आईपीएल में इन कप्तानों के आगे नहीं टिकता कोई, इनकी कमान में टीम को मिली अपार सफलता

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 19, 2022, 02:05 PM IST

किसी भी टीम की सफलता के लिए एक बेहतरीन कप्तान का होना बहुत जरूरी है। आईपीएल में अपार सफलला हासिल करने वाली टीमों के कप्तान भी काफी दमदार हैं।

आईपीएल में इन कप्तानों के आगे नहीं टिकता कोई, इनकी कमान में टीम को मिली अपार सफलता
Photo Credit: Twitter

किसी भी टीम को सफलता हासिल करने के लिए अच्छे खिलाड़ियों के अलावा एक अच्छे कप्तान की भी जरूरत होती है। इंडियन प्रीमियर लीग की सबसे सफल टीमों पर नजर डालेंगे तो पाएंगे कि उनके पास बेहद दमदार कप्तान रहे हैं। आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक जीत हासिल करने का रिकॉर्ड चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नाम दर्ज है। उन्होंने ना सिर्फ चेन्नई टीम को सबसे अधिक जीत दिलाई बल्कि टीम को चार खिताब भी दिलाया।

माही 100 जीत दर्ज करने वाले एकमात्र कप्तान

महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल में अब तक 204 मैचों में कप्तानी की है और टीम को 121 मैचों में जीत दिलाई है। वह आईपीएल के इतिहास में 100 जीत दर्ज करने वाले एकमात्र कप्तान हैैं। धोनी की कमान में टीम को 82 मैचों में हार का सामना करना पड़ा और एक मैच बेनतीजा रहा। धोनी ने 204 मैचों में से 14 मैचों में कप्तानी राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स टीम के लिए भी की है। पुणे के लिए कप्तानी करते हुए हालांकि धोनी का रिकॉर्ड बहुत अच्छा नहीं रहा। धोनी की कप्तानी में पुणे की टीम ने सिर्फ 5 मैच जीते और 9 में उसे हार का सामना करना पड़ा। हालांकि माही ने अपनी कप्तानी में चेन्नई को 4 बार खिताब दिलाया है। उनकी कप्तानी में चेन्नई की टीम सर्वाधिक 9 बार फाइनल में पहुंची है। 

रोहित शर्मा के नाम 75 जीत दर्ज हैं

आईपीएल में सर्वाधिक 5 खिताब जीतने वाले मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा सबसे सफल कप्तानों की सूची में दूसरे पायदान पर हैं। रोहित ने मुंबई इंडियंस के लिए अभी तक 129 मैचों में कप्तानी की है। इसमें से मुंबई की टीम ने 75 जीते हैं और 50 हारे हैं जबकि 4 मैच टाई रहे हैं। रोहित ने मुंबई की कमान 2013 में संभाली थी और तब से वह लगातार टीम के कप्तान हैं।

तीसरे नंबर पर गंभीर का नाम

कोलकाता नाइटराइडर्स के पूर्व कप्तान गौतम गंभीर इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं।  गंभीर ने दिल्ली डेयरडेविल्स और कोलकाता के लिए कप्तानी की है। उन्होंने दो बार कोलकाता को साल 2012 और 2014 में चैंपियन बनाया। गंभीर ने आईपीएल में कुल 129 मैचों में कप्तानी की और 71 में जीत हासिल करने में सफल रहे। इस दौरान टीम ने 57 मैच हारे जबकि एक टाई रहा। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!