CSK vs DC: चेन्नई सुपर किंग्स खिलाफ चमके शिखर धवन और पृथ्वी शॉ, दिल्ली कैपिटल्स ने दर्ज की धमाकेदार जीत
Chennai Super Kings vs Delhi Capitals: दिल्ली कैपिटल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को हरा दिया है। चेन्नई की टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने के बावजूद बचाव नहीं कर सकी।
मुंबई: दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने आईपीएल 2021 में अपने अभियान का जीत के साथ आगाज किया है। दिल्ली ने शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ 7 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में चेन्नई ने 189 रन का लक्ष्य दिया, जिसे दिल्ली ने 18.4 ओवर में 3 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। डीसी की ओर से सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (85) और पृथ्वी शॉ (71) का बल्ला जमकर चला। दोनों ने पहले विकेट के लिए 138 रन की मजबूत साझेदारी की, जिससे दिल्ली की टीम को टार्गेट चेज करने में आसानी हुई। वहीं, रिषभ पंत 12 गेंदों में 15 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके अलावा मार्कस स्टोइनिस ने 9 गेंदों में 14 रन बनाए। चेन्नई के लिए ड्वेन ब्रावो और शार्दुल ठाकुर ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 188 रन बनाए। सीएसके की तरफ से सर्वाधिक रन सुरेश रैना (54) ने बनाए। उनके अलावा मोईन अली (36), सैम करन (34), अंबाती रायुडू (23), फाफ डु प्लेसिस (0), एमएस धोनी (0) और ऋतुराज गायकवाड़ ने 5 रन का योगदान दिया। रवींद्र जडेजा 26 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, दिल्ली की ओर से क्रिस वोक्स और आवेश खान ने दो-दो जबकि आर अश्विन और टॉम करन ने एक-एक विकेट चटकाया। चेन्नई का एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।
शिखर धवन 85 रन बनाकर पवेलियन लौटे
दिल्ली का दूसरा विकेट शिखर धवन के तौर पर गिरा। धवन ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और 54 गेंदों में 85 रन की पारी खेली। उन्होंने इस दौरान 10 चौके और 2 छक्के लगाए। लग रहा था कि धवन अपना शतक पूरा कर लेंगे, लेकिन वह 17वें ओवर की तीसरी गेंद पर शार्दुल ठाकुर का शिकार बन गए। उन्हें शार्दुल ने एलबीडब्ल्यू किया। धवन 167 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौटे। वहीं, दिल्ली को तीसरा झटका मार्कस स्टोइनिस के रूप में 19वें ओवर की तीसरी गेंद पर लगा। उन्हें शार्दुल ठाकुर ने सैम करन के हाथों लपकवाया। स्टोइनिस ने 9 गेंदों में 3 चौकों के जरिए 14 रन बनाए।
16 ओवर बाद दिल्ली का स्कोर 158/1
पृथ्वी शॉ के आउट होने के बाद क्रीज पर शिखर धवन और कप्तान रिषभ पंत ने मोर्चा संभाला हुआ है। धवन 51 गेंदों में 77 और पंत 8 गेंदों में 7 रन बनाकर खेल रहे हैं। 16 ओवर का खेल पूरे होने पर दिल्ली का स्कोर 158/1 हो गया है।
पृथ्वी शॉ ने खेली शानदार 71 रन की पारी
दिल्ली को पहला झटका पृथ्वी शॉ के रूप में लगा है। शॉ ने टिककर बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों में 71 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और 3 छक्के जड़े। उन्हें ड्वेन ब्रावो ने 14वें ओवर की तीसरी गेंद पर अपना शिकार बनाया। उन्होंने बड़ा शॉट जमाने की फिराक में डीप कवर पर खड़े मोइन अली को कैच थमा दिया। उन्होंने शिखर धवन के साथ पहले विकेट के लिए 138 रन की साझेदारी की।
