खेल मंत्रालय ने किया राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की चयन समिति का ऐलान, सहवाग और सरदार शामिल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 31, 2020, 04:44 PM IST

National Sports Awards 2020 : इस साल राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के चयन के लिए खेल मंत्रालय ने पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग और सरदार सिंह को भी चयन समिति में शामिल किया है।

खेल मंत्रालय ने किया राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की चयन समिति का ऐलान, सहवाग और सरदार शामिल

नई दिल्ली, 31 जुलाईः खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2020 के लिये शुक्रवार को चयन समिति की घोषणा की जिसमें पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग और पूर्व हॉकी कप्तान सरदार सिंह को शामिल किया गया है। मंत्रालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत न्यायाधीश मुकुंदम शर्मा समिति के अध्यक्ष होंगे।

समिति के सदस्यों में सहवाग (क्रिकेट), सरदार (हॉकी), मोनालिसा बरूआ मेहता (टेबल टेनिस), दीपा मलिक (पैरा एथलेटिक्स) और वेंकटेशन देवराजन (मुक्केबाजी) शामिल हैं।

ये हैं कुछ अन्य नाम

इनके अलावा मशहूर खेल कमेंटेटर मनीष बटाविया, खेल पत्रकार आलोक सिन्हा और नीरू भाटिया भी समिति में होंगे। खेल मंत्रालय से भारतीय खेल प्राधिकरण के महानिदेशक संदीप प्रधान, खेल विभाग के संयुक्त सचिव एल एस सिंह और टारगेट ओलंपिक पोडियम (टॉप्स) योजना के सीईओ राजेश राजागोपालन समिति में होंगे।

29 अगस्त को खेल दिवस पर दिए जाते हैं पुरस्कार

द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिये अध्यक्ष दो अतिरिक्त सदस्यों को शामिल कर सकता है जो द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित रह चुके हों। यह समिति राजीव गांधी खेल रत्न, द्रोणाचार्य पुरस्कार, अर्जुन पुरस्कार, ध्यानचंद पुरस्कार, राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार और मौलाना अबुल कलाम आजाद ट्राफी के विजेताओं का चयन करेगी। ये पुरस्कार 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन पर खेल दिवस के उपलक्ष्य में दिये जाते हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!