एमएस धोनी ने मध्य प्रदेश से ऑर्डर किए 2 हजार कड़कनाथ मुर्गे, शासन ने भेजे रांची

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 24, 2022, 01:31 PM IST

MS Dhoni order Kadaknath cock: टीम इंडिया के पूर्व कप्‍तान एमएस धोनी ने मध्‍यप्रदेश के झाबुआ जिले से 2000 कड़कनाथ मुर्गे का ऑर्डर दिया है। मध्‍यप्रदेश की एक सहकारी फर्म ने यह रांची स्थित माही के फार्म पर भेजे हैं।

एमएस धोनी ने मध्य प्रदेश से ऑर्डर किए 2 हजार कड़कनाथ मुर्गे, शासन ने भेजे रांची

झाबुआ: मध्यप्रदेश की एक सहकारी फर्म ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के ऑर्डर पर प्रोटीन से भरे 'कड़कनाथ' नस्ल के 2000 मुर्गे झारखंड के रांची स्थित उनके फार्म पर भेजे हैं। मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले के काले कड़कनाथ मुर्गे को छत्तीसगढ से कानूनी लड़ाई के बाद 2018 में जीआई टैग मिला है। यह मुर्गा, इसके अंडे और मांस दूसरी नस्ल से महंगे दाम में बेचा जाता है।

झाबुआ के कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने प्रेस ट्रस्ट को बताया कि धोनी ने एक स्थानीय सहकारी फर्म को 2000 कड़कनाथ मुर्गो का ऑर्डर दिया था जो एक वाहन से रांची भेज दिये गए हैं । उन्होंने कहा, 'यह अच्छा कदम है कि धोनी जैसे सितारे ने कड़कनाथ मुर्गे की नस्ल में रूचि जताई है। कोई भी ऑनलाइन ऑर्डर कर सकता है, जिससे इस नस्ल के मुर्गे पालने वाले आदिवासियों को फायदा होगा।'

झाबुआ के कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख आई एस तोमर ने कहा कि धोनी ने कुछ समय पहले यह ऑर्डर दिया था, लेकिन बर्ड फ्लू फैला होने के कारण भेजा नहीं जा सका। धोनी ने विनोद मेदा को ऑर्डर दिया जो झाबुआ के रूंडीपाड़ा गांव में कड़कनाथ नस्ल के मुर्गे के पालन से जुड़ी सहकारी संस्था चलाते हैं। मेदा ने कहा कि झाबुआ की आदिवासी संस्कृति के परिचायक तीर कमान भी धोनी को भेजे जायेंगे।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!