रिकी पोंटिंग ने कहा- इस भारतीय को 'फ्लोटर' के रूप में इस्तेमाल करो, विश्व कप में खतरनाक साबित होगा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 10, 2022, 03:46 PM IST

Ricky Ponting on Rishabh Pant: भारतीय क्रिकेट टीम के दूसरे सबसे युवा कप्तान रिषभ पंत के लिए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला टी20 हार के साथ समाप्त हुआ लेकिन उनकी बैटिंग से रिकी पोंटिंग प्रभावित दिखे।

रिकी पोंटिंग ने कहा- इस भारतीय को 'फ्लोटर' के रूप में इस्तेमाल करो, विश्व कप में खतरनाक साबित होगा
Photo Credit: Twitter

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहले टी20 मैच में पहली बार कप्तान की जिम्मेदारी निभा रहे रिषभ पंत (Rishabh Pant) की बल्लेबाजी शानदार रही लेकिन टीम इंडिया को इस मैच में 211 रन बनाने के बावजूद 7 विकेट से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। आईपीएल में खराब कप्तानी व बल्लेबाजी के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक बार फिर वापसी की कोशिश कर रहे रिषभ पंत को लेकर पूर्व आस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग ने फिर से कुछ अच्छे शब्द कहे हैं और उनको लेकर भारतीय टीम प्रबंधन को सलाह भी दी है।

रिकी पोंटिंग का मानना है कि रिषभ पंत आगामी टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया की ‘तेज और उछाल’ भरी पिचों पर ‘काफी खतरनाक’ साबित होंगे जिसमें प्रत्येक मैच की परिस्थिति के हिसाब से बतौर ‘फ्लोटर’ (बल्लेबाजी क्रम में किसी भी स्थान पर) उनका सर्वश्रेष्ठ इस्तेमाल किया जा सकता है। पोंटिंग इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी में पंत के साथ काम कर चुके हैं और भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज को काफी ऊंचा आंकते हैं।

पोंटिंग ने ‘आईसीसी रिव्यू’ में कहा, ‘‘वह (पंत) एक शानदार खिलाड़ी है। एक बेहतरीन युवा खिलाड़ी जो टी20 विश्व कप में भारत का काफी खतरनाक क्रिकेटर होगा, विशेषकर आस्ट्रेलियाई विकेटों पर जो काफी सपाट, तेज और उछाल भरे हैं। उसके प्रदर्शन पर टूर्नामेंट (विश्व टी20) में सभी की निगाहें लगी होंगी।’’ पोंटिंग मानते हैं कि पंत का बल्लेबाजी क्रम में स्थान लचीला होना चाहिए जो भारतीय टीम की जरूरत के मुताबिक हो।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरे विचार से उसे एक ‘फ्लोटर’ के तौर पर खिलाया जा सकता है। मैं शायद भारतीय बल्लेबाजी लाइन-अप में उसे पांचवें नंबर पर चाहूंगा।’’ ऑस्ट्रेलिया के लिये 168 टेस्ट खेल चुके पोंटिंग ने कहा, ‘‘लेकिन कुछ निश्चित परिस्थितियों में जहां सात-आठ ओवर बचे हों तो मैं उसे भेजना चाहूंगा और जितना समय बचा हो देना चाहूंगा। वह इतना शानदार और इतना आक्रामक खिलाड़ी है कि मैं उसका इस्तेमाल इसी तरह करना चाहूंगा।’’

पंत ने 14 आईपीएल मैचों में महज 340 रन बनाये थे जिसमें उनका औसत 30.91 का था। पोंटिंग के अनुसार पंत आईपीएल में अपने प्रदर्शन से काफी हताश थे। उन्होंने कहा, ‘‘उसके लिये आईपीएल शायद उसका सर्वश्रेष्ठ टूर्नामेंट नहीं था। वह इस साल अपने आईपीएल प्रदर्शन से वास्तव में काफी निराश था क्योंकि वह टूर्नामेंट से पहले काफी अच्छी बल्लेबाजी कर रहा था जो मैंने पहले नहीं देखी थी।’’

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!