श्रेयस अय्यर ने बयां किया अपना दर्द, दिल्‍ली कैपिटल्‍स की कप्‍तानी जाने को लेकर किया बड़ा खुलासा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 1, 2022, 02:49 PM IST

Shreyas Iyer on Delhi Capitals Captaincy: श्रेयस अय्यर आईपीएल 2021 में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थे। वह आगामी सीजन में केकेआर के लिए खेलेंगे।

श्रेयस अय्यर ने बयां किया अपना दर्द, दिल्‍ली कैपिटल्‍स की कप्‍तानी जाने को लेकर किया बड़ा खुलासा

भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर इन दिनों शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज में तीन अर्धशतकीय पारियां खेलीं। वह अपनी फॉर्म को इस महीने शुरू होने जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 15वें सीजन में भी बरकरार रखने की फिराक में होंगे।

आईपीएल 2021 में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) का हिस्सा रहे अय्यर अब कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की कमान संभालते हुए नजर आएंगे। वह आईपीएल 2020 में दिल्ली की टीम को फाइनल में पहुंचा चुके हैं। हालांकि, अय्यर को 14वें सीजन में कप्तानी को मौका नहीं मिला था, जिसपर अब उन्होंने बड़ा खुलासा किया है।

बता दें कि आईपीएल 2021 से ठीक पहले अय्यर का कंधा चोटिल हो गया था। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को अपना कप्तान नियुक्त कर दिया। लेकिन अय्यर जब फिट होकर लौटे तब भी फ्रेंचाइजी ने पंत को कप्तान बनाए रखा। अय्यर ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में कहा है कि अगर वह चोटिल नहीं होते तो दिल्ली फ्रेंचाइजी उन्हें कप्तानी से नहीं हटाती।

दरअसल, अय्यर से पूछा गया कि चोट और कप्तानी गंवाने के बीच सबसे बड़ा झटका कौन-सा था। इसके जवाब में अय्यर ने कहा कि चोट। उन्होंने कहा, 'यह एक बड़ा झटका था। अगर ऐसा नहीं होता तो वे मुझे कप्तान के तौर पर नहीं हटाते। आपने 2021 की शुरुआत में दिल्ली कैपिटल्स में उस माहौल का असर देखा, जिसे हमने 2019 और 2020 में बनाया था। माहौल लाजवाब था। खिलाड़ी एक-दूसरे को बेहद करीब से जानते थे। खिलाड़ियों को ताकत और कमजोरियां पता थीं। मैं इसकी गहराई में नहीं जाना चाहता।'

अय्यर ने आगे कहा कि कभी-कभी चीजें बेहतरी के लिए होती हैं। हमें इसके बारे में बाद में पता चलता है। मैं न्यूजीलैंड में अपनी भूमिका निभा रहा था। मैं वास्तव में खुद पर और अपनी बल्लेबाजी पर आत्मविश्वास महसूस करने लगा था। कप्तान के रूप में आईपीएल में मेरा एक शानदार सीजन रहा था। मैंने लगभग 500 रन बनाए। मैं अच्छे फ्रेम में था और फिर चोट परेशानी खड़ी करने लगी। जबरन लिया हुआ ब्रेक कभी आसान नहीं होता, क्योंकि आपको फिर से शुरुआत करनी होती है।
 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!