श्रीलंका के विश्व चैंपियन कप्तान को संकट की घड़ी में भारत की याद आई, जानिए क्यों बताया 'बड़ा भाई'

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 6, 2022, 06:49 PM IST

Arjuna Ranatunga on Sri Lanka Crisis: श्रीलंका के विश्व चैंपियन कप्तान अर्जुन रणतुंगा ने अपने देश के मौजूदा हालात को लेकर राय का इजहार किया है।

श्रीलंका के विश्व चैंपियन कप्तान को संकट की घड़ी में भारत की याद आई, जानिए क्यों बताया 'बड़ा भाई'
Photo Credit: ANI

भारत का पड़ोसी देश श्रीलंका इन दिनों आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। श्रीलंका में लोग बेहद नाराज हैं और लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने पिछले हफ्ते देश में आपातकाल लगा दिया था, जो बुधवार को हटा दिया गया। इस बीच श्रीलंका को 1996 में वर्ल्ड कप चैंपियन बनाने वाले कप्तान अर्जुन रणतुंगा ने अपने देश के मौजूदा हालात को लेकर बेबाक राय रखी है। उन्होंने साथ ही भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की है। बता दें कि क्रिकेटर से राजनेता बने रणतुंगा मंत्री भी रह चुके हैं। 

'भारत हमारा बड़ा भाई'

रणतुंगा ने एएनआई से कहा, 'श्रीलंका की इस सरकार ने अपने फाएदे के लिए पूरे संविधान को बदल डाला। भारत हमारा बड़ा भाई है। वे पेट्रोल और दवाओं जैसी हमारी जरूरतों को देख रहा है। भारत हमारी काफी मदद कर रहा है।' उन्होंने कहा, 'विरोध प्रदर्शनों में हमारे देश के आम लोग सिर्फ दूध पाउडर, गैस, चावल, पेट्रोल जैसी बुनियादी चीजें मांग रहे हैं। मैं हिंसा से बिलकुल सहमत नहीं हूं। देश पिछले दो साल में एक बड़े संकट में घिर गया है। वे कोरोना का बहाना बना सकते हैं, लेकिन दुनिया भी तो इससे गुजरी है।'

'राष्ट्रपति पद छोड़ सकते हैं'

पूर्व विश्व चैंपियन कप्तान ने कहा, 'दुर्भाग्य से इस सरकार ने कोरोना को सही से नहीं संभाला। वे अहंकारी और अति आत्मविश्वासी थे। अगर राष्ट्रपति को लगता है कि वह हालात संभाल नहीं सकते तो पद छोड़ सकते हैं। हम दुनिया भर में पैसों की भीख मांग रहे हैं। सौभाग्य से ऐसे देश हैं, जो हमारी मदद कर रहे हैं, खासकर भारत।' रणतुंगा ने भारतीय प्रधानमंत्री की प्रशंसा करते हुए कहा, 'पीएम मोदी ने जाफना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को शुरू करने के लिए अनुदान देकर बहुत उदारता दिखाई है। भारत हमारी बहुत मदद कर रहा है।'

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!