पृथ्वी शॉ और शिखर धवन ने जड़ा अर्धशतक
पृथ्वी शॉ और शिखर धवन ने अर्धशतक जड़ दिया है। शॉ ने 27 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की। उन्होंने इस दौरान 7 चौके और 2 छक्के जमाए। शॉ के आईपीएल करियर का यह सातवां अर्धशतक है। वहीं, धवन ने 35 गेंदों में 5 चौकों और 2 छक्कों की बदौलत अपना पचासा पूरा किया। धवन का आईपीएल में यह 42वां अर्धशतक है। 11 ओवर का खेल समाप्त होने के बाद दिल्ली का स्कोर 113 पर पहुंच गया है।
विकेट की तलाश में चेन्नई की टीम
सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ और शिखर धवन क्रीज पर खूंटा गाड़कर खड़े हो गए हैं। शॉ 22 गेंदों में 40 और धवन 26 गेंदों में 35 रन के निजी स्कोर पर है। दोनों चेन्नई के गेंदबाजों को खूब परेशान कर रहे हैं। चेन्नई को पहले विकेट की तलाश है। 8 ओवर का खेल होने के बाद दिल्ली ने 75 रन बना लिए हैं।
पावर प्ले में दिल्ली ने बनाए 65 रन
पावर प्ले में दिल्ली कैपिटल्स ने जबरदस्त बल्लेबाजी की है। शुरुआती 6 ओवर में दिल्ली 65 रन जुटाने में कामयाब रही है। पृथ्वी शॉ (36*) और शिखर धवन (29*) डटकर चेन्नई के गेंदबाजों का सामना कर कर रहे हैं।
दिल्ली का पचासा हुआ कंप्लीट
दिल्ली ने अपना पचासा पूरा कर लिया है। दिल्ली ने पांचवें ओवर की चौथी गेंद पर 50 रन पूरे किए। पृथ्वी शॉ और शिखर धवन ने रनों की रफ्तार तेज कर दी है। शॉ 15 गेंदों में 31 और धवन 15 गेंदों में 28 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
दिल्ली कैपिटल्स की सधी हुई शुरुआत
दिल्ली कैपिटल्स ने सधी हुई शुरुआत की है। सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ और शिखर धवन ने चेन्नई के गेंदबाजों को खुश होने का कोई मौका नहीं दिया है। दोनों ने तीन ओवर का खेल पूरा होने के बाद 22 रन जुटा लिए हैं। शॉ 10 गेंदों में 14 रन बनाकर और धवन 8 गेंदों में 10 रन बनाकर खेल रहे हैं।
लक्ष्य का पीछा करने उतरे पृथ्वी शॉ-शिखर धवन
दिल्ली की तरफ से लक्ष्य का पीछा करने के लिए पृथ्वी शॉ और शिखर धवन आए हैं। चेन्नई की ओर से गेंदबाजी की बागडोर दीपक चाहर ने संभाली। दीपक ने पहले ओवर में 9 रन लुटा डाले। शॉ ने 5 ओर धवन ने 4 रन बनाए।
चेन्नई ने आखिरी दो ओवर में जुटाए 33 रन
चेन्नई ने आखिरी दो ओवर में 33 रन जुटाए। चेन्नई ने 19वें ओवर में 23 और 20 ओवर में 10 रन बनाए। रवींद्र जडेजा और सैम करन ने आखिर में आक्रमक रुख अपनाया और अपनी टीम का स्कोर 188 रन पर पहुंचाने में सफल रहे। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 27 गेंदों में 51 रन की ताबड़तोड़ पार्टनरशिप की। जडेजा ने 17 गेंदों में 3 चौकों की मदद से नाबाद 26 रन बनाए। वहीं, करन ने 15 गेंदों में 34 रन की पारी खेली। उन्होंने 4 चौके और 2 छक्के लगाए। करन चेन्नई की पारी की अंतिम गेंद पर वोक्स का शिकार बने।
चेन्नई ने पार किया 150 का आंकड़ा
छह विकेट खोने के बावजूद चेन्नई ने रनों की रफ्तार थमने नहीं दी है। चेन्नई ने 150 रन का आंकड़ा पार कर लिया है। रवींद्र जडेजा 12 गेंदों में 16 रन जबकि सैम करन 8 गेंदों में 12 रन बनाकर खेल रहे हैं। चेन्नई ने 18 ओवर के खेल पूरा होने के बाद 155 रन बना लिए हैं।
सुरेश रैना 54 रन बनाकर हुए रन आउट
