India vs England 3rd T20I: विराट 'ब्रिगेड' को तीसरे टी20 में मिली करारी शिकस्त, इंग्लैंड ने बनाई 2-1 की बढ़त
India vs England 3rd T20I: इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ तीसरे टी20 में बड़ी जीत दर्ज की। इंग्लैंड ने 5 मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में अब 2-1 की बढ़त बना ली है।
दूसरा टी20 गंवाने वाली इंग्लैंड की टीम फिर से जीत की पटरी पर लौट आई है। इंग्लैंड ने मंगलवार को तीसरा टी20 अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मैच में इंग्लैंड ने भारत को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। इंग्लैंड को 157 रन का लक्ष्य मिला था, जिसे उसने 18.2 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इंग्लैंड के लिए जोस बटलर ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 52 गेंदों में 5 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 83 रन की पारी खेली। वहीं, जॉनी बेयर्स 28 गेंदों में 40 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके लगाए। जेसन रॉय ने 9 और डेविड मलान ने 19 रन बनाए। भारत की तरफ से युजवेंद्र चहल और वॉशिंगटन सुंदर ने एक-एक विकेट लिया।
इससे पहले भारत ने टॉस गंवाने के बाद बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 156 रन बनाए। भारत के लिए सर्वाधिक रन कप्तान विराट कोहली (46 गेंदों पर नाबाद 77 रन) ने बनाए। उनके अलावा रिषभ पंत (25), हार्दिक पांड्या 17 रन, रोहित शर्मा (15), केएल राहुल (0), ईशान किशन (4) और श्रेयस अय्यर ने 9 रन का योगदान दिया। इंग्लैंड की ओर से मार्क वुड ने तीन जबकि क्रिस जॉर्डन ने दो विकेट चटकाया। भारत का एक बल्लेबाज रन आउट होकर पवेलियन लौटा।
इंग्लैंड ने 15 ओवर में बनाए 127 रन
जोस बटलर (78*) और जॉनी बेयरस्टो (14*) डटकर भारतीय गेंदबाजों का सामना कर रहे हैं। इंग्लैंड ने 15 ओवर का खेल समाप्त होने के बाद 127 रन बना लिए हैं। मेहमान टीम को जीत के लिए अब सिर्फ 30 रन की दरकार है।
इंग्लैंड की टीम 100 रन के पार पहुंची
इंग्लैंड की टीम ने सैकड़ा पूरा कर लिया है। अर्धशतक जमाने के बाद बटलर ने रनों की रफ्तार बढ़ा दी है। 12 ओवर का खेल होने पर इंग्लैंड का स्कोर 102/2 है। बटलर 63 और जॉनी बेयरस्टो 4 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
डेविड मलान को सुंदर ने पवेलियन भेजा
इंग्लैंड का दूसरा विकेट डेविड मलान के रूप में गिरा। उन्होंने 17 गेंदों में 18 रन की पारी खेली। मलान ने इस दौरान 1 छक्के जड़ा। वह 10वें ओवर की चौथी गेंद पर वॉशिंगटन सुंदर का शिकार बने। उनका विकेट 81 के कुल स्कोर पर गिरा। मलान ने सलामी बल्लेबाज बटलर का बखूबी साथ दिया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 58 रन की पार्टनरशिप की।
जोस बटलर ने जड़ी 11वीं फिफ्टी
सलामी बल्लेबाज जोस बटलर ने फिफ्टी जड़ दी है। उन्होंने 26 गेंदों में 4 चौकों और 3 छक्कों की बदौलत 50 रन पूरे किए। यह बटलर के टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 11वां अर्धशतक है। बटलर और डेविड मलान (17*) के बीच अब तक 55 रन की साझेदारी हो चुकी है। 9 ओवर का खेल खत्म होने के बाद इंग्लैंड का स्कोर 78/1 रन है।
पावर प्ले में इंग्लैंड ने बनाया पचासा
भारत की तुलना में इंग्लैंड की टीम काफी तेजी से रन जुटा रही है। इंग्लैंड ने पावर प्ले में अपना पचासा बना लिया है। इंग्लैंड का स्कोर 6 ओवर में 57/1 है। जोस बटलर 43 और डेविड मलान 4 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
जेसन रॉय बने युजवेंद्र चहल शिकार
इंग्लैंड का पहला जेसन रॉय के रूप में गिरा है। पिछले मैच में 49 रन की पारी खेलने वाले रॉय सिर्फ 9 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे। उन्होंने 13 गेंदों की पारी में 2 चौके जमाए। उन्हें स्पिनर युजवेंद्र चहल ने चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर अपना शिकार बनाया। रॉय ने रोहित शर्मा को कैच थमाया।
