दक्षिण अफ्रीका का सूपड़ा साफ करते ही अजहर से आगे निकले कैप्टन कोहली 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 22, 2019, 09:51 AM IST

विराट कोहली ने अपनी कप्तानी में तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में दक्षिण अफ्रीकी टीम का सूपड़ा साफ करते ही मोहम्मद अजरुद्दीन का 25 साल पुराना कप्तानी रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

दक्षिण अफ्रीका का सूपड़ा साफ करते ही अजहर से आगे निकले कैप्टन कोहली 
Photo Credit: AP

रांची: भारतीय क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका को रांची में खेले गए तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के तीसरे और आखिरी टेस्ट मैच में पारी के अंतर से मात देकर 3-0 से सीरीज अपने नाम कर ली है। मैच के चौथे दिन भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीकी के अंतिम दो विकेट झटककर जीत की औपचारिकता पूरी कर ली। अफ्रीकी बल्लेबाजों की भारतीय गेंदबाजों के सामने मैच में एक नहीं चली। भारत के पहली पारी में 9 विकेट पर 497 रन के जवाब में तीसरे दिन पहली पारी में अफ्रीकी टीम 162 रन पर ढेर हो गई। ऐसे में कप्तान विराट कोहली ने लगातार दूसरे मैच में फॉफ डुप्लेसी की टीम को फॉलोऑन दिया और दूसरी बार 133 रन पर ढेर कर मैच अपने नाम कर लिया।

रांची टेस्ट में जीत के साथ ही भारतीय टीम ने तीन मैचों की सीरीज में फॉफ डुप्लेसी की टीम का सूपड़ा साफ कर दिया। इसी के साथ ही विराट कोहली ने बतौर कप्तान मोहम्मद अजरुद्दीन के 25 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। वो तीन या उससे ज्यादा मैच की टेस्ट सीरीज के सभी मैच में सबसे ज्यादा बार जीत दर्ज करने के मामले में पहले पायदान पर पहुंच गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज जीत से पहले विराट अजहर के साथ 2-2 की बराबरी पर थे। लेकिन रांची की जीत ने उन्हें अब अजहर से आगे पहुंचा दिया है। 

अजहरुद्दीन की कप्तानी में भारतीय टीम ने साल 1992-94 में घर पर इंग्लैंड तीन मैच की सीरीज में 3-0 के अंतर से मात दी थी। इसके बाद अजहर की कप्तानी में ही श्रीलंका को साल 1993-94 में श्रीलंका का भी तीन मैच की सीरीज में सूपड़ा साफ कर तीनों मैचों में जीत दर्ज की थी। वहीं विराट ने अपनी कप्तानी में न्यूजीलैंड को साल 2016-17 में घर पर 3-0 से मात दी थी। इसके बाद 2017 में श्रीलंका को उसकी सरजमीं पर 3 मैच की सीरीज में भी 3-0 से मात दी थी। विदेश में ऐसा करने वाले विराट पहले भारतीय कप्तान बने थे। ऐसे में अब दक्षिण अफ्रीका को मौजूदा सीरीज के तीनों मैचों में पटखनी देकर विराट पहले पायदान पर पहुंच गए हैं। 

टीम इंडिया छठी बार( 3 या उससे ज्यादा मैच की सीरीज) किसी टीम को दौरे पर खेले सभी टेस्ट मैचों में पटखनी देने में सफल हुई है। भारतीय टीम ने पांच बार घर पर और एक बार घर से बाहर विरोधी टीम का सभी मैचों में सूपड़ा साफ करने में सफल रही है।  



End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!