केएल राहुल ने बताया उस क्रिकेटर का नाम जो आने वाले समय में बन सकता है भारतीय क्रिकेट का स्टार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 25, 2022, 09:50 PM IST

Lucknow captain KL Rahul prediction on new Indian star: हाल ही में नई आईपीएल टीम लखनऊ सुपर जायंट्स ने केएल राहुल को अपनी टीम का कप्तान नियुक्त करते हुए उनको अपनी टीम में शामिल किया है। राहुल ने अब इस खिलाड़ी को लेकर बड़ा दावा किया है।

केएल राहुल ने बताया उस क्रिकेटर का नाम जो आने वाले समय में बन सकता है भारतीय क्रिकेट का स्टार
Photo Credit: Twitter

आईपीएल 2022 को लेकर चर्चाएं अब रफ्तार पकड़ने लगी हैं और इसकी मुख्य वजह है दो नई टीमों का शामिल होना। लखनऊ और अहमदाबाद। इनमें से लखनऊ की फ्रेंचाइजी ने अपने नाम का ऐलान कर दिया है, जो कि 'लखनऊ सुपर जायंट्स' है। इसके साथ ही दोनों टीमों ने अपने शुरुआती तीन खिलाड़ियों को भी चुन लिया है। लखनऊ की बात करें तो उन्होंने सबसे महंगा दांव खेला है और केएल राहुल को 17 करोड़ में अपनी टीम के कप्तान के रूप में शामिल किया है। लखनऊ के कप्तान केएल राहुल ने अपने एक ताजा बयान में अपनी नई टीम के एक खिलाड़ी को भारतीय क्रिकेट के भविष्य का सितारा करार दिया है।

लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल नीलामी से पहले जिन तीन खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल किया है, वो हैं- भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल (17 करोड़), ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस (9.2 करोड़) और युवा भारतीय स्पिनर रवि बिश्नोई (4 करोड़ रुपये)। इन तीनों में सबसे दिलचस्प चयन रवि बिश्नोई का रहा है जिनको लेकर काफी चर्चाएं हो रही हैं। वो इससे पहले पंजाब किंग्स टीम में भी केएल राहुल के साथी खिलाड़ी थे। लेकिन आईपीएल 2022 से पहले पंजाब किंग्स ने रवि बिश्नोई को रिलीज कर दिया था।

केएल राहुल ने रवि बिश्नोई को भारतीय क्रिकेट के भविष्य का सितारा बताया है। 'टाइम्स ऑफ इंडिया' से बातचीत करते हुए केएल राहुल ने कहा, "उसके (रवि बिश्नोई) अंदर बहुत क्षमता मौजूद है। उसके पहले आईपीएल मैच से ही ये चीज सामने नजर आई थी जब वो अंडर-19 विश्व कप खेलकर आए थे। आईपीएल एक बड़ा मंच है।"

राहुल ने बिश्नोई के बारे में बात करते हुए उस किस्से को भी याद किया जब पंजाब और दिल्ली के बीच खेले गए आईपीएल मैच के दौरान रवि बिश्नोई रिषभ पंत और श्रेयस अय्यर पर आक्रामक होकर दबाव बनाने को तैयार थे। राहुल ने कहा, "वो उस लड़ाई में शामिल होना चाहता था। वो रिषभ पंत और श्रेयस अय्यर के खिलाफ गेंदबाजी कर रहा था, जो दोनों ही स्पिन के खिलाफ अच्छा खेलते हैं। तो मैंने उसको गेंद दी और कहा- ये मुश्किल होने वाला है। जवाब में उसने मुझसे कहा- नहीं ये मायने नहीं रखता, मैं उनको आउट करूंगा। उसका रवैया इसी तरह का है। एक युवा खिलाड़ी के नाते उसका दिल बहुत बड़ा है। वो भारतीय क्रिकेट में अगला बड़ा नाम हो सकता है।" इसे भी पढ़ेंः केएल राहुल ने आईपीएल की इस खास रिकॉर्ड लिस्ट में दर्ज कराया अपना नाम, हुए मालामाल

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!