लक्ष्य का पीछा करने आए रॉय और बटलर
इंग्लैंड की ओर से लक्ष्य का पीछा करने जेसन रॉय और जोस बटलर आए हैं। वहीं, भारत की तरफ से गेंदबाजी आक्रमाण की अगुवाई तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने की। भुवी ने पहले ओवर में सिर्फ 4 रन दिए।
भारत ने दिया 157 रन का लक्ष्य
भारत ने इंग्लैंड को 157 रन का लक्ष्य दिया है। भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 156 रन बनाए। भारत के लिए सर्वाधिक रन कप्तान विराट कोहली (46 गेंदों पर नाबाद 77 रन) ने बनाए। उनके अलावा रिषभ पंत ने 25 और रोहित ने 15 रन का योगदान दिया। वहीं, हार्दिक पांड्या 17 रन बनाए। इंग्लैंड की ओर से मार्क वुड ने तीन जबकि क्रिस जॉर्डन ने दो विकेट चटकाया। भारत का एक बल्लेबाज रन आउट होकर पवेलियन लौटा।
विराट कोहली ने जड़ा 27वां अर्धशतक
विराट कोहली ने अपना पचासा पूरा कर लिया है। उन्होंने 37 गेंदों में 4 चौकों और 2 छक्के के दम पर 50 रन पूरे किए। यह कोहली के टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 27वां अर्धशतक है।
भारतीय टीम का पूरा हुआ सैकड़ा
भारत ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाने के बाद आखिरकार सैकड़ा पूरा कर लिया है। भारत ने 16 ओवर का खेल पूरा होने के बाद 100 रन बनाए। विराट कोहली 39 जबकि हार्दिक पांड्या 1 रन बनाकर खेल रहे हैं।
श्रेयस अय्यर ने 9 रन बनाकर खोया विकेट
भारत को पांचवां झटका श्रेयस अय्यर के तौर पर लगा। अय्यर ने 9 गेंदों में 1 चौके के जरिए 9 रन बनाए। उन्हें मार्क वुड ने 15वें ओवर की तीसरी गेंद पर डेविड मलान के हाथों लपकवाया। उनका विकेट 86 के कुल स्कोर पर गिरा। अय्यर ने कोहली के साथ पांचवें विकेट के लिए 22 रन जोड़े।
रन आउट होकर पवेलियन लौटे रिषभ पंत
भारत का चौथा विकेट रिषभ पंत के रूप में गिरा। ईशान किशन के आउट होने के बाद बल्लेबाजीज के लिए पंत बड़ी पारी नहीं खेल पाए। उन्होंने 19 गेंदों में 25 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान 3 चौके मारे। पंत 12वें ओवर की पहली गेंद पर रन आउट होकर पवेलियन लौटे। उन्होंने विराट कोहली के साथ चौथे विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी की।
50 रन के पार पहुंची भारतीय टीम
विराट कोहली (14*) और रिषभ पंत (20*) संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों ने भारतीय टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंच दिया है। 10 ओवर का खेल पूरे होने के बाद भारत का स्कोर 55/3 है।
टीम इंडिया ने 8 ओवर में बनाए 38 रन
24 के कुल स्कोर पर तीन विकेट खोने के बाद भारतीय टीम संघर्ष कर रही है। भारत ने 8 ओवर का खेल खत्म होने के बाद 38 रन बनाए हैं। कप्तान विराट कोहली 11 और रिषभ पंत 7 रन बनाकर खेल रहे हैं।
नहीं चला ईशान किशन का बल्ला
दूसरे टी20 में तूफानी अर्धशतक जड़ने वाले ईशान किशन का तीसरा मुकाबले में बल्ला नहीं चला। वह 9 गेंदों में सिर्फ 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। ईशान को क्रिस जॉर्डन ने छठे ओवर की दूसरी गेंद पर आउट किया। वह जॉर्डन की गेंद को पिच पर पड़ने के बाद भांप नहीं पाए और विकेट के पीछे जोस बटलर को कैच थमा बैठे।
रोहित शर्मा ने भी सस्ते में गंवाया अपना विकेट
भारत को दूसरा झटका रोहित शर्मा के रूप में लगा। केएल राहुल के जल्द आउट होने के बाद टीम को रोहित से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह सस्ते में अपना विकेट गंवा बैठे। उन्हें मार्क वुड ने पांचवें ओवर की चौथी गेंद पर अपना शिकार बनाया। वह बड़ा शॉट जमाने के चक्कर में जोफ्रा आर्चर के हाथों लपके गए। उन्होंने 17 गेंदों में 2 चौकों की मदद से 15 रन बनाए। उनका विकेट 20 के कुल स्कोर पर गिरा।
भारत का फिर निराशाजनक आगाज
भारत ने एक बार फिर निराशाजनक आगाज किया है। सलामी बल्लेबाज केएल राहुल बिना खाता खोले ही आउट हो गए। उन्हें तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर मार्क वुड ने बोल्ड किया। राहुल पिछले दो मैचों में भी सस्ते में आउट हो गए थे। उन्होंने पहला मैच में जहां 1 रन बनाया वहीं दूसरे टी20 में वह शून्य पर आउट हुए।
