33 PM IST

Dilip Vengsarkar on Suryakumar Yadav: पूर्व कप्तान दिलीव वेंगसरकर ने बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को भारतीय टीम में नहीं चुने पर नाराजगी का इजहार किया है।

इस खिलाड़ी को टीम इंडिया में नहीं चुने जाने पर भड़के दिलीप वेंगसरकर, बोले- क्या है सिलेक्शन का क्राइटेरिया

सुनील जोशी की अध्‍यक्षता वाली चयन समिति ने सोमवार को ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए 32 सदस्यी भारतीय स्‍क्‍वाड का ऐलान किया। रोहित शर्मा और इशांत शर्मा जैसे खिलाड़ियों को जहां चोट के कारण ड्रॉप कर दिया गया वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज रिषभ पंत का सीमित ओवरों की टीम से पत्ता कट गया। हालांकि, एक नाम सूर्यकुमार यादव जिसके  लिए कई फैंस, पूर्व क्रिकेटर और विशेषज्ञ उत्सुक थे, उन्हें मौका को नहीं मिला। 30 वर्षीय सूर्यकुमार को भारतीय टीम में शामिल नहीं करने पर पूर्व कप्तान और मुख्य चयनकर्ता रह चुके दिलीप वेंगसरकर भड़क उठे हैं। उन्होंने सिलेक्शन के क्राइटेरिया पर सवाल उठाया है। 

'सूर्यकुमार को नहीं चुने जाने पर हैरान हूं'

वेंगसरकर ने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा कि मैं सूर्यकुमार यादव को ऑस्ट्रेलियाई दौरे के लिए भारतीय स्क्वाड में नहीं चुने जाने पर हैरान हूं, जो इस समय देश के सबसे प्रतिभाशाली बल्लेबाजों में से एक है। जहां तक सूर्यकुमार की क्षमता की बात है तो मैं उनकी तुलना भारतीय टीम के बेस्ट खिलाड़ियों से कर सकता हूं। वेंगसरकर ने कहा कि उन्होंने लगातार रन बनाए हैं। मुझे नहीं पता कि भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए उन्हें और क्या करना होगा? पूर्व क्रिकेटर ने साथ ही बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली से दाएं हाथ के बल्लेबाज को टीम में शामिल नहीं किए जाने की वजह तलाशने की गुजारिश की।

'सूर्यकुमार करियर की शानदार फॉर्म में हैं'

वेंगसरकर ने आगे कहा कि एक बल्लेबाज 26 से 34 साल की उम्र में अपने शीर्ष फॉर्म में होता है। मुझे लगता है कि सूर्यकुमार इस वक्त अपने करियर की शानदार फॉर्म में हैं। अगर फॉर्म और फिटनेस सिलेक्शन का क्राइयेरिया नहीं है, तो यह क्या है? क्या कोई समझा सकता है? उन्होंने कहा कि  रोहित शर्मा को चोट के कारण टीम में नहीं चुना गया है। ऐसे में मध्यक्रम को मजबूत करने के लिए सूर्यकुमार को होना चाहिए था। बीसीसीआई अध्यक्ष गांगुली को सूर्यकुमार को टीम में नहीं लिया जाने के पीछे का कारण पूछना चाहिए। 

अब तक ऐसा रहा सूर्यकुमार का करियर

सूर्यकुमार यादव ने अब तक 77 फर्स्‍ट क्‍लास और 93 लिस्‍ट ए करियर मैच खेले हैं। उन्‍होंने फर्स्‍ट क्‍लास क्रिकेट में 44 की औसत और 62 के स्‍ट्राइक रेट से 5326 रन बनाए हैं। वहीं लिस्‍ट में 2447 रन बनाए। अपने करियर में दाएं हाथ के बल्‍लेबाज ने 160 टी20 मैच खेले, जिसमें 17 अर्धशतकों की मदद से 3295 रन बनाए हैं। सूर्यकुमार यादव ने आईपीएल में 96 मैचों में 28 की औसत और 134 के स्‍ट्राइक रेट से 1831 रन बनाए हैं। इस साल उन्‍होंने 11 आईपीएल मैचों में दो अर्धशतकों की मदद से 283 रन बनाए।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!