T20 World Cup:पाकिस्तान के खिलाफ फिर चला विराट कोहली का बल्ला, दबाव में खेली धमाकेदार पारी 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 24, 2021, 10:01 PM IST

Virat Kohli vs Pakistan in T20 World Cup: टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ एक और धमाकेदार पारी खेली है। उन्होंने रविवार को भारतीय टीम को कप्तानी पारी खेलकर मुश्किल से उबारा। 

T20 World Cup:पाकिस्तान के खिलाफ फिर चला विराट कोहली का बल्ला, दबाव में खेली धमाकेदार पारी 
Photo Credit: AP

दुबई: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली का पाकिस्तान के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में धमाकेदार प्रदर्शन बदस्तूर जारी है। पिछले तीन वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ मैच जिताऊ पारी खेलकर नाबाद रहे विराट ने चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ एक बार फिर धमाकेदार पारी खेली वो भी तब जब भारतीय टीम मुश्किल परिस्थिति में थी। विराट पारी के 19वें ओवर की चौथी गेंद में शाहीन अफरीदी की गेंद को पुल करने की कोशिश में विकेट के पीछे मोहम्मद रिजवान के हाथों लपके गए। उन्होंने 49 गेंद में 57 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 1 छक्का जड़ा।

6 रन पर गंवा दिए थे 2 विकेट 
विराट कोहली को पारी के पहले ही ओवर की पांचवीं गेंद पर बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरना पड़ा। रोहित शर्मा पारी की चौथी गेंद पर शाहीन अफरीदी की गेंद पर एलबीडब्लू हो गए। उसके बाद बैटिंग करने आए विराट कोहली ने एक छोर थाम लिया। दूसरे छोर पर खड़े केएल राहुल बोल्ड हो गए और टीम का स्कोर 6 रन पर 2 विकेट हो गया। ऐसे में विराट कोहली को सूर्यकुमार यादव का साथ मिला लेकिन वो भी 31 के स्कोर पर पवेलियन लौट गए और टीम इंडिया दबाव में नजर आने लगी।

पंत के साथ की अर्धशतकीय साझेदारी
सूर्यकुमार के आउट होने के बाद विराट कोहली को ऋषभ पंत का साथ मिला। दोनों ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया को 9 ओवर में 50 रन के पार पहुंचाया। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 40 गेंद में 53 रन की साझेदारी हुई। पंत 12.2 ओवर में शादाब खान की गेंद पर उनके ही हाथों लपके गए। उन्होंने 30 गेंद में 39 रन की पारी खेली। विराट कोहली एक बार फिर अपने जाने पहचाने अंदाज में बल्लेबाजी करते नजर आए। पंत के आउट होने के बाद उन्होंने मोर्चा संभाला। विराट ने 45 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने चार चौके और एक छक्का जड़ा। विराट 57 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 

226 की औसत से वर्ल्ड कप में बनाए हैं पाकिस्तान के खिलाफ रन 
विराट कोहली का पाकिस्तान के खिलाफ लगातार चौथी बार टी20 वर्ल्ड में चला। उन्होंने साल 2012, 2014 और 2016 में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार पारियां खेली थी। उन्होंने 2012 में कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ 78*(61), 2014 में ढाका में 36*(32) और 2016 में कोलकाता में 55*(37) रन का पारी खेली थी। तीन बार वो उनके खिलाफ नाबाद रहे थे। लेकिन रविवार को विराट 49 गेंद में 57 रन बनाकर आउट हुए।  विराट कोहली के नाम टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ 4 मैच में 226 के औसत और 126.25 स्ट्राइक रेट के साथ दर्ज हो गए हैं। 
 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!