दिल्ली को पांचवीं सफलता सुरेश रैना के तौर पर मिली। उन्होंने टिककर बल्लेबाजी की और 36 गेंदों में 54 रन की पारी खेली। उन्होंने 3 चौके और 4 छक्के मारे। लग रहा था कि रैना फिफ्टी जड़ने के बाद अधिक समय तक बल्लेबाजी करेंगे, लेकिन आवेश खान द्वारा डाले गए 16वें ओवर की पहली गेंद पर वह रन आउट हो गए। उनका विकेट 137 के कुल स्कोर पर गिरा। उनके बाद आवेश ने इसी ओवर की तीसरी गेंद पर चेन्नई को बड़ा झटका दिया। उन्होंने एमएस धोनी को बोल्ड कर दिया। धोनी अपना खाता भी नहीं खोल पाए।
अंबाती रायुडू बने टॉम करन का शिकार
चेन्नई को चौथा झटका अंबाती रायुडू के रूप में लगा। रायुडू ने 16 गेंदों में 1 चौके और 2 छ्क्कों के जरिए 23 रन बनाए। रायुडू ने भले ही बड़ी पारी नहीं खेली, लेकिन उन्होंने रैना का बखूबी साथ दिया। रायुडू और रैना ने चौथे विकेट के लिए 63 रन की पार्टनरशिप की। यह साझेदारी 14वें ओवर की पांचवीं गेंद पर रायुडू के आउट होने के बाद टूटी। उन्होंने टॉम करन की गेंद पर धवन के कैछ दिया। उनका विकेट 123 के कुल स्कोर पर गिरा।
सुरेश रैना ने जड़ा 39वां आईपीएल अर्धशतक
सुरेश रैना ने अपना पचासा पूरा कर लिया है। उन्होंने 32 गेंदों में 50 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान 3 चौके और 4 छक्के मारे। रैना ने 13वें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर अर्धशतक कंप्लीट किया। यह उनके आईपीएल करियर का 39वां अर्धशतक है।
सैकड़े के करीब पहुंची चेन्नई सुपर किंग्स
चेन्नई के तीन विकेट खोने के बाद सुरेश रैना और अंबाति रायुडू ने मोर्चा संभाल रखा है। रैना खुलकर रन जुटा रहे हैं वहीं रायुडू क्रीज पर जमने का प्रयास कर रहे हैं। रैना ने 28 गेंदों में 43 और रायुडू ने 8 गेंदों में 11 रन बना लिए हैं। 12 ओवर का खेल पूरा होने पर चेन्नई का स्कोर 98/3 है।
मोईन अली ने खेली 36 रन की पारी
चेन्नई का तीसरा विकेट मोईन अली के तौर पर गिरा। डु प्लेसिस के आउट होने के बाद बल्लेबाजी के लिए आए अली ने टिककर रन बनाए। उन्होंने 24 गेंदों में 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 36 रन की पारी खेली। उन्हें आर अश्विन ने 9वें ओवर की तीसरी गेंद पर शिखर धवन के हाथों कैच लपकवाया। वह 60 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौटे। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए सुरेश रैना के साथ 53 रन की साझेदारी की।
पावर प्ले में चेन्नई का स्कोर 30 के पार
चेन्नई की टीम ने शुरुआती 6 ओवर में 33 रन बना लिए हैं। चेन्नई ने इस दौरान ऋतुराज गायकवाड़ और फाफ डु प्लेसिस के अलावा किसी और का विकेट नहीं खोया। मोईन अली 12 गेंदों में 11 और सुरेश रैना 13 गेंदों में 14 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।।
सीएसके ने 4 ओवर में बनाए 20 रन
दो विकेट गिरने के बाद मोईन अली और सुरेश रैना क्रीज पर हैं। दोनों संभलकर दिल्ली के गेंदबाजों का सामना कर रहे हैं। अली ने 8 गेंदों में 9 रन जबकि रैना ने 5 गेंदों में रन बना लिए हैं। 4 ओवर का खेल समाप्त होने पर चेन्नई का स्कोर 20 पर पहुंच गया है।
ऋतुराज गायकवाड़ ने सस्ते में गंवाया विकेट
चेन्नई को दूसरा झटका ऋतुराज गायकवाड़ के रूप में लगा। गायकवाड़ भी टिककर बल्लेबाजी नहीं कर पाए और 8 गेंदों में 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने एक चौका जमाया। गायकवाड़ को क्रिस वॉक्स ने तीसरे ओवर की पहली गेंद पर अपना शिकार बनाया। गायकवाड़ ने शिखर धवन को कैच थमाया। उनका विकेट 7 के कुल स्कोर पर गिरा।
फाफ डु प्लेसिस बिना खाता खोले आउट
