DC vs SRH Qualifier 2: सनराइजर्स हैदराबाद की उम्मीदों पर फिरा पानी, पहली बार फाइनल में पहुंची दिल्ली कैपिटल्स

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 8, 2020, 11:46 PM IST

Delhi Capitals vs Sunrisers Hyderabad Qualifier 2 Score: सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया, जिसकी बदौलत टीम फाइनल में पहुंच गई।

 DC vs SRH Qualifier 2: सनराइजर्स हैदराबाद की उम्मीदों पर फिरा पानी, पहली बार फाइनल में पहुंची दिल्ली कैपिटल्स

आबू धाबी: दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने आईपीएल 2020 के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। दिल्ली ने रविवार को दूसरे क्वालीफायर में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 17 रन से हराया। दिल्ल की टीम पहली बार आईपीएल के फाइनल में पहुंची है। दिल्ली की टीम अब खिताबी मुकाबले में 10 नवंबर (मंगलवार) को मुंबई इंडियंस से भिड़ेगी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने हैदराबाद के सामने 190 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में हैदराबाद की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 172 ही बना सकी। एसआरएच के लिए केन विलियम्सन (67) ने सबसे सर्वाधिक रन बनाए। दिल्ली की तरफ से कगिसो रबाडा ने चार, मार्कस स्टोइनिस ने तीन और अक्षर पटेल ने एक विकेट हासिल किया।

सस्ते में आउट हुए डेविड वॉर्नर

बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद ने निराशाजनक शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्न ने 3 गेंदों में महज 2 रन बनाकर अपना विकेट खो दिया। उन्हें कगिसो रबाडा ने दूसरे ओवर में पवेलियन की राह दिखाई। वह रबाडा की गेंद को पिच पर पड़ने के बाद समझ नहीं पाए और बोल्ड हो गए। उनके जाने के बाद प्रियम गर्ग और मनीष पांडे ने पारी को संभालने की कोशिश, जिसमें दोनों कुछ हद तक ही कामयाब हो पाए। 

बड़ी पारी नहीं खेल पाए मनीष पांडे

गर्ग और पांडे ने दूसरे विकेट के लिए 31 रन की साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों को मार्कस स्टोइनस ने 5वें ओर में अपना शिकार बनाया। उन्होंने ओवर की चौथी गेंद पर गर्ग को बोल्ड किया और पांडे को आखिरी गेंद पर एनरिक नॉर्टजे के हाथों लपकवाया। गर्ग ने 12 गेंदों में 2 चौकों के जरिए 17 रन बनाए जबकि पांडे ने 14 गेंदों में 21 रन की पारी खेली। उन्होंने तीन चौके जड़े। यहां से केन विलियम्सन और जेसन होल्डर ने टीम को लड़खड़ाने से बचाने का प्रयास किया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 46 रन जोड़े।

जेसन होल्ड ने महज 11 रन बनाए

हालांकि, होल्डर बड़ी पारी नहीं खेल पाए और 12वें ओवर में अक्षर पटेल का शिकार बन गए। उन्होंने छक्का जमाने की फिराक में डीप मिडविकेट पर शिवम दुबे को कैच थमा दिया। उन्होंने 12 गेंदों मे 11 रन बनाए। उनका विकेट 90 के कुल स्कोर पर गिरा। टीम को पांचवां झटका विलियम्सन के रूप में लगा। उन्होंने 17वें ओवर में स्टोइनिस की गेंद पर रबाडा को डीप कवर पर कैच थमाया। उन्होंने 45 गेंदों में 5  चौकों और 4 छक्कों की बदौलत 67 रन की पारी खेली। उन्होंने अब्दुल समद के साथ पांचवें विकेट के लिए 57 रन जोड़े।

अब्दुल समद ने खेली 33 रन की पारी

विलियम्सन के आउट होने के बाद समद ने कुछ अच्छे शॉट्स लगाए, लेकिन वह टीम को जीत की मंजिल तक नहीं ले जा सके। 19वें ओवर में रबाडा ने तीन विकेट चटकाए और हैदराबाद को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया। उन्होंने समद (16 गेंद पर 33 रन), राशिद खान (7 गेंद पर 11 रन), श्रीवत्स गोस्वामी (शून्य) को पवेलियन भेजा। हैदराबाद को अंतिम ओवर में जीत के लिए 22 रन की दरकार थी, मगर नॉर्टजे ने महज 4 रन ही दिए। वहीं, शाहबाज नदीम और संदीप शर्मा दो-दो रन बनाकर नाबाद रहे।

दिल्ली ने किया शानदार आगाज

इससे पहले डीसी ने निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट गंवाकर 189 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए सबसे ज्यादा रन सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (78) ने बनाए। दिल्ली ने शानदार आगाज किया। पारी की शुरुआत करने आए मार्किस स्टोइनिस और शिखर धवन ने पहले विकेट के लिए 86 रन की दमदार साझेदारी की। दोनों ने हैदराबाद के गेंदबाजों का  डटकर सामने किया और काफी देर तक खुश होने का कोई मौका नहीं दिया। हैदराबाद को पहली सफलता 9वें ओवर में जाकर स्पिनर राशिद खान ने दिलाई। राशिद ने स्टोइनिस को बोल्ड कर पवेलियन भेजा। स्टोइनिस ने 27 गेंदों में 38 रन की बनाए। उन्होंने इस दौरान 5 चौके और 1 छक्का जमाया।

श्रेयस अय्यर ने खेली 21 रन की पारी

इसके बाद धवन और कप्तान श्रेयस अय्यर ने दिल्ली की पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 40 रन जोड़े। लग रहा था कि यह जोड़ी आखिर तक टिके रहेगी, लेकिन अय्यर 14वें ओवर में अपना विकेट गंवा बैठे। उन्हें जेसन होल्डर ने मनीष पांडे के हाथों लपकवाया। उन्होंने 20 गेंदों में 21 रन बनाए। उन्होंने पारी में एक चौका जमाया। अय्यर का विकेट 126 के कुल स्कोर पर गिरा। 

धवन और हेटयमार ने जोड़े 52 रन

टीम को तीसरा झटका धवन के रूप में लगा। उन्हें 19वें ओवर में संदीप शर्मा ने एलबीडब्ल्यू किया। हालांकि, रिप्ले में साफ दिखा कि वह आउट नहीं हैं। उन्होंने 50 गेंदों में 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 78 रन की पारी खेली। उनका विकेट 178 के कुल स्कोर पर गिरा। धवन ने तीसरे विकेट के लिए शिमरोन हेटमायर के साथ 52 रन की पार्टनरशिप की। हेटमायर 46 और रिषभ पंत 2 रन बनाकर नाबाद रहे। हेटमायर ने 22 गेंदों में 42 रन की पारी खेली। उन्होंने 4 चौके और 1 छक्का मारा। हैदराबाद की ओर से राशिद खान, जेसल होल्डर और संदीप शर्मा ने एक-एक विकेट चटकाया।

प्लेइंग इलेवन:

दिल्ली कैपिटल्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), शिखर धवन, अजिंक्य रहाणे, रिषभ पंत (विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, मार्कस स्टोइनिस, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, प्रवीण दुबे, कगिसो रबाडा और एनरिक नॉर्टजे।

सनराइजर्स हैदराबाद: डेविड वार्नर (कप्तान), श्रीवत्स गोस्वामी (विकेटकीपर), मनीष पांडे, केन विलियम्सन, प्रियम गर्ग, जेसन होल्डर, अब्दुल समद, राशिद खान, शाहबाज नदीम, संदीप शर्मा और टी नटराजन।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!