आदिल राशिद ने संभाली गेंदबाजी की मान
भारत की ओर से पारी का आगाज करने रोहित शर्मा और केएल राहुल आए हैं। वहीं, इंग्लैंड की तरफ से स्पिनर आदिल राशिद ने गेंदबाजी की संभाली ली। राशिद ने पहले ओवर में सिर्फ 5 रन दिए।
'हिटमैन' रोहित शर्मा की हुई वापसी
भारत ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदवाल किया है। शुरुआत दो टी20 में बाहर रहे रोहित शर्मा की वापसी हुई है। 'हिटमैन' के नाम से मशहूर रोहित को सूर्यकुमार यादव की जगह टीम में शामिल किया गया है। सूर्यकुमार ने दूसरे टी20 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया, लेकिन उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला। वहीं, इंग्लैंड ने भी अपनी अंतिम एकादश में बदलाव किया है। इंग्लैंड ने टॉम कुरेन के स्थान पर मार्क वुड को शामिल किया है।
ये है भारत और इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन
भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा केएल राहुल, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, रिषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, वॉशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार और शार्दुल ठाकुर।
इंग्लैंड: इयोन मोर्गन (कप्तान), जेसन रॉय, जोस बटलर (विकेटकीपर), डेविड मलान, जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स, आदिल राशिद, सैम कुरेन, क्रिस जॉर्डन, जोफ्रा आर्चर और मार्क वुड।
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया है। सीरीज में अब तक देखा गया है कि टॉस जीतने वाली टीम ने पहले गेंदबाजी ही चुनी है। इंग्लैंड ने पहले टी20 में वहीं भारत ने दूसरी टी20 में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था।
अब दर्शकों के बिना खेला जाएगी टी20 सीरीज
पहले और दूसरे टी20 में दर्शकों को स्टेडियम आकर मैच देखने की इजाजत थी, लेकिन कोरोना मामलों में इजाफे के बाकी सीरीज में ऐसा नहीं हो पाएगा। गुजरात क्रिकेट संघ ने तीन मैचों के बगैर दर्शकों के होने की पुष्टि की है। जीसीए के उपाध्यक्ष धनराज नथवानी ने कहा है कि 16, 18 और 20 मार्च को होने वाले मैचों के लिए टिकट खरीदने वाले दर्शकों को उनके टिकटों के पैसे वापस कर दिए जाएंगे। नथवानी ने कहा कि अहमदाबाद में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह फैसला किया गया है। बकौल नथवानी बीसीसीआई से सलाह के बाद ही यह फैसला लिया गया है।
भारत और इंग्लैंड में अब तक बराबरी टक्कर
भारत और इंग्लैंड में अब तक बराबर की टक्कर रही है। भारत और इंग्लैंड की 16 टी20 अंतररराष्ट्रीय मैचों में भिड़ंत हुई है, जिसमें दोनों टीमों को 8-9 मुकाबलों में जीत मिली। भारतीय सरजमीं पर दोनों टीमों के मुकाबले जबरदस्त रहे हैं। यहां दोनों टीमों ने आठ मैच खेले हैं, जिसमें भारत और इंग्लैंड ने चार-चार तीन मैच अपने नाम किए। दोनों टीमों ने पहला टी20 साल 2007 के टी20 विश्व कप में खेला था। इसी मैच में युवराज सिंह ने एक ओवर में 6 छक्के लगाए थे।
पहले और दूसरे टी20 में क्या हुआ
इंग्लैंड ने पहले टी20 में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 124 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड ने जेसन रॉय (49) की शानदार पारी के दम पर 15.3 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। पहले टी20 8 विकेट से हारने के बाद भारत ने दूसरे टी20 में जबरदस्त वापसी की। भारत ने टॉस जीतकर इंग्लैंड को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। भारत ने इंग्लैंड को 6 विकेट पर 164 रन पर रोक दिया और फिर 17.5 ओवरों में तीन विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली। भारत की सात विकेट की जीत में विराट कोहली (नाबाद 73) और ईशान किशन (56) ने अहम भूमिका निभाई।

