ICC T20 World Cup 2022: टी20 वर्ल्‍ड कप का कार्यक्रम जारी हुआ, भारत vs पाकिस्‍तान का मैच 23 अक्‍टूबर को होगा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 21, 2022, 09:26 AM IST

ICC T20 World Cup 2022 schedule: टी20 वर्ल्‍ड कप 2022 की शुरूआत 16 अक्‍टूबर को होगी। भारत और पाकिस्‍तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है। दोनों के बीच 23 अक्‍टूबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर भिड़ंत होगी।

ICC T20 World Cup 2022: टी20 वर्ल्‍ड कप का कार्यक्रम जारी हुआ, भारत vs पाकिस्‍तान का मैच 23 अक्‍टूबर को होगा

ICC T20 World Cup 2022 schedule: आईसीसी टी20 वर्ल्‍ड कप 2022 के कार्यक्रम की घोषणा हो गई है। भारत और पाकिस्‍तान को टूर्नामेंट के ग्रुप 2 में एकसाथ रखा है और इसके अलावा इस ग्रुप में दक्षिण अफ्रीका व बांग्‍लादेश को जगह मिली है। भारत और चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्‍तान के बीच ऐतिहासिक मुकाबला 23 अक्‍टूबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। बता दें कि टूर्नामेंट के शुरूआती 6 दिन यानी 16 से 21 अक्‍टूबर तक टूर्नामेंट के पहले राउंड के मुकाबले खेले जाएंगे। फिर 22 अक्‍टूबर से सुपर 12 चरण के मुकाबले खेले जाएंगे। 

पता हो कि टी20 वर्ल्‍ड कप का आठवां संस्‍करण 16 अक्‍टूबर से शुरू होगा। टूर्नामेंट के मैच कुल सात स्‍थानों एडिलेड, ब्रिस्‍बेन, जिलॉन्‍ग, होबार्ट, मेलबर्न, पर्थ और सिडनी में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का फाइनल मैच 13 नवंबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। सुपर-12 राउंड को दो ग्रुपों में बाटा गया है। ग्रुप-1 में इंग्‍लैंड, ऑस्‍ट्रेलिया, न्‍यूजीलैंड और अफगानिस्‍तान को जगह मिली है। वहीं भारत, पाकिस्‍तान, दक्षिण अफ्रीका और बांग्‍लादेश का ग्रुप-2 में जगह मिली है। 

दोनों ग्रुप में दो-दो टीमें और जुड़ेंगी। यानी सुपर 12 में चार टीमों को प्रवेश मिलेगा, जो कि पहले राउंड में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर होगा। बहरहाल, सुपर 12 का उद्घाटन मैच गत चैंपियन ऑस्‍ट्रेलिया और न्‍यूजीलैंड के बीच 22 अक्‍टूबर को खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें हिस्‍सा लेंगी और 45 मैच खेले जाएंगे।

भारत का टी20 वर्ल्‍ड कप में कार्यक्रम

भारत को टी-20 वर्ल्ड कप में ग्रुप-2 में रखा गया है। भारत के साथ इस ग्रुप में पाकिस्‍तान, बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका भी शामिल है। भारतीय टीम अपना दूसरा मैच ग्रुप एक के उपविजेता के साथ 27 अक्टूबर को खेलेगा। इसके बाद 30 अक्टूबर को भारत को अपना तीसरा मैच दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलना है। यह मैच पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत इसके बाद 2 नवंबर को एडिलेड के ओवल में बांग्लादेश के खिलाफ मैदान पर उतरेगा। आखिरी ग्रुप चरण में उसका मुकाबला 6 नवंबर को एमसीजी में ग्रुप बी की विजेता टीम से होगा। 

कब होगा फाइनल

टी20 वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफाइनल मैच 9 और 10 नवंबर को खेले जाएंगे। वहीं, 13 नवंबर को मेलबर्न में इसका फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

टी20 वर्ल्ड कप 2022 में भारत के मुकाबले 

भारत बनाम पाकिस्तान, मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड, 23 अक्टूबर

भारत बनाम ग्रुप ए उपविजेता, सिडनी क्रिकेट ग्राउंड, अक्टूबर 27

भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, पर्थ स्टेडियम, 30 अक्टूबर

भारत बनाम बांग्लादेश, एडिलेड ओवल, 2 नवंबर

भारत बनाम ग्रुप बी की रनर अप टीम, मेलबर्न, 06 नवंबर

बता दें कि ऑस्‍ट्रेलिया को 2021 टी20 वर्ल्‍ड कप की मेजबानी करना थी, लेकिन उसने भारत के साथ अधिकारों की अदला-बदला की थी क्‍योंकि टूर्नामेंट का 2020 संस्‍करण कोविड-19 महामारी के कारण रद्द हो गया था। बीसीसीआई ने फिर 2021 टी20 वर्ल्‍ड कप का आयोजन यूएई में कराया जबकि क्रिकेट ऑस्‍ट्रेलिया को स्‍थगित टी20 वर्ल्‍ड कप को 2022 में दोबारा तैयार कराया।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!