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स ने निराशाजनक आगाज किया। सलामी बल्लेबाज फाफ डु प्लेसिस बिना खाता खोले अपना विकेट गंवा बैठे। उन्हें आवेश खान ने दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर एलबीडब्ल्यू किया। डु प्लेसिस अंदर आती गेंद की लाइन को पढ़ने में चूक गए और आउट हो गए।
पारी का आगाज करने आए गायकवाड़-डु प्लेसिस
चेन्नई की ओर से पारी का आगाज करने आए ऋतुराज गायकवाड़ और फाफ डु प्लेसिस आए हैं। दिल्ली की तरफ से गेंदबाजी की कमान क्रिस वोक्स ने संभाली। वोक्स ने पहले ओवर में 5 रन दिए। गायकवाड़ ने एक चौका मारा और एक लेग बाई का रन मिला।
अमित मिश्रा दिल्ली के लिए 100वां मैच खेल रहे हैं
अमित मिश्रा आज दिल्ली फ्रेंचाइजी के लिए अपना 100वां मैच खेलने जा रहे हैं। उन्हें दिल्ली टीम मैनेजमेंट ने एक विशेष कैप देकर सम्मानित किया। वहीं, वहीं, दिल्ली की टीम ने टॉम करन और तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स को उनका डेब्यू कैप दिया। क्रिस वोक्स अगस्त, 2018 के बाद आज पहली बार कोई टी 20 मैच खेलने मैदान पर उतरेंगे।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
चेन्नई सुपर किंग्स: एमएस धोनी (कप्तान और विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़, अंबाती रायुडू, फाफ डु प्लेसिस, सुरेश रैना, मोईन अली, रवींद्र जडेजा, सैम करन, ड्वेन ब्रावो, शार्दुल ठाकुर और दीपक चाहर।
दिल्ली कैपिटलस: रिषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), पृथ्वी शॉ, शिखर धवन, अजिंक्य रहाणे, मार्कस स्टोइनिस, शेमरन हेटमायर, क्रिस वोक्स, रविचंद्रन अश्विन, टॉम करन, अमित मिश्रा और आवेश खान।
दिल्ली ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी
दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर चेन्नई सुपर किंग्स को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया है। दिल्ली के कप्तान पंत ने टॉस जीतने के बाद कहा कि हम पहले गेंदबाजी करेंगे। विकेट थोड़ा सॉफ्ट है। हमारी टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ी शामिल रहेंगे। यह बतौर कप्तान मेरा पहला आईपीएल मैच है। वहीं, धोनी ने कहा कि हम भी पहले गेंदबाजी करना चाह रहे थे। इस मैदान पर डिफेंड करना थोड़ा मुश्किल है। ओस भी एक फैक्टर हो सकती है।
अब तक दोनों टीमों के बीच ऐसी रही टक्कर
आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के दरमियान अब तक 23 बार टक्कर हुई है, जिसमें धोनी की वाली टीम का पलड़ा भारी रहा है। चेन्नई ने 23 मुकाबलों में से 15 में जीत हासिल की है वहीं जबकि दिल्ली की टीम को महज 8 मैचों में विजय नसीब हुई है। आईपीएल के पिछले सीजन की बात करें तो दिल्ली का दबदबा रहा था। दिल्ली ने चेन्नई के खिलाफ दोनों मैच अपने नाम किए थे। डीसी ने एक मैच 44 रन से जबकि दूसरा मैच 5 विकेट से जीता था।
चोटिल श्रेयस की जगह पंत को मिली कमान
श्रेयस अय्यर के चोटिल होने के कारण रिषभ पंत को दिल्ली कैपिटल्स का कप्तान बनाया गया है। अय्यर कंधे की चोट के चलते आईपीएल 2021 से बाहर हो गए हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज पंत ने हाल ही में कहा था कि वह पहले मैच में धोनी से अब तक मिली सारी सीख का इस्तेमाल करेंगे। उन्होंने कहा था, 'बतौर कप्तान मेरा पहला मैच माही भाई के खिलाफ है ।मेरे लिये यह अच्छा अनुभव होगा क्योंकि मैने उनसे बहुत कुछ सीखा है ।मैं अपने अनुभव और उनसे मिली सीख का पूरा इस्तेमाल करूंगा।'

