भारत-पाक मैच से पहले अच्छी खबर, कोविड से उबरकर टीम से जुड़े कोच राहुल द्रविड़

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 28, 2022, 12:24 PM IST

Rahul Dravid recovers and joins team India in UAE: टीम इंडिया के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ कोविड-19 से उबरते हुए एक बार फिर टीम इंडिया से जुड़ गए हैं। वो यूएई में मौजूद हैं।

भारत-पाक मैच से पहले अच्छी खबर, कोविड से उबरकर टीम से जुड़े कोच राहुल द्रविड़

टीम इंडिया के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ कोविड-19 के लिए नेगेटिव पाए गए हैं और रविवार को यहां पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के बहु प्रतीक्षित मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट टीम से जुड़ गए हैं। महाद्वीपीय टूर्नामेंट के लिए टीम की रवानगी से पूर्व नियमित परीक्षण में पूर्व दिग्गज बल्लेबाज द्रविड़ वायरस के लिए पॉजिटिव पाए गए थे लेकिन अब इस संक्रमण से पूरी तरह उबर चुके हैं।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने बयान में कहा, ‘‘टीम इंडिया के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ कोविड-19 के लिए नेगेटिव पाए गए हैं और दुबई में टीम से जुड़ गए हैं। द्रविड़ की गैरमौजूदगी में टीम के साथ मौजूद अंतरिम कोच वीवीएस लक्ष्मण भारत ए की तैयारियों को देखने के लिए बेंगलुरू लौट आए हैं।’’

पूर्व भारतीय कप्तान द्रविड़ पॉजिटिव पाए जाने के बाद टीम के साथ यात्रा नहीं कर पाए थे। बीसीसीआई ने इसके बाद राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण को भारत का अंतरिम कोच नियुक्त किया था।

द्रविड़ 23 अगस्त को कोविड पॉजिटिव पाए जाने के बाद से घर में ही पृथकवास पर थे। इससे पहले बीसीसीआई सचिव जय शाह ने बयान जारी करके कहा था कि भारतीय टीम के मुख्य कोच में हल्के लक्षण दिखाई दे रहे हैं।

शाह ने विज्ञप्ति में कहा था, ‘‘टीम इंडिया के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ एशियाई कप 2022 के लिए टीम की यूएई के लिए रवानगी से पहले नियमित परीक्षण में कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘द्रविड़ बीसीसीआई की चिकित्सा टीम के निरीक्षण में हैं और उनमें हल्के लक्षण नजर आ रहे हैं। कोविड-19 नेगेटिव पाए जाने पर वह टीम से जुड़ेंगे।’’

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!