मुश्किल में पाकिस्तानी टीम? भारत के खिलाफ हीरो बनने वाले रिजवान का होगा MRI स्कैन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 5, 2022, 12:58 PM IST

Mohammad Rizwan, Asia Cup 2022: पाकिस्तानी विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने रविवार को भारत के खिलाफ एशिया कप मैच में हीरो की भूमिका निभाई, लेेकिन साथ ही उनकी फिटनेस पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं।

मुश्किल में पाकिस्तानी टीम? भारत के खिलाफ हीरो बनने वाले रिजवान का होगा MRI स्कैन
Photo Credit: AP

भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को खेले गए एशिया कप 2022 के महामुकाबले के दौरान पाक विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने हीरो की भूमिका अदा की और पाकिस्तान को जीत दिलाई। हालांकि मैच में 71 रनों की शानदार पारी खेलने वाले रिजवान अब अपनी फिटनेस से जूझते नजर आ रहे हैं। दरअसल, मैच के दौरान उनके दाहिने पैर में खिंचाव आ गया था और अब सोमवार को एहतियात के तौर पर उनका एमआआई स्कैन होगा।

पाकिस्तानी मीडिया की खबरों के अनुसार रिजवान भारत की पारी के दौरान मोहम्मद हसनैन की गेंद को रोकने के प्रयास में चोटिल हो गये थे जब उनका पैर जोर से जमीन पर पड़ा था। खबरों के अनुसार 30 साल के बल्लेबाज को रविवार को पाकिस्तान की अंतिम ओवर में मिली जीत के बाद अस्पताल ले जाया गया था।

चोट के बावजूद रिजवान पारी का आगाज करने मैदान पर उतरे और उन्होंने 51 गेंद में 71 रन की मैच विजयी पारी खेली जिससे पाकिस्तान ने पांच विकेट रहते भारत के सात विकेट पर 181 रन के लक्ष्य को हासिल कर लिया।

रिजवान ने तीसरे विकेट के लिये 73 रन की भागीदारी निभायी जिससे पाकिस्तान ने ग्रुप लीग चरण में भारत से मिली हार का बदला चुकता किया। पाकिस्तान पहले ही फिटनेस संबंधित मुद्दों से जूझ रहा है जिसमें तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी, मोहम्मद वसीम और शाहनवाज दहानी टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!