केएल राहुल ने रिकॉर्ड्स बुक में दर्ज कराया अपना नाम, IPL सीजन में संयुक्‍त रूप से सबसे ज्‍यादा कमाई करने वाले खिलाड़ी बने

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 22, 2022, 09:34 AM IST

KL Rahul in IPL: केएल राहुल लखनऊ आधारित आईपीएल टीम से कप्‍तान के रूप में 17 करोड़ रुपए लेकर जुड़े हैं। इसी के साथ एक आईपीएल सीजन में वो विराट कोहली के साथ संयुक्‍त रूप से सबसे ज्‍यादा कमाई करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

केएल राहुल ने रिकॉर्ड्स बुक में दर्ज कराया अपना नाम, IPL सीजन में संयुक्‍त रूप से सबसे ज्‍यादा कमाई करने वाले खिलाड़ी बने

नई दिल्‍ली: केएल राहुल ने लखनऊ आधारित आईपीएल टीम के साथ 17 करोड़ रुपए का करार करके इतिहास की किताबों में अपना नाम दर्ज करा लिया है। लखनऊ की पहली पसंद राहुल एक सीजन में संयुक्‍त रूप से सबसे ज्‍यादा कमाई करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। राहुल के अलावा कोहली को चार सीजन तक 17 करोड़ रुपए मिले थे। नई बनी टीम के कप्‍तान बने राहुल आईपीएल टीम के लीडर के रूप में अपना तीसरा सीजन खेलेंगे।

17 करोड़ रुपए ने राहुल को आईपीएल 2022 नीलामी से पहले सबसे ज्‍यादा कमाई करने वाले खिलाड़ी बने। रोहित शर्मा, रवींद्र जडेजा और ऋषभ पंत को उनकी फ्रेंचाइजी ने रिटेन किया, लेकिन इन तीनों को 16 करोड़ रुपए मिलेंगे। वहीं 2018 से 2021 सीजन तक प्रत्‍येक साल 17 करोड़ रुपए कमाने वाले कोहली को आरसीबी ने 15 करोड़ रुपए में रिटेन किया है।

2018 से 2021 तक 11 करोड़ रुपए प्रति सीजन की कमाई करने वाले राहुल को 6 करोड़ रुपए बढ़कर मिलेंगे। जहां राहुल आईपीएल 2018 से सर्वश्रेष्‍ठ ओपनर्स में से एक हैं, वहीं कप्‍तानी के मामले में उनका संघर्ष जारी रहा। वो एक बार भी पंजाब को लीग चरण के आगे नहीं ले जा सके। बहरहाल, लखनऊ में राहुल के साथ मार्कस स्‍टोइनिस और रवि बिश्‍नोई भी जुड़े हैं। आईपीएल 2021 में दिल्‍ली कैपिटल्‍स का हिस्‍सा रहे स्‍टोइनिस को 9.2 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। 

राहुल की कप्‍तानी में पंजाब में खेल चुके रवि बिश्‍नोई को 4 करोड़ रुपए मिलेंगे। वह 2 करोड़ रुपए में पंजाब किंग्‍स से जुड़े थे। लखनऊ की टीम 58 करोड़ रुपए के साथ आईपीएल 2022 मेगा नीलामी में उतरेगी। 

लखनऊ टीम के कोच

लखनऊ आईपीएल टीम ने अपने पूरे कोचिंग स्‍टाफ का खुलासा नहीं किया है। फ्रेंचाइजी ने इतनी पुष्टि की है कि एंडी फ्लावर, गौतम गंभीर और विजय दहिया से करार कर रही है। फ्लावर टीम के हेड कोच होंगे, वहीं गंभीर मेंटर की भूमिका नभाएंगे। दहिया को सहायक कोच के रूप में जोड़ा गया है। गंभीर दो बार के आईपीएल विजयी कप्‍तान हैं। उन्‍होंने कोलाकाता नाइटराइडर्स को अपनी कप्‍तानी में 2012 और 2014 में खिताब दिलाए थे।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!